Home Blog Page 206

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भागलपुर में तैयारियों की समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0

भागलपुर, 07 अक्टूबर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। चुनाव की व्यापक तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे, जहां चुनावी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

डीएम चौधरी ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर साफ-सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, शौचालयों की सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मतदाताओं का स्वागत उत्साहपूर्वक करने के लिए मतदान दिवस पर रंगोली सजाने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि चुनाव हमारा “लोकतांत्रिक महापर्व” है, इसे उल्लास और शांति के माहौल में मनाया जाना चाहिए। मतदान केंद्रों पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सॉकेट और एक्सटेंशन बोर्ड की भी व्यवस्था की जाएगी। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे को लाल झंडी से चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने बताया कि वोटर इनफॉरमेशन स्लिप का वितरण मतदान से पांच दिन पहले तक पूरा कर लिया जाए, जिसकी जिम्मेदारी सेक्टर पदाधिकारियों की होगी। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी पीठासीन पदाधिकारी और पी-1 कर्मियों को 100 मॉक कॉल और वीवीपैट से पर्ची निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास करवाने का निर्देश दिया। साथ ही, मतदान के दिन हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की जानकारी अपलोड करने का भी आदेश दिया गया।

डॉ. चौधरी ने यह भी कहा कि इस बार न केवल शहरी बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर बैनर लगाया जाएगा — “आप सीसीटीवी कैमरे की नजर में हैं।”

उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने चुनावी गतिविधियों और भ्रमण की रिपोर्ट प्रतिदिन मीडिया कोषांग के माध्यम से साझा करें। इसके लिए प्रत्येक निर्वाची पदाधिकारी को एक समन्वयक अधिकारी या कर्मी को नामित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी समेत सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, भागलपुर

भागलपुर जिले में लागू हुई निषेधाज्ञा, विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

0

भागलपुर, 07 अक्टूबर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की औपचारिक घोषणा के साथ ही भागलपुर जिला प्रशासन ने पूरे जिले में निषेधाज्ञा (Prohibitory Order) लागू कर दी है। जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत यह आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि आगामी चुनावों के मद्देनजर लोक शांति बनाए रखने और विधि-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही भागलपुर जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्र — बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती (अ.जा.), कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज और नाथनगर — में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, शस्त्र प्रदर्शन या साम्प्रदायिक तनाव फैलाने का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निषेधाज्ञा आदेश के तहत किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल द्वारा सभा, जुलूस, धरना या प्रदर्शन बिना सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के नहीं किया जा सकेगा। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेश साझा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि धार्मिक स्थलों का राजनीतिक उपयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा और किसी भी प्रकार के प्रलोभन, धमकी या डराने-धमकाने के प्रयास पर निगरानी रखी जाएगी। प्रदूषण फैलाने वाले प्रचार सामग्री और बैनरों पर भी रोक लगाई गई है।

इसके अलावा, कोई भी व्यक्ति आग्नेयास्त्र, लाठी-भाला, गड़ासा या अन्य घातक हथियार लेकर सार्वजनिक स्थल पर नहीं जाएगा। हालांकि, यह प्रतिबंध परंपरागत शस्त्र धारण करने वाले समुदायों, पुलिसकर्मियों और निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर लागू नहीं होगा।

चुनावी प्रचार के लिए उपयोग होने वाले वाहनों पर भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सख्त नियंत्रण रहेगा। बिना अनुमति कोई वाहन प्रचार कार्य में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा और काफिले में वाहनों की संख्या आयोग द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होगी।

जिला दंडाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश शादी-ब्याह, शव यात्रा, हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों और सरकारी कर्मियों पर लागू नहीं होगा।

यह आदेश 06 अक्टूबर 2025 की अपराह्न से प्रभावी हो गया है और यह चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति तक या अधिकतम 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा।

संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, भागलपुर द्वारा जारी

भागलपुर में मुरुगप्पा ग्रुप के मोंट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो शोरूम का भव्य उद्घाटन, झारखंड के मंत्री संजय यादव ने किया शुभारंभ

