Home Blog Page 205

भागलपुर में 10 से 14 अक्टूबर तक होगा “MSME EXPO 2025”, महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच, आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में बड़ा कदम

0

भागलपुर, 9 अक्टूबर: बिहार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से WECS Association ने “MSME EXPO 2025” का आयोजन किया है, जो 10 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक भागलपुर में आयोजित होगा। यह भव्य ट्रेड फेयर न सिर्फ राज्य बल्कि देशभर के उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और व्यापारिक अवसर बढ़ाने का सुनहरा मौका देगा।

WECS Association, एक Non-Profit संस्था, पिछले 12 वर्षों से बिहार की महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है। संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें MSME से जोड़ना है। इस बार MSME विभाग के सहयोग से आयोजित MSME EXPO 2025 बिहार के उद्योग जगत के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होने जा रहा है।

मेले में देशभर के MSME उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, बिहार की लोक-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम और मधुबनी पेंटिंग जैसी पारंपरिक कलाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस आयोजन में छोटे उद्यमियों को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय को बढ़ाने का मौका मिलेगा।

संस्था की अध्यक्ष कल्पना कुमारी, सचिव ममता कुमारी, सह-संस्थापक ज्योति झा, संयुक्त सचिव प्रीति सिंह, एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि इस एक्सपो का मुख्य लक्ष्य “स्थानीय से वैश्विक बाजार तक बिहार के उत्पादों को पहचान दिलाना” है।

कार्यक्रम में कई प्रख्यात उद्यमी, सलाहकार और जिला इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। WECS Association का यह प्रयास निश्चित रूप से बिहार में उद्यमिता को नई दिशा देगा और “आत्मनिर्भर बिहार” के संकल्प को साकार करेगा।

सुविधा शून्य, हौसला बुलंद — सरकारी स्कूल के बच्चों ने मैदान में दिखाया जज्बा, जब स्कूल ने कहा ‘खेल के क्या करोगे’

0

भागलपुर, 9 अक्टूबर: जहां संसाधनों की कमी अक्सर बच्चों के सपनों को रोक देती है, वहीं भागलपुर जिले के कुछ सरकारी स्कूल के बच्चों ने यह साबित कर दिया कि जुनून और हौसला हो तो अभाव भी हार मान लेते हैं। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे श्री ब्रह्मचारी आदर्श मध्य विद्यालय, घोघा के छात्रों ने बिना ड्रेस, बिना जूते और बिना उपकरणों के ही मैदान में उतरकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

बिहार में शिक्षा विभाग की ओर से खेल को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, पर यह तस्वीर बताती है कि जमीनी स्तर पर इन योजनाओं का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है। मैदान में पहुंचे बच्चों के पास न तो टी-शर्ट पर स्कूल का नाम था, न ही खेल के लिए जरूरी जूते या अन्य सामग्री। बावजूद इसके, इन बच्चों ने खेल भावना और आत्मविश्वास से मैच खेला।

जब संवाददाता ने उनसे पूछा कि उन्हें कोई सुविधा क्यों नहीं दी गई, तो बच्चों ने बताया कि विद्यालय प्रशासन ने खेल के लिए कोई मदद नहीं की। यहां तक कि जब वे जिला स्तरीय प्रतियोगिता के फार्म पर हस्ताक्षर करवाने गए, तो प्रिंसिपल ने डांट-फटकारकर भगा दिया। बाद में गांव के ही एक युवक की मदद से फार्म पर साइन हो पाया।

स्थानीय निवासी सुमन कुमार मंडल ने कहा, “ये बच्चे असली खिलाड़ी हैं। बिना किसी सुविधा के भी खेल रहे हैं, लेकिन अफसोस कि स्कूल प्रशासन इन्हें प्रोत्साहित करने के बजाय हतोत्साहित कर रहा है। जब बच्चे कहते हैं कि वे खेलना चाहते हैं, तो स्कूल वाले तंज कसते हैं — ‘खेल के क्या करोगे?’”

