Home Blog Page 209

भजन, भक्ति और भाईचारे का संगम, भागलपुर में एनडीए परिवार का भव्य आयोजन

0

भागलपुर: धार्मिक और सांस्कृतिक एकता के साथ-साथ संगठन की मजबूती का संदेश देने के उद्देश्य से भागलपुर जिला एनडीए परिवार द्वारा शुक्रवार को एक भव्य फलाहार पार्टी सह भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गोनू बाबा धाम, साई विहार फेज-7 परिसर में संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व महानगर जदयू के पूर्व अध्यक्ष सड्डू साई ने किया।

धार्मिक-सांस्कृतिक माहौल में बंधा भाईचारे का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीतों और भजन मंडलियों की मधुर प्रस्तुतियों से हुई। भजनों की सुरमई गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सड्डू साई ने इस अवसर पर कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना है। साथ ही संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी इसका एक अहम मकसद है।

उन्होंने बताया कि जब कार्यकर्ता आपसी सहयोग और आत्मीयता के साथ जुड़ते हैं तो संगठन की नींव और मजबूत होती है। यही कारण है कि एनडीए परिवार ऐसे आयोजनों के जरिए समाज और संगठन दोनों को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है।

फलाहार पार्टी बनी आत्मीयता का माध्यम

भजन संध्या के साथ-साथ आयोजित फलाहार पार्टी ने इस आयोजन की विशेषता को और भी बढ़ा दिया। फलाहार के दौरान आमंत्रितों के बीच आपसी आत्मीयता, भाईचारा और पारिवारिक वातावरण का अनुभव हुआ। सभी ने मिलकर धार्मिक रस्मों के साथ भक्ति संगीत का आनंद लिया और फलाहार में सहभागी बनकर सामाजिक सरोकारों को साझा किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता और अतिथि

इस मौके पर एनडीए के सभी घटक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अनेक सम्मानित अतिथि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और समाज में धार्मिक सौहार्द तथा एकता बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन ने न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को जीवंत किया, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश दिया।

मीडिया की साझेदारी से मजबूत होगा टीकाकरण अभियान, भागलपुर में कार्यशाला आयोजित

0

भागलपुर: स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ और पीसीआई के सहयोग से भागलपुर में “जिला स्तरीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में मीडिया की भूमिका” विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीडिया को टीकाकरण कार्यक्रम की गहन जानकारी देना, जन-जागरूकता को गति देना और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना था।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा —

“नियमित टीकाकरण बच्चों के स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। मीडिया इस संदेश को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।”

बीमारियों से बचाव में टीकाकरण की अहमियत

कार्यशाला में यूनिसेफ और पीसीआई के प्रतिनिधियों ने बताया कि खसरा, पोलियो, डिप्थीरिया और काली खाँसी जैसी बीमारियों को नियमित टीकाकरण से रोका जा सकता है। मीडिया के माध्यम से सही और प्रमाणिक जानकारी जनता तक पहुँचाना बेहद ज़रूरी है ताकि लोग अफवाहों के शिकार न हों।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि मीडिया के सहयोग से “मिशन इंद्रधनुष” जैसे अभियानों को ज़मीनी स्तर पर सफल बनाया जा सका है। उन्होंने कहा कि कई बार गलत धारणाओं के कारण अभिभावक बच्चों को टीका लगवाने से कतराते हैं, ऐसे में मीडिया की सटीक सूचना लोगों का दृष्टिकोण बदल सकती है।

पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सक्रिय भागीदारी

कार्यशाला में स्थानीय पत्रकारों, रेडियो प्रतिनिधियों और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिभागियों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर अभियान चलाएंगे ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक टीकाकरण का संदेश पहुँच सके।

इस अवसर पर अमित कुमार (SMC), सदाबा मलिक (यूनिसेफ) और आनंद कुमार (डीसी पीसीआई) ने कार्यशाला का संचालन किया। साथ ही, पीसीआई के प्रखंड समन्वयक शिवानी कुमारी, सुनील कुमार साह, अभिषेक कुमार और मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।

बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में कदम

कार्यक्रम के समापन पर कामता प्रसाद (पीसीआई) और अमित कुमार (यूनिसेफ) ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि मीडिया और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले में टीकाकरण की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।

वर्ल्ड फूड इंडिया में चमकी भागलपुर की बेटी स्वीटी कुमारी, प्रधानमंत्री मोदी से किया संवाद

0

नई दिल्ली/भागलपुर: भागलपुर की प्रतिभा एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर चमकी है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित वर्ल्ड फूड इंडिया प्रोग्राम में भागलपुर उर्दू बाजार विक्रमशिला कॉलोनी निवासी उद्यमी स्वीटी कुमारी ने न केवल भागलपुर बल्कि पूरे बिहार का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे संवाद किया और उनके उद्यम की सराहना की।

