Home Blog Page 292

Bhagalpur News: हादसे में जवान बेटे की मौत, शव के कागजात के लिए मायागंज अस्पताल में परिजन दर-दर भटके

0

परिजनों ने लगाया दलाली का आरोप, पांच घंटे तक नहीं मिली प्रशासनिक मदद

भागलपुर शहर के बायपास थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सूरज कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सूरज मंगलवार की शाम अपने मामा के घर से लौट रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मायागंज अस्पताल भेज दिया। बुधवार सुबह जब परिजनों को जानकारी मिली, तो वे अस्पताल पहुंचे, जहां सूरज का शव अज्ञात हालत में पड़ा हुआ मिला।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया में लापरवाही और दलाली का आरोप

परिजन जब शव की पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू करवाने के लिए बरारी थाना कैंप पहुंचे, तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि “बड़ा बाबू नहीं हैं, उनके आने पर ही कागज मिलेगा।” इस बीच परिजनों ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति दलाल के रूप में आया और कहा:

“₹10,000 दीजिए, तुरंत कागज बनवा देंगे।”

परिजनों का कहना है कि वे पिछले पांच घंटे से मायागंज अस्पताल परिसर में चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई अधिकारी मदद के लिए आगे नहीं आया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के मामा प्रकाश साह ने बताया कि सूरज अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और उसकी मौत ने पूरे परिवार को विक्षिप्त और असहाय बना दिया है। उन्होंने प्रशासन से इस व्यवस्था में सुधार की मांग की है ताकि भविष्य में किसी शोकग्रस्त परिवार को इस तरह की जिल्लत ना झेलनी पड़े।

सवाल खड़े करती है व्यवस्था

एक ओर सरकार सड़क दुर्घटनाओं और अस्पतालों में पारदर्शिता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में प्रशासनिक लापरवाही और दलाली की शिकायतें सवाल खड़े करती हैं। जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी तत्परता से संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

बांका में 1341 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

0

15 लाख रुपये की अवैध शराब झारखंड से लाई जा रही थी बिहार, पुलिस ने हाईवा गाड़ी से की जब्ती

Banka News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों की कोशिशें जारी हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते लगातार कार्रवाई हो रही है। इसी कड़ी में बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 1341 लीटर झारखंड निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक हाईवा गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तहखाने से भारी मात्रा में शराब मिली। वाहन के साथ मौजूद दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि यह शराब झारखंड से बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही थी।

वाहन को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस मामले में पुलिस को एक बड़े शराब तस्करी गिरोह के तार मिलने की आशंका है।

बौंसी थाना के इंस्पेक्टर राज रतन ने जानकारी देते हुए कहा:

“शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा है। जिस तरीके से शराब को छुपाया गया था, उससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित तस्करी गिरोह की हरकत है।”

पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया बापू टावर के नवनिर्मित प्रशासनिक कार्यालय का उद्घाटन

0

बापू टावर में गांधीजी के विचारों और जीवन दर्शन का अद्भुत समावेश, नई पीढ़ी को मिलेगा प्रेरणा का स्रोत

पटना: मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने शुक्रवार को गर्दनीबाग स्थित बापू टावर के छठे तल पर नवनिर्मित प्रशासनिक कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने टावर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बापू टावर के भूतल पर निर्मित ओरिएंटेशन हॉल, तीसरे और पांचवें तल की थीम आधारित दीर्घाओं तथा पांच रैम्पों का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने गांधी जी के जीवन से जुड़ी घटनाओं को चित्रों, म्यूरल, कटआउट्स और स्क्रीन प्रोजेक्शन के माध्यम से प्रदर्शित प्रदर्शनों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेक्षागृह, प्रतीक्षालय, रिसर्च सेंटर, आगंतुक सुविधाओं और बापू के विचारों पर आधारित प्रदर्शनी दीर्घाओं को भी देखा और सराहा। उन्होंने कहा:

“बापू टावर अत्यंत भव्य और प्रेरणादायी परिसर है। यहां गांधीजी के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को देखकर लोग खासकर नई पीढ़ी काफी कुछ जान और समझ सकेगी। यह स्थान दर्शनीय होने के साथ ही एक जीवंत शिक्षण केंद्र भी है।”

