Home Blog Page 214

भागलपुर पुलिस की बड़ी सफलता : तीन लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले की पुलिस ने एक साथ तीन लूटकांड का खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। बाईपास थाना, हबीबपुर थाना और कजरेली थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई लूट की घटनाओं में शामिल दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों की पहचान मोहम्मद शब्बीर खान और मोहम्मद जमील आलम के रूप में हुई है।

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बाईपास थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों अपराधियों को दबोच लिया। उनके पास से लूट की घटनाओं में प्रयुक्त बाइक और लूटा गया सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अपराधी लंबे समय से लूट की वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला रहे थे।

पुलिस ने बताया कि बाईपास थाना क्षेत्र के सेंट ऐसा स्कूल के पास, नाथनगर निवासी पंकज कुमार से अपराधियों ने ₹20,000 नगद और जेवरात लूट लिए थे। वहीं, हबीबपुर थाना क्षेत्र में शाहकुंड निवासी संतोष कुमार से मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ₹5000 नकद की लूट की गई थी। तीसरी घटना कजरेली थाना क्षेत्र की है, जहां अमरपुर निवासी रोशन कुमार से अपराधियों ने ₹40,000 नगद, मोबाइल और सोने की अंगूठी छीन ली थी।

इन वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। आखिरकार पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ जारी है। उनसे जुड़े अन्य अपराधियों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई मारपीट में छात्र आयुष की हालत नाजुक, एसएसपी ने कहा जल्द होगी गिरफ्तारी

0

Bhagalpur News: भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार की देर रात दो गुटों के छात्रों के बीच हुए हिंसक झगड़े ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। आपसी विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने छात्र आयुष राज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। फिलहाल आयुष की हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हृदय कांत से मिलने पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर भी छात्रों के साथ मौजूद रहीं। छात्रों का आरोप है कि आयुष पर हमला करने वाले आरोपी छात्र खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर पाई है। उन्होंने एसएसपी से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।

इधर, मामले पर एसएसपी हृदय कांत ने कहा कि औद्योगिक थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना अध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए और जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून अपने तरीके से काम करेगा।

इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी छात्रों द्वारा आयुष की बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद से न केवल कॉलेज बल्कि शहर भर में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग कॉलेज प्रशासन और पुलिस दोनों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। वहीं, पुलिस ने कहा कि अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर कॉलेज कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। छात्रों और अभिभावकों की मांग है कि कॉलेज में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

भागलपुर में वाहन पार्किंग को लेकर दो गुटों में भिड़ंत, लाठी-डंडे से पीटकर युवक को किया गंभीर रूप से घायल

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र के खुटाहा गांव में वाहन पार्किंग को लेकर बड़ा विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते-ही-देखते हिंसक रूप ले लिया और दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, खुटाहा गांव निवासी पवन यादव रोज की तरह अपना टेंपो रंजीत यादव की जमीन के सामने पार्क कर घर जा रहे थे। इस पर रंजीत यादव ने आपत्ति जताई और गाली-गलौज करने लगे। जब पवन यादव ने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि रंजीत यादव अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पवन यादव पर लाठी-डंडे से टूट पड़ा। इस दौरान पवन यादव को सिर में गंभीर चोट आई, उनका हाथ टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में भी चोटें आईं।

घटना को लेकर पवन यादव की पत्नी लूसी देवी ने पुलिस को आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरसिंह यादव के पुत्र सुजीत कुमार, अजीत यादव और देव कुमार यादव ने उनके पति को जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। लूसी देवी का कहना है कि आरोपी अक्सर दबंगई करते हैं और हथियार लेकर इलाके में डर का माहौल बनाते रहते हैं।

इधर, घायल पवन यादव ने भी बताया कि रोजाना की तरह वह टेंपो पार्क कर घर जा रहे थे, तभी रंजीत यादव और उसके दो भाई पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बाईपास थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग विवाद पहले भी कई बार उठा है, लेकिन इस बार मामला खून-खराबे तक पहुंच गया। पुलिस की जांच और कार्रवाई पर अब ग्रामीणों की नजरें टिकी हुई हैं।