प्रधानमंत्री से विशेष संवाद

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीटी कुमारी से उनके उत्पाद और कंपनी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जब स्वीटी ने बताया कि उनकी कंपनी अंग प्रदेश होम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार सभी उत्पाद पूरी तरह ऑर्गेनिक होते हैं और इन्हें पूरी शुद्धता के साथ उपभोक्ताओं तक पहुँचाया जाता है, तो प्रधानमंत्री ने इसे लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी बताया। उन्होंने स्वीटी कुमारी को और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया और शुभकामनाएँ भी दीं।

पांच उद्यमियों से की बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर देशभर के चुनिंदा पाँच उद्यमियों से संवाद किया। इनमें से बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर स्वीटी कुमारी को मिला। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे भागलपुर जिले और बिहार के लिए गर्व का क्षण है।

जिले के लिए गर्व का विषय

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करना जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। वहीं, उद्योग विभाग की जीएम खुशबू कुमारी ने भी स्वीटी की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले की अन्य महिलाओं और उद्यमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

महिला उद्यमिता की मिसाल

स्वीटी कुमारी ने अपनी मेहनत और समर्पण से अंग प्रदेश होम प्राइवेट लिमिटेड को पहचान दिलाई है। उनका मानना है कि ऑर्गेनिक उत्पाद आज की पीढ़ी के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए आवश्यक हैं। प्रधानमंत्री की सराहना से उन्हें नई ऊर्जा मिली है।

लगातार बाढ़ से त्रस्त भागलपुर, विजय यादव बने बाढ़ पीड़ितों के मसीहा

0

भागलपुर, 24 सितंबर। भागलपुर जिले में लगातार तीन बार आई बाढ़ ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों की कमी के चलते ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में लोजपा रामविलास के प्रदेश सचिव और बांका विधानसभा प्रभारी विजय यादव बाढ़ पीड़ितों के बीच मदद लेकर पहुंचे और मसीहा बनकर उनका साहारा बने।

विजय यादव लगातार पिछले दो महीनों से भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाढ़ प्रभावित लोगों को सुखा राशन और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवा रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने सबौर प्रखंड के फरका पंचायत के घोषपुर में सैकड़ों परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।

ग्रामीणों ने विजय यादव की इस पहल के लिए उनका दिल से आभार जताया और इसे मानवता की एक सच्ची मिसाल बताया। विजय यादव ने कहा कि जब तक बाढ़ प्रभावित लोग पूरी तरह राहत महसूस नहीं कर लेते, तब तक लोजपा रामविलास की ओर से मदद का यह सिलसिला जारी रहेगा।

इस कदम से न केवल ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है, बल्कि प्रशासन और समाज में यह संदेश भी गया कि संकट के समय मानवता और समाजसेवा सबसे महत्वपूर्ण है। विजय यादव की पहल बाढ़ पीड़ितों के लिए उम्मीद और साहस का प्रतीक बनी हुई है।

तीन महीने से लापता बीटेक छात्र राहुल, परिजनों ने दोस्त पर जताया शक; आईजी से लगाई न्याय की गुहार

0

भागलपुर, 24 सितंबर। तातारपुर थाना क्षेत्र के लहेरी टोला निवासी पंकज कुमार साह के पुत्र राहुल कुमार पिछले तीन महीने से लापता हैं। राहुल बीटेक का छात्र था और वह अपने दोस्त विपिन पासवान के साथ भागलपुर से पटना NTPC रेलवे परीक्षा देने निकले थे। लेकिन राहुल न तो परीक्षा केंद्र पर पहुँचा और न ही अब तक घर लौटा, जिससे परिजन चिंतित हैं।

राहुल के पिता प्रकाश कुमार साह ने तातारपुर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि जब राहुल का पता नहीं चला, तो उन्होंने सभी दोस्तों से पूछताछ की। इस दौरान दोस्त विपिन पासवान के जवाब गोलमटोल और संदिग्ध लगे। प्रकाश साह का आरोप है कि उनके बेटे का अपहरण विपिन पासवान ने किया हो सकता है।

पिता ने कहा कि कई बार पुलिस से विपिन पासवान से पूछताछ कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने भागलपुर पुलिस महा निरीक्षक (IG) के कार्यालय पहुंचकर आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके बेटे की बरामदगी नहीं हुई और न्याय नहीं मिला, तो वे आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगे।

परिजनों का कहना है कि राहुल का लापता होना पूरे परिवार के लिए गहरा सदमा है। माता-पिता और भाई-बहन हर दिन उसकी खोज में लगे हुए हैं और स्थानीय पुलिस से न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है और प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ताकि न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पुलिस ने अभी तक राहुल के दोस्त विपिन पासवान से पूछताछ नहीं की है, जिससे परिजनों और समाज में चिंता बढ़ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संभावित जांच और सुरक्षा कदम उठाने की बात कही है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कार्रवाई करता है और राहुल का पता कब तक चलता है।

भागलपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति फरार

0

भागलपुर, 24 सितंबर।भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 गोलाघाट गढ़िया में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मीरा कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका शव मंगलवार को ससुराल से बरामद किया गया। ससुराल पक्ष का कहना है कि मीरा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन मायके वालों ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।

मृतका के पिता दर्शन मेहता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी वर्ष 2018 में विजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के समय दान-दहेज भी दिया गया था, फिर भी उसे लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी।

दर्शन मेहता ने कहा कि घटना वाले दिन दामाद विजय कुमार ने उन्हें फोन पर बताया कि उनकी पत्नी मीरा ने फांसी लगा ली है और उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया है। लेकिन पिता का दावा है कि उनकी बेटी ने फांसी नहीं लगाई बल्कि ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है। मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं, जिनके भविष्य को लेकर परिवार बेहद चिंतित है।

घटना की जानकारी मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं, घटना के बाद मृतका का पति विजय कुमार लापता बताया जा रहा है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

गोलाघाट गढ़िया इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने ससुराल पक्ष पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतका के मायके वाले आरोप लगा रहे हैं कि जब तक आरोपी पति और ससुराल पक्ष को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। यह घटना दहेज प्रथा और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की एक और दर्दनाक मिसाल बनकर सामने आई है।

तालाब में डूबने से 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

0

भागलपुर, 24 सितंबर।भागलपुर जिले के माहियामा स्थित संन्होला थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। 23 वर्षीय युवक गुलशन कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि गुलशन नहाने के लिए गांव के पास स्थित तालाब में गया था। लेकिन वह तैरना नहीं जानता था और तालाब की गहराई लगभग 9 फीट से अधिक होने के कारण गहराई में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका।

गुलशन के परिजनों के अनुसार वह आईटीआई की तैयारी कर रहा था। उसके पिता दिल्ली में रहकर दैनिक मजदूरी करते हैं। चार भाई-बहनों में गुलशन सबसे बड़ा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ग्रामीणों और परिजनों ने सूचना मिलते ही तालाब के किनारे पहुंचकर खोजबीन शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गुलशन के बड़े पिताजी श्रवण कुमार ने बताया कि जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, परिजन और ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर दौड़े और खोज शुरू कर दी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। श्रवण कुमार ने कहा कि यह हादसा पूरे परिवार और गांव के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आया है।

गांव में गुलशन की मौत के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को मुआवजा और मदद की मांग की है।

भागलपुर पहुंचेगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, संन्होला के अरार पंचायत में खेल मैदान का करेंगे उद्घाटन

0

भागलपुर, 24 सितंबर।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल यानी 25 सितंबर को भागलपुर दौरे पर रहेंगे। उनका यह कार्यक्रम जिले के संन्होला प्रखंड के अरार पंचायत में निर्धारित है। यहां मुख्यमंत्री करीब 10 लाख रुपए की लागत से बने खेल मैदान का उद्घाटन करेंगे। इस खेल मैदान के निर्माण से स्थानीय स्तर पर खेलकूद की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

नव निर्मित खेल मैदान का उपयोग कस्तूरबा गांधी आवासीय उच्च विद्यालय, मिश्रीलाल हाई स्कूल, आदर्श कलाधर मध्य विद्यालय अरार सहित आसपास के अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी कर सकेंगे। बच्चों के लिए यह मैदान खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों का एक सशक्त मंच साबित होगा। ग्रामीणों का मानना है कि लंबे समय से खेल मैदान की कमी महसूस की जा रही थी, ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इसका उद्घाटन बड़ी सौगात है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लाभुकों से सीधा संवाद भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस मौके पर वे कई अन्य योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी देंगे। प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंचन और जनसमूह की मौजूदगी तक हर बिंदु पर अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। उनका कहना है कि नीतीश कुमार जहां भी जाते हैं, वहां विकास की नई सौगातें देते हैं। इस बार भी लोगों को नई योजनाओं और घोषणाओं की उम्मीद है। ग्रामीणों का विश्वास है कि खेल मैदान का उद्घाटन स्थानीय बच्चों के भविष्य को मजबूत करने के साथ ही खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देगा।

भागलपुर का यह दौरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए सिर्फ एक औपचारिकता नहीं बल्कि विकास कार्यों की नई शुरुआत भी माना जा रहा है। अरार पंचायत में होने वाला यह कार्यक्रम जिले की खेल सुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