0

Bhagalpur News: भागलपुर के तीन पुलिया, अलीगंज बौसी रोड स्थित AP मोटर्स में सोमवार को मुरुगप्पा ग्रुप के मोंट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो के शोरूम का भव्य उद्घाटन झारखंड सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संजय यादव के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुरुगप्पा ग्रुप द्वारा निर्मित यह आधुनिक इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो एक बड़ा तकनीकी और पर्यावरणीय बदलाव साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के नए अवसर खुलेंगे और भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा।

मंत्री श्री यादव ने कहा कि यह सुपर ऑटो न केवल ऊर्जा-संरक्षण में मदद करेगा, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि “यह पहल रोजगार, आत्मनिर्भरता और हरित भारत की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ेगी, जिससे लोगों को आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलेगी।”

इस मौके पर मुरुगप्पा ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि मोंट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो एक आधुनिक, टिकाऊ और बेहतर माइलेज वाला वाहन है, जो एक बार चार्ज होने पर लगभग 203 किलोमीटर की रेंज देता है। वाहन में लगी बैटरी और मोटर पर 5 वर्ष की वारंटी दी जा रही है। साथ ही, ग्राहकों के लिए चोला फाइनेंस के माध्यम से आसान किस्तों पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

AP मोटर्स के प्रोप्राइटर आशीष मोहन और अभिषेक आनंद ने कहा कि यह सुपर ऑटो आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए आत्मनिर्भरता का माध्यम बनेगा। इससे न केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि लोग अपनी आजीविका को भी सशक्त बना पाएंगे। उन्होंने बताया कि AP मोटर्स द्वारा ग्राहकों के लिए पूर्ण सर्विस सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां समय-समय पर नियमित सर्विसिंग की व्यवस्था रहेगी।

यह सुपर ऑटो अपनी सुपर माइलेज, शीघ्र चार्जिंग फीचर और उन्नत तकनीक के कारण बाजार में एक आकर्षक विकल्प बनकर उभरा है। मुरुगप्पा ग्रुप की यह पहल भागलपुर के विकास और हरित परिवहन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।

भागलपुर में 11 नवंबर को होगा मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारी — आदर्श आचार संहिता लागू

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तारीखों की औपचारिक घोषणा के साथ ही भागलपुर में चुनावी माहौल गरमा गया है। समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी दी कि भागलपुर जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान 11 नवंबर (मंगलवार) को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर (शुक्रवार) को संपन्न कराई जाएगी।

सम्मेलन में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी उपस्थित थीं। जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर, संवीक्षा 21 अक्टूबर तथा नाम वापसी 23 अक्टूबर को होगी। 16 नवंबर तक संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर जिले में कुल 22,18,492 मतदाता हैं, जिनमें 11,43,917 पुरुष, 10,74,488 महिला और 87 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 21,749 दिव्यांग (PWD) और 29,093 ऐसे मतदाता हैं जिनकी आयु 80 वर्ष से अधिक है। जिले में कुल 2678 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो 1295 मतदान भवनों में स्थित हैं।

उन्होंने कहा कि मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (आदर्श आचार संहिता) लागू हो चुकी है। इसके तहत 72 एसएसटी, 23 एफएसटी, 7 वीवीटी, 7 वीएसटी और 301 सेक्टर पदाधिकारी सक्रिय कर दिए गए हैं। सरकारी और निजी संपत्तियों से प्रचार सामग्री हटाने का अभियान 24 से 72 घंटे की समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में पांच डिस्पैच सेंटर बनाए गए हैं। वहीं, मतगणना केंद्र के रूप में राजकीय महिला आईटीआई और राजकीय पॉलिटेक्निक बरारी को निर्धारित किया गया है।

डॉ. चौधरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस बार कई नवाचार किए जा रहे हैं, जिनमें मोबाइल जमा केंद्र, रंगीन फोटो वाली ईवीएम, वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप और सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा शामिल है।

वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिले में सीआरपीएफ की तैनाती, 18,000 लोगों को बॉन्ड डाउन करने तथा 142 लोगों पर सीसीए के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। सभी थानों में शस्त्र सत्यापन पूरा हो गया है और 450 से अधिक हथियार जमा कराए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा — “जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए कृतसंकल्प है।”

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भागलपुर में मीडिया को मिली सख्त हिदायतें, फेक न्यूज़ और पेड न्यूज़ पर होगी कड़ी कार्रवाई