भागलपुर में नहर में नहाने के दौरान डूबा वृद्ध , इलाज के दौरान तोड़ा दम

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र के गोरियासी गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। नहर में नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से एक वृद्ध की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान गोरियासी निवासी सिल्लो मंडल (60 वर्ष) के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिल्लो मंडल नहर किनारे स्थित एक पुलिया पर नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। घटना को देखते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उन्हें डूबते हुए देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें पानी से बाहर निकाला।

बेहोशी की हालत में सिल्लो मंडल को तुरंत शाहकुंड रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में करीब तीन दिनों तक इलाज चला, लेकिन सोमवार को उनकी स्थिति और बिगड़ गई। अंततः इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की बेटी सुशीला देवी ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में छह बहनें और तीन भाई हैं। पिता की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुशीला ने रोते हुए कहा कि नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही उनके चाचा सूरज मंडल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से पिता को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन लंबे इलाज के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शाहकुंड थाना अध्यक्ष जगन्नाथ ने पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों और तालाबों में नहाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं होती। अक्सर इसी तरह की घटनाओं में लोग अपनी जान गंवा देते हैं।

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र की बेरहमी से पिटाई, सीसीटीवी फुटेज वायरल

0

भागलपुर : भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में शुक्रवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को दहला दिया। कॉलेज कैंपस के हॉस्टल नंबर चार के गेट पर करीब दर्जनभर छात्रों ने मिलकर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फुटेज में पीड़ित छात्र आयुष राज पांडेय अपनी बाइक पर बैठे नजर आते हैं। इसी दौरान अचानक 10 से 12 छात्र उन्हें चारों ओर से घेर लेते हैं। शुरुआत में कुछ देर कहासुनी होती है, लेकिन बात इतनी बढ़ जाती है कि एक छात्र आयुष के चेहरे पर जोरदार वार कर देता है। इसके बाद लाठी और हॉकी स्टिक से लगातार उन पर हमला शुरू हो जाता है। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आयुष बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ते हैं, लेकिन आरोपी छात्र उन पर लगातार प्रहार करते रहते हैं।

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि आयुष बेहोश होकर फर्श पर गिर जाते हैं, इसके बावजूद हमलावर नहीं रुकते। एक आरोपी तो उन्हें उठाकर सीधा करता है और फिर से लाठी से वार करता है। इस बर्बर हमले में आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पहले भागलपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

इस घटना के बाद पीड़ित छात्र की मां ने जीरोमाइल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, कॉलेज कैंपस में इतनी बड़ी वारदात के बाद भी प्रशासन की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है। आखिर कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? हॉस्टल के भीतर छात्रों का ग्रुप बनाकर खुलेआम हमला करना न सिर्फ कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। लेकिन यह घटना कॉलेज कैंपस की सुरक्षा और छात्रों के बीच बढ़ते गुटबाजी के खतरनाक स्तर की ओर इशारा करती है। छात्र-छात्राओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन को अब ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

विकास मित्रों के लिए ऐतिहासिक पहल : एसबीआई और पीएनबी के साथ समझौता, कॉरपोरेट पैकेज से 9817 विकास मित्र होंगे लाभान्वित

0

पटना, 15 सितंबर: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार ने आज विकास मित्रों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। पटना स्थित अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के सभागार में आयोजित भव्य समारोह में बिहार महादलित विकास मिशन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) एवं पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से राज्य के कुल 9817 विकास मित्रों को कॉरपोरेट पैकेज का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री  जनक राम ने की। इस अवसर पर सचिव, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, मिशन निदेशक, बैंक प्रतिनिधि, जिला कल्याण पदाधिकारी, क्षेत्रीय उपनिदेशक, जिला समन्वयक और बड़ी संख्या में विकास मित्र मौजूद रहे।

दोनों बैंकों के प्रतिनिधियों ने विशेष कॉरपोरेट पैकेज का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस पैकेज में बैंक खाते के साथ बीमा, स्वास्थ्य लाभ, सामूहिक जीवन बीमा, आकस्मिक दुर्घटना बीमा, मृत्यु उपरांत बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएँ शामिल हैं। उपस्थित अतिथियों ने इसे विकास मित्रों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