मुख्यमंत्री ने परिसर की हरियाली और सुव्यवस्थित संरचना की प्रशंसा करते हुए इसके निरंतर रखरखाव पर भी बल दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों से बातचीत की और उन्हें गांधीजी के जीवन से सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों से कहा:

“आप सब बापू टावर को ध्यान से देखिए और समझिए कि बापू ने देश और समाज के लिए क्या किया। यह स्थान आपके लिए एक जीवंत पाठशाला जैसा है।”

उद्घाटन और निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, भवन निर्माण विभाग के सचिव  कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक  कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भागलपुर को मिलेगा नया अंतरराज्यीय बस अड्डा, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू

0

भागलपुरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात आने वाली है। मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के अनुरूप, भागलपुर में एक नया अंतरराज्यीय बस अड्डा निर्माण की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सरकारी जमीन का हस्तांतरण भी प्रगति पर है।

कहाँ बन रहा है नया बस अड्डा?

नया बस अड्डा गोराडीह अंचल के अगरपुर राजस्व मौजा (खाता सं. 1230) में बनाया जाएगा। प्रस्तावित कुल भूमि 15.05 एकड़ है, जिसमें:

  • रैयती भूमि: 10.58 एकड़
  • सरकारी भूमि: 4.47 एकड़

कितनी लागत होगी?

भूमि अधिग्रहण के लिए ₹11.66 करोड़ (₹11,66,36,000) की राशि को नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना द्वारा स्वीकृत किया गया है। यह राशि जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को बैंक ट्रांसफर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

क्या कार्रवाई हुई है अब तक?

  • सरकारी भूमि का मुफ्त अंतर्विभागीय हस्तांतरण किया जा रहा है।
  • रैयती भूमि के अधिग्रहण के लिए औपचारिक अधियाचन की प्रक्रिया चल रही है।
  • गोराडीह अंचल कार्यालय भूमि चिह्नांकन और संबंधित कागजी प्रक्रिया पर कार्य कर रहा है।

क्या होगा लाभ?

इस नये बस अड्डे से:

  • अंतरराज्यीय यात्राओं के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी
  • यातायात का दबाव कम होगा
  • स्थानीय व्यापार और रोजगार को मिलेगा नया विस्तार

भागलपुर को बेहतर परिवहन और आधुनिक अधोसंरचना की ओर ले जाने वाला यह कदम जिले के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Bihar News: गांधी मैदान में लगेगा सनातन आस्था का विराट संगम, महाकुंभ की तैयारियों को लेकर हिंदू संगठनों की समीक्षा बैठक आयोजित

0

पटन:  राजधानी पटना स्थित गांधी मैदान में 6 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य ‘सनातन महाकुंभ’ की तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आज गांधी मैदान पर हिंदूवादी संगठनों की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन श्री राम कर्मभूमि न्यास के तत्वावधान में और संरक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस महाकुंभ में देशभर के प्रमुख संत-महात्माओं की उपस्थिति दर्ज होगी। कार्यक्रम में पद्मभूषण जगतगुरु रामभद्राचार्य की अध्यक्षता रहेगी।

संतों की होगी दिव्य उपस्थिति

अब तक जिन संतों ने इस आयोजन में सम्मिलित होने की स्वीकृति दी है, उनमें शामिल हैं:

  • ज्ञानानंद जी महाराज
  • विशाखा शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री स्वरूपानंदेन्द्र सरस्वती
  • जगतगुरु अनंताचार्य जी महाराज
  • महामंडलेश्वर अरुण अवधूत गिरी
  • महामंडलेश्वर कैलसानंद गिरी
  • महामंडलेश्वर यतींद्र आनंद गिरी
  • बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
    तथा अन्य कई संतों की स्वीकृति प्राप्त होने की प्रक्रिया जारी है।

