Home Blog Page 268

सावन की तीसरी सोमवारी पर अजगैबीनाथ धाम से लाखों कांवरिए गंगा जल लेकर रवाना

0

सुल्तानगंज (भागलपुर): सावन के पावन माह में श्रद्धा और आस्था का विशाल जनसैलाब रविवार को देखने को मिला, जब तीसरी सोमवारी के अवसर पर अजगैबीनाथ धाम से लाखों डाक कांवरिया और बोल बम कांवरिया उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर गंगाजल लेकर देवघर स्थित बैधनाथ धाम के लिए रवाना हुए।

पूरे क्षेत्र में “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे अजगैबीनाथ नगरी भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आई।

महागठबंधन प्रत्याशी ने कांवरियों को बांटे फल

इस मौके पर राजद नेता सह महागठबंधन के संभावित विधायक प्रत्याशी रामचन्द्र चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ एक नि:शुल्क कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया, जहां हजारों डाक कांवरियों और बोल बम कांवरियों के बीच फल (विशेष रूप से केला) और फ्रूटी का वितरण किया गया।

रामचन्द्र चौधरी ने इस अवसर पर बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना की कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बने और तेजस्वी प्रसाद यादव राज्य के मुख्यमंत्री बनें, ताकि बिहार के लोगों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय नेताओं ने दिया सेवा का संदेश

इस शिविर में राजद नेत्री डॉ. नैनिका, किरण भारती और मंजीत ठाकुर भी उपस्थित थीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेवा शिविर के माध्यम से हजारों कांवरियों की सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कांवरियों ने भी शिविर की व्यवस्था की सराहना करते हुए “हर हर महादेव” के जयघोषों के साथ आभार प्रकट किया।

प्रशासन ने की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था

इस अवसर पर जिला प्रशासन ने कांवरियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस बल, महिला सुरक्षा कर्मी एवं सैफ के जवान तैनात किए गए हैं ताकि कांवरियों को कोई परेशानी न हो।

बकायेदार को भेजा गया दीवानी जेल, ₹9.76 लाख की बकाया वसूली को लेकर कार्रवाई

0

भागलपुर: भागलपुर में बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन-सह-नीलामपत्र पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने ₹9.76 लाख की बकाया वसूली के संबंध में एक देनदार को दीवानी जेल भेजने का आदेश जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चन्द्रशेखर प्रसाद सिंह, पिता-स्व. रामानंद सिंह, निवासी शाहपुर, पोस्ट-हरिदासपुर, थाना-नाथनगर, जिला-भागलपुर के विरुद्ध नीलामपत्र वाद संख्या 18/2019-20 एवं 17/2019-20 के अंतर्गत कुल ₹9,76,424 की राशि बकाया थी। इस संबंध में दिनांक 17 एवं 19 जुलाई 2025 को न्यायालय द्वारा Body Warrant जारी किया गया था।

आज दिनांक 27 जुलाई 2025 को थाना प्रभारी, नाथनगर द्वारा  चन्द्रशेखर प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के समक्ष उन्होंने न तो बकाया राशि चुकाई और न ही ऐसा कोई समाधान प्रस्तुत किया जिससे उन्हें हिरासत से मुक्त किया जा सके।

इस पर न्यायालय ने उन्हें शहीद जुब्बा सहनी केन्द्रीय कारा (दीवानी जेल), भागलपुर भेजने का आदेश दिया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि उन्हें अधिकतम 31 अक्टूबर 2025 तक या तब तक हिरासत में रखा जाएगा जब तक वे संबंधित अधिनियम की धारा 40 या 41 के अंतर्गत छूट के पात्र नहीं हो जाते।

इसके अतिरिक्त, न्यायालय ने आदेशित किया है कि हिरासत अवधि के दौरान देनदार को प्रतिदिन ₹94 की दर से मासिक निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

भतोंधा हॉल्ट स्टेशन का शिलान्यास, गोड्डा-पोड़ैयाहाट खंड में यात्री सुविधा को मिलेगी नई दिशा