यह कहानी सिर्फ कुछ बच्चों की नहीं, बल्कि उस सच्चाई की है जो सरकारी स्कूलों की दीवारों के पीछे छिपी है। सरकार की मंशा तो खेल और शिक्षा को साथ बढ़ाने की है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई विद्यालयों में खेल को अभी भी समय की बर्बादी समझा जाता है।

पीरपैंती विधानसभा में चुनाव तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण,निष्पक्ष मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क

0

भागलपुर, 9 अक्टूबर: बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने मौके पर जाकर मतदान कार्य में लगाए गए कर्मियों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, और लॉजिस्टिक सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भागलपुर जिला प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर आवश्यक संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डॉ. चौधरी ने आगे कहा कि बाहर से आने वाले सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों के ठहरने, भोजन और परिवहन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने भी सुरक्षा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

डीएम और एसएसपी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर मतदाता बिना किसी भय और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
इस मौके पर कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने चुनाव से संबंधित तैयारियों की रूपरेखा साझा की।

👉 प्रशासन का संदेश साफ है — पीरपैंती में होगा शांतिपूर्ण मतदान, मतदाता निश्चिंत होकर करें मतदान।

गोराडीह में तेजस्वी यादव का जनसंवाद, कहा – भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ और विकास की नई कहानी लिखो

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह में आज राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम में जनता को सीधा संदेश दिया। कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों में जोश और उत्साह देखने को मिला। मंच से तेजस्वी ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि पिछले बीस वर्षों से भाजपा और नीतीश कुमार सत्ता में होने के बावजूद बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से वोट लेकर बिहार को ठग रही है और अपनी नीतियों से नौजवानों को रोजगार के लिए गुजरात और अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर कर रही है। उन्होंने भाजपा को “वोट चोर सरकार” करार देते हुए नारा दिया – “भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ!”।

जनसभा में तेजस्वी यादव ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो राज्य की हर महिला को सम्मान योजना के तहत सालाना 30,000 रुपये दिए जाएंगे, और हर घर के एक या अधिक सदस्यों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

तेजस्वी ने जनता से अपील की कि अब समय आ गया है बदलाव लाने का, और महागठबंधन को मजबूत बनाकर बिहार में विकास की नई कहानी लिखी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ वादों का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार के नौजवानों और महिलाओं के भविष्य का निर्णय है।

जनसंवाद के दौरान भारी भीड़, उत्साहजनक नारे और व्यापक समर्थन इस बात का संकेत दे रहे थे कि जनता में महागठबंधन और तेजस्वी यादव के प्रति विश्वास मजबूत है। इस कार्यक्रम ने बिहार की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।

भागलपुर में चुनाव सुरक्षा को लेकर इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा बैठक, DM और SSP ने दिए सख्त निर्देश

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दृष्टिगत भागलपुर जिला प्रशासन ने चुनाव सुरक्षा और वित्तीय निगरानी को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। बुधवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम (ECMS) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि 11 नवंबर को द्वितीय चरण के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अवैध राशि, शराब और अन्य अवैध लेन-देन पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। विशेष रूप से 10 लाख रुपए से अधिक के लेनदेन और 1 लाख रुपए से अधिक नकद निकासी पर बैंकों द्वारा दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की बात कही। ऐसे लेन-देन की जानकारी आयकर विभाग और जिला स्तरीय समिति तक समय पर पहुंचाई जाएगी।

डीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी वस्तु का भंडारण कर उसकी कीमत बढ़ाने की कोशिश पर सख्त नजर रखी जाएगी और आपूर्ति विभाग इसके लिए सक्रिय रहेगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के लिए बैंकों और मोबाइल नेटवर्क प्रदाताओं (बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल) को निर्देश दिए गए कि नेटवर्क की पूर्व जाँच सुनिश्चित करें, खासकर नारायणपुर, बिहपुर, खरीक और पीरपैंती के दियरा क्षेत्र में।

वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने सभी एनफोर्समेंट नोडल अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों को निर्देशित करने और दीपावली-छठ जैसे त्योहारों के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी नितेश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से ECMS ऑनलाइन प्रक्रिया समझाई।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, जिला परिवहन पदाधिकारी, राज्य कर आयुक्त और वन प्रमंडल पदाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने कहा — “हर स्तर पर समन्वय और सतर्कता से ही मतदान निष्पक्ष और सुरक्षित होगा, और हम किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

भागलपुर में मतदान जागरूकता रैली का भव्य आयोजन, डीएम ने दिखाई हरी झंडी और छोड़े गुब्बारे