नाबार्ड के सहयोग से ग्रामीण सड़कों ने बदली गांवों की तस्वीर

0

पटना, 23 सितम्बर।बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और गांवों को शहरों से बेहतर ढंग से जोड़ने के लिए नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) के सहयोग से चल रही ग्रामीण सड़क और पुल निर्माण योजना ने राज्य में विकास की नई राह खोल दी है। इस योजना के तहत अब तक 2025 ग्रामीण सड़कों और 1236 पुलों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से 75 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य अंतिम चरण में है।

ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कुल 2025 सड़कों में से 1863 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनकी कुल लंबाई 5254.49 किलोमीटर है, जिसमें अब तक 4825 किलोमीटर से अधिक सड़कों पर काम संपन्न हो गया है। वहीं, 1236 पुलों के लक्ष्य में से 917 पुल बनकर तैयार हो चुके हैं और शेष 319 का निर्माण तेजी से जारी है। इस योजना पर राज्य सरकार 5989.85 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

नालंदा जिला इस योजना में सबसे आगे रहा है। यहां 214 सड़कों की स्वीकृति मिली थी, जिनमें से 199 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिले में 370 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के साथ 59 पुल बनकर तैयार हो चुके हैं। गयाजी में भी निर्माण कार्य तेजी से हुआ है, जहां 129 में से 120 सड़कों और 46 पुलों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

राजधानी पटना जिले में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। यहां 167 ग्रामीण सड़कों में से 157 का निर्माण पूरा हो चुका है। 329 किलोमीटर से अधिक सड़कों पर यातायात शुरू हो गया है। पटना के 54 स्वीकृत पुलों में से 46 तैयार हो चुके हैं।

इसके अलावा औरंगाबाद, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मुंगेर, रोहतास, जहानाबाद, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में भी ग्रामीण सड़कों और पुलों का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। इन परियोजनाओं ने न सिर्फ ग्रामीण इलाकों को शहरों से जोड़ा है बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नई गति दी है।

सरकार का मानना है कि इन सड़कों और पुलों से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक बदलाव आएगा और किसानों व ग्रामीण जनता को बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी। यह परियोजना गांव से पलायन की समस्या को भी कम करने में सहायक होगी।

धान की अच्छी पैदावार के लिए खेत से खरपतवार हटाना जरूरी : कृषि विभाग ने दी किसानों को अहम सलाह

0

पटना, 23 सितंबर।राज्य में खरीफ धान की फसल की रोपनी जोरों पर है। इस बीच कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान की पैदावार बढ़ाने और फसल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समय पर खरपतवार नियंत्रण करें। विभाग का कहना है कि खेतों में खरपतवार की मौजूदगी फसल की उपज पर सीधा असर डालती है, इसलिए वैज्ञानिक तकनीक और अनुशंसित खरपतवारनाशी रसायनों का प्रयोग आवश्यक है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरपतवारनाशी का छिड़काव तभी प्रभावी होगा जब खेत में पर्याप्त नमी हो और छिड़काव हवा शांत रहने तथा साफ मौसम में किया जाए। इसके लिए फ्लैट फैन/फ्लड जेट नोजल का उपयोग करने की सलाह दी गई है। धान की फसल में सामान्यतः दो बार निकाई-गुड़ाई की जाती है—पहली बुआई या रोपनी के 20-25 दिन बाद और दूसरी 40-45 दिन बाद। मजदूरों की कमी या प्रतिकूल मौसम के कारण जब यांत्रिक विधि संभव नहीं हो पाती, तब खरपतवारनाशी का प्रयोग कारगर विकल्प साबित होता है।

विभाग ने किसानों को कई रसायनों के बारे में जानकारी दी है। पेंडीमेथिलीन 30% ईसी को बुआई के 3-5 दिनों के भीतर 600-700 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करना चाहिए। वहीं, बूटाक्लोर 50% ईसी को रोपनी के 72 घंटे के भीतर छिड़काव या सूखे बालू में मिलाकर भुड़काव किया जा सकता है। प्रेटिलाक्लोर 50% ईसी को रोपनी के 2-3 दिनों के भीतर 1.25 लीटर की दर से इस्तेमाल करना चाहिए।

इसके अलावा, ऑक्सीफ्लोरफेन 23.5% ईसी को 650-1000 मिली प्रति हेक्टेयर, पाइराजोसल्फॉन ईथाइल 10% डब्लूपी को रोपनी के 8-10 दिन के भीतर 200 ग्राम प्रति हेक्टेयर और विस्पाइरी बैंक सोडियम 10% एसएल को पोस्ट-इमरजेन्स अवस्था में 200 मिली प्रति हेक्टेयर की दर से प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

कृषि विभाग का कहना है कि इन अनुशंसाओं का पालन कर किसान न केवल खरपतवार नियंत्रण कर पाएंगे बल्कि धान की बेहतर उपज सुनिश्चित कर सकेंगे। यह कदम राज्य में आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।