Home Blog Page 228

सजौर थाना को मिला नया कप्तान : आलोक कुमार ने संभाला कमान

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सजौर थाना में रविवार को आलोक कुमार ने नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रतिनिधियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाओं और बुके भेंट कर स्वागत किया।

आलोक कुमार ने पदभार संभालने के बाद कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस-पब्लिक के सहयोग से थाना क्षेत्र में अमन-चैन और सुरक्षित माहौल कायम रहेगा। साथ ही, जनता से मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने पर जोर दिया।

निवर्तमान थाना प्रभारी सूरज कुमार, जिन्होंने लगभग 21 माह तक सजौर थाना का कार्यभार संभाला, का तबादला बांका जिले में कर दिया गया है। उनके कार्यकाल में पुलिस बल को मजबूती देने और समाज में सकारात्मक योगदान के लिए क्षेत्रवासियों ने उनकी सराहना की। कठिन परिस्थितियों में भी उनके शांत और स्थिर नेतृत्व की चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने सूरज कुमार को विदाई देते हुए उनके कार्यकाल को यादगार बताया और नए थाना प्रभारी आलोक कुमार के कार्यकाल को लेकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

वैशाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध हथियार के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली

0

वैशाली: बिहार पुलिस की सतर्कता और सक्रियता एक बार फिर रंग लाई है। वैशाली जिले के बलिगाँव थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे Preventive Policing अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को चेकिंग के दौरान दो अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रमोद कुमार उर्फ टल्लू और मो० कासिद के रूप में हुई है। तलाशी के क्रम में प्रमोद कुमार के पास से 01 लोडेड देशी पिस्टल, 01 जिंदा कारतूस और 01 मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। समय रहते हुई इस कार्रवाई से संभावित अपराध टल गया।

वैशाली पुलिस की इस सफलता ने न केवल अपराधियों की मंशा पर पानी फेर दिया, बल्कि क्षेत्र में लोगों का पुलिस पर विश्वास भी और मजबूत किया है।

भारतीय गोलकीपर कृष्णन बी पाठक ने पूरे किए 150 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

0

राजगीर: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर कृष्णन बी पाठक ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में जारी हीरो मेंस एशिया कप 2025 के दौरान जापान के खिलाफ मुकाबले में उतरकर उन्होंने अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा किया। इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।

28 वर्षीय पाठक, जो पंजाब के कपूरथला से ताल्लुक रखते हैं, अपनी तेज़ फुर्ती और शानदार बचाव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पहली बार 2016 में लखनऊ में आयोजित एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा बनकर सुर्खियां बटोरी थीं। जनवरी 2018 में जापान के खिलाफ फोर-नेशंस टूर्नामेंट में सीनियर टीम से डेब्यू करने के बाद उन्होंने जल्द ही टीम में अपनी मजबूत जगह बना ली।

पाठक का सुनहरा सफर

पाठक भारत की कई ऐतिहासिक जीतों का हिस्सा रहे हैं—

  • 2018 एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी (संयुक्त स्वर्ण, पाकिस्तान के साथ)
  • 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक
  • 2023 और 2024 की लगातार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी जीत

उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी खूब सराहा गया। वे 2019 और 2022 में हॉकी इंडिया बलजीत सिंह अवार्ड फॉर गोलकीपर ऑफ द ईयर जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्हें 2024 में अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।

पाठक एफआईएच प्रो लीग 2020/21 और 2021/22 में भारत की डिफेंस के अहम स्तंभ बने रहे। उन्होंने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली टीम में भी अहम भूमिका निभाई और एफआईएच ओडिशा मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद महान गोलकीपर पीआर श्रीजेश के संन्यास लेने के बाद से वे भारत के पहले-पसंद गोलकीपर बन गए।

मिली बधाई

अपने माइलस्टोन पर पाठक ने कहा, “भारत का 150 बार प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी का पल है। यह उपलब्धि मेरे कोचों, साथियों और हॉकी इंडिया के सहयोग से संभव हुई है। मेरा फोकस अब टीम की सफलता और आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने पर है।”

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने उन्हें “भारतीय हॉकी का स्तंभ” बताते हुए बधाई दी। वहीं महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि पाठक ने असाधारण समर्पण और धैर्य दिखाया है और उनका यह सफर भारतीय हॉकी के लिए मील का पत्थर है।

जहानाबाद छात्र मौत मामले में परिवहन विभाग सख्त, बस जब्त – सभी निजी स्कूलों की जांच शुरू

0

पटना: बिहार के जहानाबाद में 28 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे में एक छह वर्षीय स्कूली छात्र की मौत के बाद परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में यह पाया गया कि जिस बस से हादसा हुआ, वह सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थी। गंभीर खामियों और नियमों की अनदेखी सामने आने के बाद विभाग ने बस को तुरंत जब्त कर लिया है।