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच भागलपुर में मतदाता जागरूकता अभियान ने जोर पकड़ लिया है। बुधवार को समाहरणालय परिसर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया और गुब्बारे छोड़कर स्वीप कार्यक्रम का आगाज़ किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, जिला स्वीप आइकॉन आदर्श आनंद सहित सभी संबंधित अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद थे।

रैली में एनसीसी कैडेट, स्काउट एंड गाइड, और शहर के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बैंड पार्टी और ड्रम की थाप के साथ रैली ने पूरे शहर में उत्साह और जोश का माहौल बना दिया। जिलाधिकारी स्वयं रैली का नेतृत्व करते हुए उपस्थित नागरिकों और छात्रों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया।

रैली का समापन सेंडीस मैदान में हुआ, जहां जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी से मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 11 नवंबर को मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का निर्वाह करें और किसी भी प्रकार के भेदभाव या प्रलोभन से प्रभावित न हों।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी उपस्थित रहे और उन्होंने 18 वर्ष से ऊपर के सभी मतदाताओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इसके अलावा, रैली में जिला सचिव प्रवीण कुमार झा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट बिपिन कुमार सिंह, रोवर मो ईशान खान, रेंजर सिमरन और अन्य स्काउट गाइड सदस्य ने भाग लिया।

डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि यह स्वीप अभियान भागलपुर जिले में मतदाताओं को जागरूक और प्रेरित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है ताकि सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग करें और चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।

भागलपुर में इस भव्य मतदाता जागरूकता रैली ने लोकतंत्र की चमक बढ़ाई और सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया।

भागलपुर में चुनाव तैयारी को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक, कहा – हर मतदान केंद्र पर हो बेहतर व्यवस्था

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुट गया है। बुधवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर के सातों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी और सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाची पदाधिकारी नामांकन से लेकर मतदान तिथि तक की तैयारियों को समय पर पूर्ण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

डीएम ने परिवहन व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों की संख्या के आधार पर वाहनों की योजना तैयार की जाए। “एक भवन में यदि तीन मतदान केंद्र हैं, तो 12 मतदान कर्मी और 8 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ऐसे में एक छोटी स्कूल बस पर्याप्त होगी,” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा। वहीं, तीन से अधिक मतदान केंद्र वाले भवनों के लिए बड़ी बसों की व्यवस्था करने और सड़क मार्ग की स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

डॉ. चौधरी ने कहा कि सभी तीन से अधिक मतदान केंद्र वाले भवनों का सत्यापन सहायक निर्वाची पदाधिकारी स्वयं करें और उसके फोटोग्राफ्स ग्रुप में साझा करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार मतदान केंद्रों पर मॉडल बूथ के अनुसार वोटिंग कंपार्टमेंट बनाए जाएंगे, जिनमें प्रवेश और निकास द्वार दोनों होंगे। साथ ही हर बूथ पर वेबकास्टिंग की सुविधा रहेगी, इसलिए कैमरों की जगह पहले से चिन्हित कर ली जाए।

डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सभी आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं पूर्ण रहें, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष रूप से उन भवनों पर ध्यान देने को कहा गया जहां एक से अधिक मतदान केंद्र हैं।

बैठक में सी-व्हिजिल ऐप के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर भी बल दिया गया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी, और सभी संबंधित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने कहा — “प्रत्येक स्तर पर समन्वय और सतर्कता बनाए रखें, ताकि भागलपुर जिले में चुनाव का संचालन आदर्श रूप से संपन्न हो सके।”

भागलपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, एसपी सिटी के नेतृत्व में दिखी जबरदस्त तैयारी

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भागलपुर पुलिस पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय हो गई है। बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक (नगर) शुभांक मिश्रा के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में CPF बल के साथ भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने जनता को भरोसा दिलाया कि आगामी चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न होंगे।