0

भागलपुर: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग द्वारा सोमवार को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। इन दिशा-निर्देशों का मुख्य उद्देश्य चुनावी माहौल में फेक न्यूज़, पेड न्यूज़ और भ्रामक प्रचार पर सख्ती से रोक लगाना है।

संयुक्त निदेशक जन संपर्क सह प्रभारी पदाधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार, किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष में आवश्यकता से अधिक कवरेज या प्रचार देना “पेड न्यूज़” की श्रेणी में आएगा। ऐसे मामलों में संबंधित मीडिया संस्थान को नोटिस जारी किया जाएगा, और यदि उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया तो डीएवीपी दर पर व्यय राशि उम्मीदवार या दल के खाते में जोड़ दी जाएगी।

🔹 फेक न्यूज़ पर शून्य सहिष्णुता

निर्वाचन आयोग ने फेक न्यूज़, डीप फेक कंटेंट और अफवाह फैलाने वाले मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
ईवीएम से छेड़छाड़, मतदान में धांधली, किसी वर्ग या समुदाय को मतदान से रोकने जैसी भ्रामक खबरें फैलाने पर संबंधित मीडिया एजेंसी और पत्रकार के खिलाफ आईटी एक्ट 2000 की धाराओं 67, 69, 79 समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं — जैसे धारा 171, 175, 196, 197, 299, 302, 336(2), 340(2), 353 आदि के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

🔹 विज्ञापनों के लिए पूर्व स्वीकृति अनिवार्य

चुनाव प्रचार से जुड़े सभी इलेक्ट्रॉनिक विज्ञापन को प्रसारण से पहले राज्य स्तरीय या जिला स्तरीय एमसीएमसी समिति से प्रमाणित कराना अनिवार्य किया गया है।
प्रचार सामग्री के अनुमोदन के लिए आवेदन 96 घंटे पहले इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जमा करना होगा।
इसी तरह, मतदान की तिथि या उसके एक दिन पूर्व किसी भी विज्ञापन को प्रकाशित करने से पहले एमसीएमसी समिति की अनुमति लेना जरूरी है।

🔹 निष्पक्ष कवरेज की अपील

मीडिया से अपील की गई है कि वे चुनाव कवरेज में संतुलन और निष्पक्षता बनाए रखें। धर्म, जाति, लिंग, वर्ग या समुदाय के आधार पर विद्वेष फैलाने वाली किसी भी रिपोर्टिंग पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की प्रासंगिक धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन निष्पक्षता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। इसलिए चुनावी अवधि में सभी मीडिया संस्थान जिम्मेदारी और सत्यनिष्ठा के साथ समाचार प्रसारित करें।

कोर्ट से भागने की कोशिश नाकाम, होमगार्ड जवान कुंदन कुमार ने दिखाई शेर जैसी बहादुरी, छलांग लगाकर दबोचा फरार अभियुक्त

0

Bhagalpur News: नवगछिया जिले में शनिवार का दिन सुरक्षा बलों की बहादुरी की मिसाल बन गया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के एक अभियुक्त ने अनुमंडलीय न्यायालय नवगछिया में पेशी के दौरान भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात होमगार्ड जवान कुंदन कुमार ने अपनी सूझबूझ और साहस से उसे पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार, जो इस्माइलपुर थाना कांड में अभियुक्त है, को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। जैसे ही मौका मिला, उसने हथकड़ी सरका दी और कोर्ट की पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। इस घातक पल में मौके पर मौजूद होमगार्ड जवान कुंदन कुमार ने बिना किसी झिझक के उसके पीछे छलांग लगाई और कुछ ही पलों में उसे पकड़ लिया।

इस साहसिक प्रयास में दोनों घायल हो गए। सोनू कुमार के पैर में चोट लगी, जबकि कुंदन कुमार भी घायल हुए। दोनों को तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्त के प्रयास को रोकने में कुंदन कुमार की तत्परता और साहस ने एक बड़ी घटना को टाल दिया।

पुलिस अधिकारियों ने जवान कुंदन कुमार की बहादुरी की खुलेआम सराहना की और कहा कि उनकी फुर्ती और बहादुरी ने कानून की प्रतिष्ठा को बनाए रखा। वहीं, नवगछिया थाना में अभियुक्त के फरार होने के प्रयास को लेकर मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना ने यह साबित कर दिया कि ड्यूटी पर तैनात जवान केवल कानून के पालन में ही नहीं, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में जान की परवाह किए बिना समाज की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। जनता ने भी कुंदन कुमार के साहस की सराहना करते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया।