0

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत गोड्डा और पोड़ैयाहाट स्टेशनों के बीच प्रस्तावित भतोंधा हॉल्ट स्टेशन का शिलान्यास आज एक विशेष समारोह में किया गया। यह कार्यक्रम सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

मंडल रेल प्रबंधक  मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि भतोंधा हॉल्ट स्टेशन दुमका और गोड्डा की दिशा में संचालित सभी ट्रेनों के लिए एक ठहराव बिंदु के रूप में कार्य करेगा। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को निकटतम स्थान पर सुविधाजनक रेल सेवाएं प्राप्त होंगी।

सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि यह नया हॉल्ट स्टेशन न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि करेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, शिक्षा और आवागमन को भी बेहतर बनाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी रेल पर निर्भरता और अधिक मजबूत होगी।

छह करोड़ से अधिक की लागत से होगा निर्माण

भतोंधा हॉल्ट स्टेशन का निर्माण लगभग 6.79 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके लिए एक विस्तृत विकास योजना तैयार की गई है, जिसमें निम्नलिखित सुविधाएं शामिल हैं:

  • एक हजार वर्ग फुट का प्रतीक्षालय (टाइलयुक्त फर्श सहित)
  • उच्च स्तरीय प्लेटफार्म (10 मीटर चौड़ा, 8 मीटर तटबंध पर)
  • टिकट काउंटर और पृथक शौचालय
  • ओवरहेड पानी की टंकी के साथ बोरिंग
  • चार पेयजल बूथ, दस शेड बेंच और छह गार्डन बेड
  • कंक्रीट एप्रोच रोड और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण
  • बीस सीलिंग फैन और छियालीस प्रकाश पोल

स्थानीय जनता में उत्साह

शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति देखी गई, जिन्होंने इस विकास कार्य के प्रति प्रसन्नता और समर्थन जताया। यह हॉल्ट स्टेशन गोड्डा-पोड़ैयाहाट खंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करेगा।

यह रिपोर्ट पूर्व रेलवे, मालदा मंडल की ओर से जारी की गई है।

भागलपुर के अलीगंज में 89 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक कृषि बाजार समिति परिसर

0

भागलपुर, 26 जुलाई 2025: जिले के कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने और किसानों को एक संगठित व्यापारिक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अलीगंज स्थित बागबाड़ी को बाजार समिति के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के प्रथम चरण में लगभग ₹89 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मंडी परिसर का निर्माण किया जाएगा।

मंडी में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित बाजार समिति में निम्नलिखित संरचनाएं और सुविधाएं विकसित की जाएंगी:

  • चौड़ी सड़कों की सुविधा जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।
  • अलग-अलग सेक्टर में सब्जी मंडी, फल मंडी, आलू-प्याज बिक्री केंद्र।
  • भंडारण गृह (गोदाम), कैंटीन, और दुकानों का निर्माण।
  • चारों ओर चहारदीवारी, ड्रेनेज व्यवस्था, और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था।

जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण और नक्शे का अवलोकन

इस परियोजना की प्रगति को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आज बागबाड़ी स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कृषि विभाग के पदाधिकारी, पुल निर्माण निगम के अभियंता, और कृषि विभाग के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ निर्माण स्थल पर प्रस्तावित मैप (नक्शा) का बारीकी से अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा:

“इस बाजार समिति को एक आधुनिक और बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध हों।”

अधिकारियों की उपस्थिति

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता  जतिन कुमार भी उपस्थित रहे और उन्होंने निर्माण कार्यों की तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की।

भागलपुर में कृषि योजनाओं की प्रगति को लेकर उपमुख्यमंत्री व ने की समीक्षा बैठक, दिए कई अहम निर्देश

0

भागलपुर, 26 जुलाई 2025:  समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में बिहार सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री  विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न कृषि, सिंचाई, बिजली, खाद-बीज, पशुपालन एवं खनन विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