फ्लैग मार्च की शुरुआत ततारपुर थाना क्षेत्र से हुई और यह कोतवाली, विश्वविद्यालय,और जोगसर थाना क्षेत्रों से होते हुए विभिन्न बाजारों और मुख्य मार्गों से गुजरा। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, तथा सभी संबंधित थानाध्यक्ष अपने-अपने बल के साथ मौजूद रहे। मार्च के दौरान जवान पूरी मुस्तैदी से सड़कों पर नजर रखे हुए थे और लोगों को सुरक्षा का एहसास दिला रहे थे।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन से सोना पट्टी और खलीफाबाग मार्केट क्षेत्र में भी पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान शहर के सभी शहरी थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष CPF बल के साथ शामिल हुए। पुलिस ने रास्ते में दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें चुनाव के दौरान किसी भी अफवाह या भ्रामक खबर से दूर रहने की अपील की।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संवेदनशील इलाकों में पुलिस उपस्थिति दिखाना, और आम नागरिकों में सुरक्षा का संदेश पहुंचाना था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अशांति या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी नगर के नेतृत्व में किया गया यह फ्लैग मार्च भागलपुर पुलिस की तैयारी और प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो आने वाले चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर तैनात है।

भागलपुर ब्रेकिंग न्यूज़: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रणव कुमार के ठिकाने पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति की जांच में मचा हड़कंप

0

Bhagalpur News: भागलपुर में बुधवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रणव कुमार के घर पर विजिलेंस की टीम ने तड़के छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पटना से आई 12 सदस्यीय विजिलेंस टीम ने यह कार्रवाई शुरू की है। टीम सुबह से ही प्रणव कुमार के भागलपुर स्थित आवास पर तलाशी ले रही है।

सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस की टीम ने घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच शुरू कर दी है — दस्तावेजों, बैंक खातों, जमीन-जायदाद के कागजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों को खंगाला जा रहा है। हालांकि छापेमारी के दौरान प्रणव कुमार स्वयं घर पर मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके परिजनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखे हुए है।

जानकारी के अनुसार, प्रणव कुमार वर्तमान में दरभंगा में कार्यरत हैं, जबकि भागलपुर में वे प्रभार संभाल रहे हैं। मूल रूप से वे नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं। विजिलेंस को उनके खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने अपनी आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर पटना मुख्यालय से विशेष टीम गठित की गई और बुधवार रात ही टीम भागलपुर पहुंच गई थी।

विजिलेंस सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के दौरान अब तक कई अहम दस्तावेज और कुछ संदिग्ध संपत्ति के कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। टीम जल्द ही दरभंगा स्थित उनके सरकारी आवास और पैतृक घर पर भी छापेमारी कर सकती है।

भागलपुर में विजिलेंस की यह कार्रवाई फिलहाल चर्चा का विषय बनी हुई है। इलाके में भारी संख्या में लोग और मीडिया कर्मी मौके पर जुटे हैं। विजिलेंस की टीम ने किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा करने से फिलहाल इनकार किया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले घंटों में कई और खुलासे हो सकते हैं।

भागलपुर में वी केयर की हरित पहल: “प्रोजेक्ट प्रकृति” के तहत सैंडिस कंपाउंड में हुआ पौधारोपण अभियान

0

भागलपुर, 07 अक्टूबर : पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए वी केयर संस्था द्वारा आज सैंडिस कंपाउंड परिसर में “प्रोजेक्ट प्रकृति” मुहिम के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों ने सामूहिक रूप से ट्रैक किनारे अशोक के दो दर्जन पौधे लगाए और शहरवासियों को स्वच्छ, हरित भागलपुर बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक कुश मिश्रा ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण अभियान से जुड़ें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वी केयर द्वारा 500 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, और आने वाले महीनों में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।

संस्था के अध्यक्ष अरिजीत घोष ने कहा कि हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से मुकाबला किया जा सके। वहीं सचिव मनोज कुमार ने बताया कि संस्था पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई जनसंपर्क कार्यक्रम भी चला रही है।

पौधारोपण कार्यक्रम में प्रो. सीता भगत, सह-संस्थापक नितेश पांडेय, उपाध्यक्ष लव मिश्रा, संयोजक रिशांत श्रीवास्तव और मीडिया प्रभारी विनीत राव की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में अस्पताल प्रशासन और स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग मिला।

वी केयर की इस हरित पहल ने न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि समाज को यह भी याद दिलाया कि “एक पौधा, एक जीवन” की भावना से जुड़कर ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर की परिकल्पना साकार हो सकती है।