भागलपुर को मिली विकास की नई राह! दो बड़ी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, 150 करोड़ से अधिक की लागत से बदलेगा शहर का परिवहन नक्शा

0

Bhagalpur News: भागलपुर में आज विकास की रफ्तार को नई गति मिली है। बिहार के श्रम संसाधन विभाग के मंत्री एवं भागलपुर के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सिंह ने जिले के दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, भागलपुर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, उप महापौर सलाउद्दीन हसन समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

पहली परियोजना के तहत लोहिया पुल से अलीगंज तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग ₹50.17 करोड़ की लागत आएगी। इस सड़क से आवागमन सुगम होगा और इलाके के यातायात में सुधार आएगा। वहीं दूसरी परियोजना अगरपुर–भागलपुर फोरलेन सड़क निर्माण की है, जिसके लिए ₹101.56 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क दक्षिणी क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और समय की बचत प्रदान करेगी।

शिलान्यास समारोह के दौरान मंत्री संतोष कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मंत्री ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं से न केवल आवागमन में राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में भी सुधार होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार भागलपुर के विकास के लिए हर संभव कदम उठाएगी और सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सड़क निर्माण से क्षेत्रीय विकास में नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई। मंत्री ने कहा कि ये सड़कें भागलपुर को आधुनिक और सशक्त परिवहन नेटवर्क से जोड़ेंगी और शहर को आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से समृद्ध बनाएंगी।

लखीसराय में कृषि विकास को नई उड़ान, उप मुख्यमंत्री ने 42 करोड़ की लागत से चार बड़ी परियोजनाओं का किया शुभारंभ

0

Lakhisarai News: लखीसराय जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिले में चार प्रमुख कृषि विकास परियोजनाओं का विधिवत उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य है — आधुनिक कृषि तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाना, किसानों की आय में वृद्धि करना और राज्य को आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में सशक्त बनाना।

श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को नई तकनीक और संसाधनों से जोड़कर कृषि क्षेत्र को नई दिशा देना चाहती है। उन्होंने कहा, “इन परियोजनाओं के माध्यम से बिहार कृषि उत्पादन, बीज गुणवत्ता और बागवानी विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।”

बड़हिया प्रखंड में “दलहन विकास केन्द्र का क्षेत्रीय कार्यालय” शुरू किया गया, जो दाल उत्पादन, बीज वितरण और प्रशिक्षण में अहम भूमिका निभाएगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आय के साथ-साथ पोषण सुरक्षा को भी बल मिलेगा।

हलसी स्थित राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र में “प्लग टाइप नर्सरी” और “टिश्यू कल्चर लैब” का भी शुभारंभ किया गया। ये आधुनिक प्रयोगशालाएँ नियंत्रित वातावरण में रोगमुक्त और उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का उत्पादन करेंगी, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादकता मिलेगी।

इसी परिसर में “आदर्श बागवानी केन्द्र – शुष्क बागवानी” की भी स्थापना की गई है, जो आम, अमरूद, आंवला और बेर जैसे फलों की उन्नत पौध तैयार करेगा। यह केन्द्र बागवानी आधारित कृषि को नई गति देगा और किसानों को कृषि विविधीकरण के नए अवसर प्रदान करेगा।

इसके अलावा, उप मुख्यमंत्री ने लगभग ₹42 करोड़ की लागत से कृषि उत्पादन बाज़ार समिति, लखीसराय के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। यह अत्याधुनिक बाज़ार परिसर किसानों को भंडारण, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, कृषि विपणन निदेशालय के निदेशक शैलेन्द्र कुमार, कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भागलपुर में प्रेस क्लब का हुआ औपचारिक गठन, पत्रकारों ने ली एकजुटता और निष्पक्षता की शपथ

0

Bhagalpur News: भागलपुर के पत्रकारिता जगत के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। लंबे इंतज़ार के बाद प्रेस क्लब भागलपुर ने अब औपचारिक रूप से आकार ले लिया है। स्काउट गाइड भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में जिले के सभी पत्रकार एक मंच पर जुटे और जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं एकता की शपथ ली।