कृषि योजनाओं की समीक्षा

बैठक की शुरुआत में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।

  • मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत 431 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 228 आवेदन स्वीकृत एवं 65 नलकूप अधिष्ठापित किए गए हैं।
  • हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना के अंतर्गत 62 नलकूपों को अनुदान स्वीकृत।
  • जल-जीवन-हरियाली अभियान 2023-24 में कुल 13 योजनाएं शामिल हैं।
  • हर खेत बिजली योजना के तहत 20,734 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 19,555 को स्वीकृति एवं कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

कोल्ड स्टोरेज में बिजली दरों में राहत उपमुख्यमंत्री ने कोल्ड स्टोरेज में बिजली दरों को लेकर जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि पहले 8.50 रुपये प्रति यूनिट बिजली की दर थी, जिसे अब सरकारी सब्सिडी के माध्यम से 55 पैसे प्रति यूनिट कर दिया गया है।

धान अधिप्राप्ति में 83% लक्ष्य प्राप्त

  • धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य: 50,731 मीट्रिक टन
  • क्रियाशील समितियाँ: 118
  • ऑनलाइन निबंधित किसान: 15,918
  • संलग्न किसान: 6,698
  • अब तक अधिप्राप्त धान: 42,196.37 एमटी
  • प्राप्ति दर: 83%
  • वितरित राशि: ₹9.70 करोड़

गेहूं अधिप्राप्ति पर चर्चा के दौरान बताया गया कि बाजार दर अधिक होने के कारण मात्र 35 क्विंटल गेहूं की खरीद संभव हो सकी है।

उर्वरक, बीज और कीटनाशकों की स्थिति

  • भागलपुर में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जबकि डीएपी की थोड़ी कमी है, जिसकी भरपाई का आश्वासन उपमुख्यमंत्री ने दिया।
  • थोक उर्वरक विक्रेता: 28, खुदरा विक्रेता: 616
  • बीज विक्रेता: 675, कीटनाशी दवा विक्रेता: 155
  • नमूना संग्रह (उर्वरक): 160 (लक्ष्य 180)
  • बीज नमूना संग्रह: 322 (लक्ष्य 312), मानक नमूने: 25
  • बीज वितरण: लक्ष्य 2402.48 क्विंटल के विरुद्ध 99.40% उपलब्धि

पशुपालन और सेवाएं

जिले में 40 पशु चिकित्सालय कार्यरत हैं। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पशु चिकित्सकों के मोबाइल नंबर पंचायत सरकार भवन में प्रदर्शित किए जाएं ताकि पशुपालकों को जानकारी मिलने में सुविधा हो।

मापतौल, खनन और जनवितरण प्रणाली पर विशेष निर्देश

  • मापतौल विभाग को निर्देशित किया गया कि दुकानों में मापतौल और दर की जांच सुनिश्चित हो।
  • श्रावणी मेला में दुकानों की अनिवार्य जांच तथा जनवितरण प्रणाली में छापेमारी के आदेश दिए गए।
  • मापतौल पदाधिकारी द्वारा अधूरी जानकारी दिए जाने पर उन्हें भविष्य में तैयार होकर आने का निर्देश दिया गया।
  • खनन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 9 घाटों में से 4 का बंदोबस्ती हो चुका है। उपमुख्यमंत्री ने बड़े प्रोजेक्टों की जांच और सतत निगरानी के निर्देश जिला पदाधिकारी को दिए।

कारगिल विजय दिवस पर भाजयुमो के नेतृत्व में निकाली गई भव्य मशाल यात्रा, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

0

भागलपुर: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा एक भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष आशीष पांडे ने किया, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार के सान्निध्य में यह आयोजन संपन्न हुआ।