गांधी मैदान पर तैयार हो रहा है विशाल जर्मन हैंगर

कार्यक्रम स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर लगाया जा रहा है ताकि हजारों श्रद्धालुओं की एक साथ भागीदारी सुनिश्चित हो सके। सुरक्षा, चिकित्सा, भोजन एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक रणनीति बनाई।

प्रमुख आयोजक एवं समन्वयक रहे उपस्थित

आज की बैठक में हिंदू पुत्र संगठन, परशुराम सेवा संघ, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा, चाणक्य विकास मोर्चा, अटल विचार परिषद सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मौके पर कार्यक्रम प्रभारी अभिजीत कश्यप, विद्याधर पाठक, अर्जित शाश्वत चौबे, रजनीश तिवारी, अविरल चौबे, नागेश सम्राट, डॉ. अजय प्रकाश, बृजेश मिश्रा, विनोद ओझा, अमरेंद्र त्रिपाठी, रवि शांडिल्य, विवेक राज सहित कई आयोजन समिति सदस्य उपस्थित रहे।

व्यवस्था में कोई चूक नहीं होगी: आयोजन समिति

बैठक में तय किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाएं, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण व पंडाल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शादी समारोह में करंट की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, खुशी का माहौल पलभर में बदला मातम में

0

भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगोता शाहजंगी मैदान में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज कुमार मंडल के रूप में हुई है।

घटना उस वक्त हुई जब नीरज अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने पहुंचा था। जानकारी के अनुसार, अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और बारिश से पंडाल को बचाने के लिए नीरज छत पर चढ़कर तिरपाल को ठीक करने लगा। इसी दौरान पंडाल में कहीं से हाईटेंशन वायर के संपर्क में करंट आ गया, जिसकी चपेट में नीरज भी आ गया।

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों ने नीरज को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अफसोस कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद शादी समारोह का पूरा माहौल गम में बदल गया। खुशियों से भरी रात अचानक मातम में डूब गई।

इलाके में शोक की लहर, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पंडाल में करंट किस तरह दौड़ा और वायरिंग में लापरवाही हुई थी या नहीं।

Bihar News: “पोल बहिष्कार नहीं, हर वोट जरूरी”: मुख्य सचिव ने दिया शून्य बहिष्कार का लक्ष्य, अधिकारियों को चेताया

0

पटना: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और 100% भागीदारी वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा ने गुरुवार को भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। पटना स्थित मुख्य सचिवालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, निर्वाचन एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मतदान केंद्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सूची अद्यतन, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन और जन जागरूकता अभियान की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव का निर्देश: “जहां भी पोल बहिष्कार की आशंका हो, पहले से जानिए कारण, फिर करें समाधान”

मुख्य सचिव ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बार चुनाव में एक भी पोलिंग बूथ पर बहिष्कार न हो, इसका विशेष प्रयास किया जाए। जिन क्षेत्रों में पिछली बार बहिष्कार की स्थिति थी, वहां समय रहते लोगों से संवाद कर कारणों को दूर किया जाए। सभी जिलाधिकारियों को क्षेत्रीय मुद्दों की पहचान कर उन्हें समय रहते हल करने के निर्देश दिए गए।

बॉर्डर चेकिंग और आर्म्स वेरिफिकेशन पर फोकस

मीणा ने राज्य के सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्टों को पूरी तरह सक्रिय करने, वाहनों की गहन जांच शुरू करने और आर्म्स होल्डरों के घर जाकर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराने का आदेश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को अपराधियों की सूची तैयार करने, हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी और स्पीडी ट्रायल मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की दो टूक: “प्रचार को घर-घर और गली-गली तक ले जाएं”

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों को समय पर भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने शहरी इलाकों में कूड़ा गाड़ियों पर जिंगल चलाकर प्रचार, पोस्टर, पंपलेट और माइकिंग जैसे माध्यमों से मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।

डीजीपी का निर्देश: “हर थाना रहे अलर्ट, चुनावी सुरक्षा हो अभेद्य”

डीजीपी विनय कुमार ने राज्य के सभी थानों को चुनाव के दौरान हाई अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। अपराधियों पर शिकंजा कसने, आर्म्स एक्ट मामलों का त्वरित निपटारा और प्रत्येक थाना स्तर पर खुफिया सूचना तंत्र को सक्रिय रखने का आदेश दिया गया।