विभागीय जांच में चौंकाने वाले तथ्य

परिवहन विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार, जिस बस से यह हादसा हुआ उसका फिटनेस प्रमाण पत्र फरवरी 2024 में ही समाप्त हो चुका था, बावजूद इसके वाहन का संचालन किया जा रहा था। इतना ही नहीं, चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और अन्य अनिवार्य कागजात भी नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि चालक खतरनाक और लापरवाह तरीके से वाहन चला रहा था।

इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए बस स्वामी और चालक के खिलाफ चालान अधिरोपित किया गया है। साथ ही, मोटरयान अधिनियम (MV Act) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग का सख्त रुख

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। विभाग ने जहानाबाद के जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक को निर्देश दिया है कि वे स्कूल प्रशासन, वाहन स्वामी और चालक समेत सभी जिम्मेदार व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

विभाग ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

जिले के सभी निजी स्कूल जांच के घेरे में

इस घटना के बाद परिवहन विभाग ने जिले के सभी निजी स्कूलों की गहन जांच के आदेश दिए हैं। अब प्रत्येक स्कूली वाहन की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और वैध परमिट की जांच की जाएगी। जिन स्कूलों और वाहनों में खामियां पाई जाएंगी, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

केंद्र का बड़ा फैसला, सहकारी संस्थाओं को मिली मोहलत – 14 सितम्बर तक होगी चावल आपूर्ति

0

पटना: किसानों और सहकारी संस्थाओं को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के अनुरोध पर खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत CMR (चावल) आपूर्ति की अवधि को 14 सितम्बर 2025 तक बढ़ा दिया है। पहले यह समयसीमा 10 अगस्त 2025 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब विस्तार से पैक्स और व्यापार मंडलों को शेष CMR की आपूर्ति पूरी करने का अवसर मिल गया है।

इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा— “भारत सरकार द्वारा CMR आपूर्ति की तिथि 14 सितम्बर 2025 तक बढ़ाना स्वागतयोग्य कदम है। यह निर्णय राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप है और इससे सभी पैक्स एवं व्यापार मंडलों को शत-प्रतिशत अवशेष CMR आपूर्ति करने का अवसर मिलेगा।”

किसानों और समितियों को मिली राहत

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में राज्य के किसानों से 39.22 लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति पैक्स और व्यापार मंडलों द्वारा की गई थी। इसके समतुल्य 26.61 लाख मीट्रिक टन CMR (चावल) की आपूर्ति 10 अगस्त तक राज्य खाद्य निगम को की जानी थी। इनमें से 26.01 लाख मीट्रिक टन (97.8%) CMR की आपूर्ति पहले ही पूरी हो चुकी थी। हालांकि लगभग 60 हजार टन CMR (चावल) की आपूर्ति अब भी शेष थी, जिसमें करीब 900 समितियां शामिल थीं। इन समितियों पर डिफॉल्टर घोषित होने का खतरा मंडरा रहा था।

इसके अलावा सहकारी बैंकों के लगभग 200 करोड़ रुपये पर भी संकट उत्पन्न हो गया था। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा समयसीमा बढ़ाए जाने से किसानों, पैक्स और व्यापार मंडलों को राहत मिली है।

जिलों को निर्देश

सहकारिता विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी किया है कि वे विस्तारित तिथि तक हर हाल में शत-प्रतिशत CMR आपूर्ति सुनिश्चित करें। इस निर्णय से जहां किसानों को उनका भुगतान समय पर मिलने का रास्ता साफ हुआ है, वहीं समितियों और सहकारी बैंकों पर वित्तीय संकट भी टल गया है।

भागलपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार युवक, मौके पर मौत

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के घोंघा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भागलपुर–पीरपैंती मुख्य मार्ग (NH-80) पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान जमसी गांव निवासी रोशन सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सत्येंद्र सिंह राजपूत के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार रोशन अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान NH-80 पर घोंघा थाना क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को जप्त कर लिया है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। रोशन सिंह के चाचा लाल बहादुर सिंह ने बताया कि वह पीरपैंती में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। परिजनों का कहना है कि रोशन मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनकी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और उनकी एक छोटी बच्ची भी है। अचानक हुई इस मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। लोगों ने प्रशासन से NH-80 पर गति नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

बौंसी में आभूषण कारोबारी की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

0

Crime News: बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात अपराधियों ने एक आभूषण कारोबारी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना स्टेशन रोड स्थित बाजार इलाके की है, जहां कारोबारी की दुकान पर ही अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नवीन भुवानियां के रूप में हुई है, जो इलाके के जाने-माने आभूषण कारोबारी थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपराधी अचानक दुकान में घुसे और कारोबारी को नजदीक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नवीन को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल बौंसी रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। व्यापारी वर्ग खासकर दहशत में है और लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।

उधर, पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। बौंसी थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

इस सनसनीखेज हत्या ने बौंसी बाजार में दहशत का माहौल बना दिया है। लोग खुलकर कह रहे हैं कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे दिन-दहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात करने से भी नहीं डर रहे। वहीं मृतक कारोबारी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद व्यापारी संगठनों ने भी सरकार और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

भागलपुर में जीतन राम मांझी की जन समर्थन सभा, बोले– राजनीति में आने का मकसद सिर्फ जनता की सेवा