मशाल यात्रा में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देश के वीर शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सोलंकी डिफेंस एकेडमी के निदेशक और सर्जिकल स्ट्राइक में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके पारा कमांडो रंजीत सिंह सोलंकी ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा, “आज यदि देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं तो वह केवल हमारे वीर सैनिकों की तत्परता और बलिदान के कारण संभव हो सका है। हमें उनका सदैव ऋणी रहना चाहिए।”

भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष पांडे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा को देश के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

विशिष्ट उपस्थिति

कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख नाम हैं:

  • पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी रोहित पांडे
  • प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा
  • विधानसभा प्रभारी प्राणिक बाजपेई
  • कार्यक्रम प्रभारी रोशन सिंह
  • योगेश पांडे, नितेश सिंह, अभिनव सिंह, सरस्वती कुमार, दिलीप मिश्रा, चंदन पांडे, रूपेश सिंह राठौड़, ओमप्रकाश मंडल, नंदकिशोर हरि, मंडल अध्यक्ष उमा भूषण, सुधीर भगत, प्रदीप जैन, निरंजन सिंह आदि।

कार्यक्रम का संचालन ठाकुर मोहित सिंह ने कुशलतापूर्वक किया।

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि और सम्मान समारोह

मशाल यात्रा के समापन पर सभी लोग  शहीद कैप्टन निर्भय कुमार सिंह के शहीद स्मारक पर एकत्र हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही देश सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए पारा कमांडो रंजीत सिंह सोलंकी एवं  सुबोध पांडे को सम्मानित किया गया।

कारगिल विजय दिवस पर तिलकामांझी चौक में युवाओं ने कैंडल जलाकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

0

भागलपुर: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर युवा एकता सामाजिक संगठन द्वारा शनिवार शाम तिलकामांझी चौक पर वीर जवानों की शहादत को नमन करते हुए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाकर देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम संध्या 6:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें तिलकामांझी स्मारक स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने कहा,

“यह दिन हमारे सैनिकों की बहादुरी, बलिदान और पराक्रम को याद करने का दिन है। देश सेवा सबसे बड़ा धर्म है और युवाओं को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।”

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री वीरेंद्र कुमार, निशांत कुमार, आशीष पांडेय, अंकित पांडेय, सचिव विपुल मिश्रा, विश्वजीत तिवारी, शोक कुमार, हरेंद्र कुमार, युवा नेता अभिषेक कुमार, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद आसिफ, महेंद्र पासवान, गुलशन कुमार, विभूति कश्यप, अमिताभ सिंह, अशोक सिंह, हरमन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और शहीदों के त्याग को जन-जन तक पहुंचाना था। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों ने यह संदेश दिया कि देश के लिए जान कुर्बान करने वाले सैनिक कभी भुलाए नहीं जा सकते।

भागलपुर के ममलखा गांव में गंगा की तबाही, दो साल में 300 घर समाए नदी में

0

भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड स्थित ममलखा गांव में गंगा नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बीते दो वर्षों में यहां 300 से अधिक घर नदी की धारा में समा चुके हैं, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं। अब भी कटाव की रफ्तार थमी नहीं है और ग्रामीण हर रोज अपने घर-ज़मीन को निगलते गंगा के तेज बहाव को लाचार होकर देख रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा कटाव को लेकर समय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। जब हालात भयावह हो चुके हैं, तब भी प्रशासन की ओर से केवल खानापूर्ति की जा रही है। कटाव निरोधी कार्य के नाम पर जियो बैग तो डाले जा रहे हैं, लेकिन उनमें बालू की जगह मिट्टी भरी जा रही है, जिससे उनके प्रभावी होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यों में भ्रष्टाचार और लापरवाही की बू साफ झलक रही है। उनका आरोप है कि यह सब सिर्फ दिखावे के लिए किया जा रहा है, जमीन पर कोई असर नहीं दिख रहा। ग्रामीण भयभीत हैं कि अगर जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो पूरा गांव गंगा में समा जाएगा।