Education News: “टीचर ऑफ द मंथ” का सम्मान अर्जुन केशरी को, नवाचार और समर्पण की हुई सराहना

0

भागलपुर बिहार शिक्षा विभाग द्वारा “टीचर ऑफ द मंथ” के रूप में भागलपुर जिले के प्राथमिक विद्यालय लोदीपुर, खरीक के शिक्षक अर्जुन केशरी को मई 2025 के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षण में अपनाई गई रचनात्मक तकनीकों और छात्रों के प्रति समर्पण के लिए दिया गया।

खेल और कला के जरिये पढ़ाई को बनाया रोचक
अर्जुन केशरी पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ खेल, गीत, नृत्य और गतिविधि-आधारित शिक्षण को अपनाते हैं, जिससे बच्चों की रुचि और उपस्थिति दोनों में सुधार हुआ है। गणित, हिंदी और अंग्रेज़ी जैसे विषयों को वे आसान और मजेदार तरीके से सिखाते हैं।

राज्य स्तरीय मान्यता
अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशक द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र उन्हें भेजा गया है। “टीचर ऑफ द मंथ” योजना के तहत राज्य भर से चुने गए शिक्षकों को नवाचार के लिए सम्मानित किया जाता है।

विद्यालय में जश्न का माहौल
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में उत्सव का माहौल है। प्रधानाध्यापक हीरा पासवान समेत सभी शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। शिक्षक अर्जुन केशरी ने कहा, “यह सम्मान मुझे बच्चों के लिए और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। मेरी असली ऊर्जा बच्चों की जिज्ञासा और मुस्कान है।”

Bhagalpur News: शांतिपूर्ण मोहर्रम आयोजन को लेकर समीक्षा भवन में प्रशासनिक बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

0

मोहर्रम के अवसर पर भागलपुर में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में मोहर्रम कमेटी एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त शुभम कुमार, यातायात डीएसपी आशीष सिंह और सिटी डीएसपी अजय चौधरी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम के आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। साफ-सफाई, जल निकासी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए प्रत्येक चौक-चौराहे पर दंडाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, जुलूस के मार्गों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखते हुए मोहर्रम में भाग लें और किसी भी अफवाह से बचें। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अशांति फैलाने की कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भागलपुर में अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर ज़ोर

0

भागलपुर स्थित सर्किट हाउस में आज अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता विभाग के अपर सचिव जेड हसन ने की। इस बैठक का उद्देश्य था – बिहार सरकार द्वारा संचालित अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और यह सुनिश्चित करना कि इन योजनाओं का लाभ वास्तव में लक्षित वर्ग तक पहुँच रहा है या नहीं।

बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन की गुणवत्ता, जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियाँ और उनके संभावित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। श्री हसन ने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि “कल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक मानी जाएंगी जब उनका लाभ वास्तविक रूप से ज़रूरतमंद समुदायों तक पहुँचे।”

बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक मनीष कुमार, सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष  मजहर अख्तर शकील, अल्पसंख्यक छात्रावास के अधीक्षक, और कई विभागीय पदाधिकारी शामिल हुए। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में योजनाओं की स्थिति की जानकारी साझा की और कार्यान्वयन से जुड़े अनुभवों को रखा।

बैठक में निम्न बिंदुओं पर विशेष फोकस रहा:

  • अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति
  • छात्रावास सुविधाओं की स्थिति
  • अल्पसंख्यक समुदाय के लिए स्वरोजगार योजनाओं का लाभ वितरण
  • वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और प्रबंधन की वर्तमान स्थिति

श्री हसन ने यह भी निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं की जानकारी अल्पसंख्यक समुदाय के हर व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर जाकर वास्तविक स्थिति की मॉनिटरिंग करने का भी सुझाव दिया।

अंततः बैठक का मुख्य संदेश यह रहा कि सरकारी योजनाएं सिर्फ आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि उसका असर समाज के उस तबके पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे जो इनका वास्तविक हकदार है।