कार्यक्रम में पूर्व सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शिवशंकर सिंह पारिजात और वरिष्ठ पत्रकार संजय सिंह ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

प्रेस क्लब के गठन का मुख्य उद्देश्य जिले के पत्रकारों को एक साझा मंच पर लाना, उपेक्षित पत्रकारों को सम्मान दिलाना और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए मीडिया की भूमिका को और सशक्त बनाना है। शपथ ग्रहण के दौरान सभी पत्रकारों ने संकल्प लिया कि वे पक्षपात रहित पत्रकारिता करेंगे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर मदन कुमार ने अध्यक्ष पद, नवनीत मिश्रा ने सचिव पद और विजय सिन्हा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए मनोज गुप्ता, शंकर दयाल मिश्रा, त्रिपुरारी, मिलिंद गुंजन और अमित चौधरी ने शपथ ग्रहण किया। संयुक्त सचिव पद पर आशीष रंजन और बलराम मिश्रा, जबकि सहायक सचिव के रूप में नीरज कुमार और अश्विनी कुमार ने शपथ ली।

कार्यालय सचिव के रूप में शिवम कुमार ने जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अभिषेक, संजीव झा, आशुतोष, अमित राज, आरफीन जुबेर, अभिषेक प्रकाश, अमृता सिंह और कांतेश कुमार ने शपथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रेस क्लब भागलपुर के गठन को जिले के पत्रकारिता क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताया और उम्मीद जताई कि यह संगठन पत्रकारों की आवाज़ को और मज़बूती देगा तथा समाज में सशक्त, संवेदनशील और निष्पक्ष मीडिया की नींव को और मजबूत करेगा।

स्नातक बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री निश्चय भत्ता योजना का हुआ विस्तार, अब हर महीने मिलेगा 1000 रुपये और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण

0

भागलपुर, 04 अक्टूबर:  बिहार सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सात निश्चय कार्यक्रम के तहत चल रही मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का दायरा अब और विस्तृत कर दिया गया है। अब तक इस योजना का लाभ इंटर पास युवाओं तक सीमित था, लेकिन आज से स्नातक (कला, विज्ञान, वाणिज्य) उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं को भी इस योजना में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसका शुभारंभ करते हुए संदेश दिया कि राज्य का हर बेरोजगार युवा अब केवल आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त करेगा।

भागलपुर के समीक्षा भवन में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां उपविकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार, जिला प्रबंधक डीआरसीसी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कदम युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा।

योजना की विशेषताएं

इस योजना के तहत 20 से 25 वर्ष की आयु वर्ग के वे युवा-युवतियाँ, जो स्नातक उत्तीर्ण हैं, वर्तमान में बेरोजगार हैं, अध्ययनरत नहीं हैं और किसी सरकारी या निजी नौकरी में कार्यरत नहीं हैं, लाभार्थी बन सकेंगे। इन्हें प्रति माह 1,000 रुपये भत्ता मिलेगा, जो अधिकतम दो वर्षों तक दिया जाएगा। इससे युवाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा और वे अपने करियर की तैयारी बिना किसी आर्थिक दबाव के कर सकेंगे।

सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि श्रम संसाधन विभाग, बिहार द्वारा लाभार्थियों को नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों में दक्ष बनाना और उन्हें स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

सरकार का लक्ष्य

राज्य सरकार का लक्ष्य प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख युवाओं तक इस योजना का लाभ पहुँचाने का है। इसके लिए करीब 600 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय प्रस्तावित किया गया है। उल्लेखनीय है कि यह योजना 02 अक्टूबर 2016 से ही लागू है, लेकिन अब इसे और प्रभावी बनाते हुए स्नातक बेरोजगार युवाओं तक विस्तारित किया गया है।

भविष्य की दिशा

सरकार का मानना है कि शिक्षा के बाद बेरोजगारी युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है। इस योजना के जरिए युवा न केवल आर्थिक रूप से सक्षम होंगे, बल्कि उन्हें नौकरी या स्वरोजगार की दिशा में ठोस मार्गदर्शन भी मिलेगा। मुख्यमंत्री का यह कदम युवाओं को आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।