0

Bhagalpur News: भागलपुर शहर के टाउन हॉल में रविवार को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री व हम पार्टी के राष्ट्रीय नेता जीतन राम मांझी ने जन समर्थन सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक रजक और महानगर अध्यक्ष सनोज यादव ने मंत्री का फूल-माला और अंग वस्त्र पहनाकर जोरदार स्वागत किया। टाउन हॉल परिसर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से खचाखच भरा हुआ था।

सभा को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि राजनीति में आने का उनका कोई व्यक्तिगत शौक या स्वार्थ नहीं था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “मैं राजनीति में केवल जनता की सेवा करने के उद्देश्य से आया हूँ। मेरे जीवन का लक्ष्य हमेशा गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों की आवाज उठाना और उनके विकास के लिए काम करना रहा है।” उन्होंने याद दिलाया कि यही सेवा भावना उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनने तक लेकर आई।

अपने संबोधन में मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनहित को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के क्षेत्र में हो रहे बदलाव का उल्लेख किया और कहा कि इन योजनाओं से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

मांझी ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में विकास कार्यों की रफ्तार और भी तेज होगी। साथ ही, उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों और नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएँ।

सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं, महिला प्रतिनिधियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। जन समर्थन से उत्साहित मंत्री ने कहा कि वे हमेशा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करते रहेंगे।

पटना सिटी में बन रहा 100 बेड का अत्याधुनिक मॉडल अस्पताल, सीएम नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण

0

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मॉडल अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस अस्पताल के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द इसे आम जनता के लिए शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि यह 100 बेड का पांच मंजिला अत्याधुनिक मॉडल अस्पताल होगा, जिसमें मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अस्पताल की संरचना, सुविधाओं और निर्माण प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि यह अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएं ताकि ऊर्जा की बचत हो और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि इस मॉडल अस्पताल के बनकर तैयार होने से पटना सिटी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इलाज में काफी सहूलियत मिलेगी। बेहतर सुविधाओं से गंभीर बीमारियों का उपचार भी आसानी से संभव होगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि मॉडल अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई मिलेगी और यह एक बेहतरीन स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा।

मेघ मल्हार उत्सव 2025 : कथक, लोकधुनों और राजस्थानी सुरों ने बांधा समां

0

पटना। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार और भारतीय नृत्य कला मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्रेमचंद रंगशाला में मेघ मल्हार उत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। सावन की रिमझिम फुहारों और मेघों की गरज के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव ने दर्शकों को कला, संगीत और नृत्य की अद्भुत दुनिया में डुबो दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसे विभाग की सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी, भारतीय नृत्य कला मंदिर की प्रशासी पदाधिकारी सुश्री कहकशाँ, प्रेमचंद रंगशाला की सह-सचिव सुश्री कृति आलोक और संयुक्त सचिव, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग महमूद आलम ने संपन्न कराया। “तमसो मां ज्योतिर्गमय” के उद्घोष के साथ सभागार दिव्यता और आध्यात्मिकता से सराबोर हो उठा।

कथक की मधुरता और सावन की जीवंतता

उत्सव की शुरुआत कटिहार के युवा कथक नर्तक राहुल रजक की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज द्वारा निर्देशित और उनकी ही आवाज में गाए मधुराष्टकं पर भावपूर्ण कथक प्रस्तुत कर कृष्ण की मधुरता का अनुपम चित्रण किया। इसके बाद “घनघोर बादल” की ताल पर राहुल ने सावन की रौनक को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति में उन्होंने कजरी पर कथक का ऐसा प्रयोग किया, जिसमें बादलों की गरज, बिजली की चमक और बारिश की बूंदों की टपकन का सजीव अनुभव दर्शकों को मिला।

राजस्थानी सुरों और लोकनृत्य ने बढ़ाई रौनक

इसके बाद राजस्थान से आए प्रसिद्ध लोकगायक अली खां और उनके दल ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरा माहौल सुरमयी कर दिया। उन्होंने “पधारो मारे देश” जैसे पारंपरिक स्वागत गीत के साथ बिहार की मेहमाननवाजी को और गरिमा दी। दल की प्रस्तुति में “निबुड़ा” और “दमादम मस्त कलंदर” जैसे लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही राजस्थानी लोकनृत्य ने सभागार को उत्सवधर्मी ऊर्जा से भर दिया।

बिहार की लोकधुनों की गूंज

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बिहार की सांस्कृतिक रंगत मंच पर सजी। पूर्णिया से आईं चांदनी शुक्ला और उनकी टीम ने मैथिली कवि विद्यापति की रचनाओं से शुरुआत की और फिर भोजपुरी व मैथिली लोकगीतों की झड़ी लगा दी। उनकी प्रस्तुति ने बिहार की माटी की सुगंध को पूरे सभागार में बिखेर दिया।

इसके अलावा भारतीय नृत्य कला मंदिर के कलाकारों ने हरिहर और श्रीहरि के यशगान पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम का भक्तिमय समापन किया।