माननीय मंत्री  जनक राम ने इस अवसर को विकास मित्रों के लिए “सुनहरा अवसर” बताते हुए मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के विकास के लिए कार्य कर रही है। विकास मित्र इन समुदायों तक सरकारी योजनाओं को पहुँचाने में अहम कड़ी हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक सुरक्षा और अतिरिक्त सुविधाएँ देने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह से कार्य करेंगे। मंत्री ने उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं श्री विजय कुमार सिन्हा का भी धन्यवाद किया।

समारोह में आगे की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए सचिव ने निर्देश दिया कि 27 सितंबर से सभी प्रखंडों में कैंप आयोजित कर विकास मित्रों के खातों को इस पैकेज से जोड़ा जाएगा। अंत में मिशन निदेशक ने सभी अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और मीडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि यह पहल अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के सशक्तिकरण को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी भागलपुर को ऊर्जा की नई सौगात, पीरपैंती में 2400 मेगावाट पावर प्लांट का शिलान्यास

0

पूर्णिया/भागलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार को बड़ी सौगात देते हुए भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्लांट का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। पूर्णिया की धरती से वर्चुअल रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भागलपुर समेत पूरे बिहार के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

पीरपैंती में बनने वाले इस पावर प्लांट में 800 मेगावाट क्षमता की तीन इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी। ऊर्जा विभाग के अनुसार, तीन वर्षों के भीतर इन इकाइयों के चालू होने का लक्ष्य तय किया गया है। इस परियोजना से न केवल बिहार बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड और पश्चिम बंगाल को भी पर्याप्त बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा झारखंड और बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस अवसर पर एनडीए के नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

शिलान्यास कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह, जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, कहलगांव के विधायक पवन यादव और पिरपैंती के विधायक ललन पासवान भी मौजूद रहे। अधिकारियों और नेताओं ने इस परियोजना को बिहार के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उनका कहना था कि इस पावर प्लांट के शुरू होने से उद्योग, कृषि और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध होगी।

स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री की इस सौगात का स्वागत किया। उनका कहना था कि बिजली आपूर्ति में मजबूती से रोजगार और उद्योगों को गति मिलेगी। वहीं, कृषि कार्यों में भी आधुनिक तकनीकों का उपयोग आसान होगा।

पीरपैंती का यह पावर प्लांट आने वाले वर्षों में बिहार की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही राज्य के विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा।

ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में चमके चार बिहार बटालियन के कैडेट, कमांडिंग ऑफिसर ने किया सम्मानित

0

Bhagalpur News: चार बिहार बटालियन के कैडेटों ने ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में बेहतरीन प्रदर्शन कर न सिर्फ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि क्षेत्र का नाम भी रोशन किया। इस सफलता पर सोमवार को बटालियन मुख्यालय में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने विजयी कैडेटों को सम्मानित किया।

गौरतलब है कि ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप का आयोजन 2 सितंबर से 12 सितंबर तक दिल्ली में किया गया था। इस कैंप में देशभर के 17 डायरेक्टरेट के कैडेटों ने अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भागलपुर ग्रुप के अंतर्गत आने वाली चार बिहार बटालियन के कई कैडेटों ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कैडेट मनीष कुमार (एसएसवी कॉलेज) और विद्या कुमारी (महादेव सिंह कॉलेज) ने ऑब्सटेकल और टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं केकेएम कॉलेज जमुई के कैडेट प्रशांत कुमार और अर्पित कुमार तथा टीएनबी कॉलेज, भागलपुर के कैडेट रमन सत्यार्थी, संजीव कुमार, तुलसी कुमारी और सोनाली कुमारी ने मैप रीडिंग प्रतियोगिता में अपनी बटालियन का परचम लहराया।

इन सफलताओं के पीछे चार बिहार बटालियन के प्रशिक्षकों का अहम योगदान रहा। कैडेटों को तैयार करने में कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल के साथ सूबेदार गोपाल कृष्ण, बटालियन हवलदार मेजर संजय सिंह, हवलदार हिकमत थापा और जीसीआई पुष्पा कुमारी की विशेष भूमिका रही। प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन से कैडेटों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।