प्रशासन की निष्क्रियता और लचर व्यवस्था के कारण अब यह क्षेत्र मानवीय संकट की ओर बढ़ रहा है। लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से कटाव रोकने के लिए ठोस और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनके आशियाने और भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

400 KM पैदल चलकर अजगैबीनाथ पहुंचीं कुसुम साहू, गौ सेवा और भक्ति का अनूठा संगम

0

सुल्तानगंज/भागलपुर: सावन का महीना आस्था और भक्ति का पर्व माना जाता है, लेकिन इस बार झारखंड के कोडरमा ज़िले की कुसुम साहू ने इसे गौ सेवा और सनातन संस्कृति से जोड़कर एक नई मिसाल पेश की है। कुसुम झुमरीतिलैया से करीब 400 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा कर सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने 21 लीटर गंगाजल से बाबा का जलाभिषेक किया।

इस यात्रा की सबसे खास बात रही कि कुसुम के साथ हर कदम पर थी बाल गोपाल की पीतल की मूर्ति, जो उनके संकल्प, श्रद्धा और सनातन मूल्यों की प्रतीक बनी रही।

अब लक्ष्य बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम
अजगैबीनाथ में जल अर्पण के बाद कुसुम ने एक बार फिर उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाकर 21 लीटर गंगाजल लिया और अब वे बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) होते हुए बासुकीनाथ धाम की ओर लगभग 150 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर निकल पड़ी हैं।

गौ सेवा का संदेश लेकर कर रही पदयात्रा
इस यात्रा के पीछे केवल भक्ति ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी है। कुसुम का कहना है,

“मैं बाबा से यही प्रार्थना करूंगी कि देश का हर सनातनी गौ सेवा को अपनाए और कोई भी गोधन सड़कों पर बेसहारा न दिखे। यह हमारी परंपरा और संस्कृति की रक्षा का सवाल है।”

इस पवित्र उद्देश्य को लेकर उनके पिता भी साथ चल रहे हैं। कोडरमा से कई गौ-सेवक भी इस पदयात्रा से जुड़ चुके हैं, जो रास्ते में लोगों को गौ संवर्द्धन, गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं और राहगीरों में बना आकर्षण का केंद्र
कुसुम की पदयात्रा केवल एक आध्यात्मिक यात्रा नहीं रही, बल्कि हर पड़ाव पर उनकी भक्ति, सरलता और संदेश ने लोगों का दिल जीता। बाल गोपाल की मूर्ति को साथ लेकर चलना हर सनातनी के हृदय में आस्था की लौ को और प्रज्वलित कर रहा है।

चौखंडी पुल निर्माण में देरी से भड़के ग्रामीण, हंगामा कर चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

0

भागलपुर, 26 जुलाई 2025: भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत चौखंडी पुल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण टूटे हुए पुल के पास जमा हुए और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई वैकल्पिक रास्ता या अस्थायी पुल नहीं बनाया गया, तो वे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल बीते वर्ष आई बाढ़ में बह गया था। यह चौखंडी को बाखरपुर, बाबूपुर, झारखंड और कटिहार से जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग था। पुल टूटने के बाद ग्रामीण खेतों के रास्ते से आना-जाना कर रहे थे, लेकिन इस वर्ष की बाढ़ ने वह वैकल्पिक मार्ग भी पूरी तरह बंद कर दिया है।

दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित:
ग्रामीणों ने बताया कि पुल के चारों ओर बाढ़ का पानी भर गया है। इस कारण:

  • बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं
  • शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में भारी दिक्कत
  • जरूरी सामान लाने में परेशानी
  • बीमारों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती

एक ग्रामीण ने बताया, “अब हमें रोजाना 10-12 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। इससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही है।”

प्रशासन से शिकायत, पर समाधान नहीं:
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार प्रखंड स्तर के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवेदन दे चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी उनकी बात तक नहीं सुनते।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा:
“अगर हमारी समस्या नहीं सुनी गई तो इस बार चुनाव में वोट नहीं डालेंगे।”