गोष्ठी में कैडेटों को सम्मानित करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल ने कहा कि ऐसे आयोजन कैडेटों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करना किसी भी कैडेट के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य युवा कैडेटों को भी प्रेरणा मिलेगी।

इस मौके पर बटालियन के अन्य अधिकारी और कैडेट भी मौजूद रहे। सभी ने विजेता कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। चार बिहार बटालियन की इस उपलब्धि ने भागलपुर ग्रुप के साथ पूरे बिहार-झारखंड के लिए गौरव का क्षण प्रदान किया है।

दरभंगा में मंत्री पर बरसे तेजस्वी, यूट्यूबर पिटाई मामले को बताया शर्मनाक

0

दरभंगा। बिहार की राजनीति इन दिनों मंत्री जीवेश कुमार और मीडिया विवाद को लेकर गरमाई हुई है। दरभंगा में नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार पर एक यूट्यूबर से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रामपट्टी गांव की है, जहां मंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी ने उनसे क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर सवाल पूछा। आरोप है कि इस सवाल से मंत्री भड़क गए और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान यूट्यूबर के कपड़े फाड़े जाने और चेहरे से खून निकलने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद से इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। वहीं, विपक्ष ने इस मामले को हाथों-हाथ लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद दरभंगा पहुंचे और घायल यूट्यूबर से मुलाकात की। इसके बाद वे उसे साथ लेकर सिंहवाड़ा थाना पहुंचे और मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। तेजस्वी ने सरकार और पुलिस पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की पुलिस कानून से नहीं, बल्कि सरकार और मंत्रियों के निर्देश पर काम करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंत्री को तुरंत हिरासत में नहीं लिया गया, तो दरभंगा में चक्का जाम होगा।

तेजस्वी यादव ने कहा कि पत्रकारों और आम नागरिकों से सवाल पूछने पर उनकी आवाज दबाने का काम हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या आम आदमी की मां, मां नहीं होती? प्रधानमंत्री की मां ही सिर्फ मां होती है? उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री खुद गाली-गलौज और मारपीट में शामिल रहे हैं, लेकिन पुलिस ऊपर के आदेश का इंतजार करती रहती है।

तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि मंत्री जीवेश कुमार पहले भी नकली दवा बेचने के मामले में राजस्थान की अदालत से दोषी करार दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद वे आज भी सुशासन की सरकार में मंत्री बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि दरभंगा एसएसपी इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इस पूरे विवाद ने बिहार की राजनीति में नया तूफान ला दिया है। एक ओर विपक्ष इसे लोकतंत्र और प्रेस की आज़ादी पर हमला बता रहा है, वहीं दूसरी ओर इलाके के लोग मंत्री के व्यवहार को लेकर नाराज़गी जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और सरकार का रुख तय करेगा कि यह मामला आगे कितना तूल पकड़ेगा।

गया पुलिस व CRPF की संयुक्त कार्रवाई: नक्सलियों का छुपाएं गए हथियार बरामद

0

Bihar News: गया पुलिस और CRPF की संयुक्त कार्रवाई में लुदुआ थाना क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छुपाए गए एक देशी अधनिर्मित अवैध हथियार को बरामद किया गया है। यह सफलता पुलिस की सतत निगरानी और विशेष अभियान का परिणाम है, जो नक्सली एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर नक्सली विरोधी विशेष छापेमारी/तलाशी अभियान के क्रम में 13 सितंबर को गया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लुदुआ थाना क्षेत्र के दुसरी जंगल में नक्सलियों की गतिविधियां सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (इमामगंज) और लुदुआ थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने CRPF के सहयोग से असुराईन जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दुसरी गांव के दक्षिण पहाड़ी के पास छुपा कर रखा गया एक अधनिर्मित देशी अवैध हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने इस संबंध में लुदुआ थाना कांड संख्या 27/25, दिनांक 13.09.2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सजगता और प्रतिबद्धता के चलते इस तरह की प्रभावी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।

बरामद सामान

  • अधनिर्मित अवैध हथियार – 01

यह कार्रवाई गया जिले में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार सक्रियता और सख्त रुख को दर्शाती है।