Home Blog Page 197

भागलपुर में एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडेय के जनसंपर्क से उमड़ी भीड़, जनता के उत्साह से तेज हुई परिवर्तन की लहर

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव  के तहत भागलपुर सीट पर एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडेय के जनसंपर्क अभियान ने आज नई गति पकड़ ली। रविवार को उन्होंने अपने व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत चूनिहारी टोला, ऊपरी टोला, ग्वाल टोली, आर.के. लेन, बुढ़ा नाथ, शंकर टॉकीज़, घाट रोड, माणिक सरकार घाट, कोयला घाट और बैंक कॉलोनी जैसे इलाकों में सघन दौरा किया।

जनसंपर्क के दौरान हर मोहल्ले में लोगों का उत्साह देखने लायक था। युवा, महिलाएं और व्यापारी वर्ग बड़ी संख्या में बाहर निकलकर एनडीए के समर्थन में नारे लगाते नजर आए। लोगों ने श्री पांडेय के विकास एजेंडे पर भरोसा जताया और कहा कि भागलपुर अब सुशासन और प्रगति की राह पर अग्रसर है।

स्थानीय नागरिकों से संवाद के दौरान श्री पांडेय ने कहा —

“भागलपुर की जनता ने हमेशा परिवर्तन का नेतृत्व किया है। इस बार यह परिवर्तन विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में होगा। हमारा संकल्प है कि भागलपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बिहार का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाया जाए।”

उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी 11 नवम्बर को मतदान अवश्य करें और ईवीएम क्रमांक 03 पर कमल का बटन दबाकर एनडीए को विजय दिलाएं, ताकि भागलपुर के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।

हर गली और नुक्कड़ पर उमड़े जनसमूह से यह स्पष्ट हो गया कि इस बार भागलपुर की जनता परिवर्तन के मूड में है और एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडेय के समर्थन में एकजुट नजर आ रही है।

गोपालपुर में जीविका दीदियों ने संभाली मतदाता जागरूकता की कमान, रंगोली और मेहंदी से दिया मतदान का संदेश

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर गोपालपुर में जीविका दीदियों ने जिम्मेदारी का शानदार उदाहरण पेश किया है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के साथ-साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया पंचायत स्थित मतदान केंद्र संख्या 192 और 193 पर जीविका दीदियों ने अनोखे अंदाज़ में जागरूकता अभियान चलाया।

इस दौरान 75 से अधिक जीविका दीदियां उपस्थित रहीं और उन्होंने रंगोली, मेहंदी और नारे के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। “पहले मतदान, फिर जलपान” के संदेश के साथ दीदियों ने गांव की महिलाओं और युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम में संकल्प सभा भी आयोजित की गई, जिसमें सभी जीविका दीदियों ने 11 नवंबर को मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस पहल को स्थानीय प्रशासन और आम लोगों से भी सराहना मिली।

जिला प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की इस सक्रिय भागीदारी से निश्चित रूप से मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। जिला पदाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि समाज के हर वर्ग को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “जीविका दीदियों की भूमिका न सिर्फ मतदान बढ़ाने में अहम है, बल्कि वे सामाजिक परिवर्तन की सशक्त मिसाल भी हैं।”

गोपालपुर की धरती से शुरू हुआ यह अभियान जिले भर में मतदान जागरूकता की एक नई मिसाल बन गया है, जो आने वाले दिनों में लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ के रूप में गूंजेगा।

भागलपुर में गूंजा लोकतंत्र का संदेश: “मतदान सबको बराबर का दर्जा देता है” — डीएम नवल किशोर चौधरी

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत भागलपुर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को एक विशाल मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली एक दैनिक समाचार पत्र के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, छात्र, शिक्षक, आम नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली का उद्देश्य लोगों को लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व — मतदान — के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा,

“हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान ही एक ऐसा अधिकार है जो हर नागरिक को बराबरी का दर्जा देता है। इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और दूसरों को भी प्रेरित करें।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी 11 नवंबर को मतदान के दिन वे न केवल स्वयं वोट डालें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज के हर व्यक्ति को मतदान के लिए प्रोत्साहित करें।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “वोट डालो, देश बनाओ”, “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों से शहर का माहौल लोकतंत्र के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में प्रभात खबर के कर्मियों सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, स्काउट-गाइड और स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। यह आयोजन भागलपुर में मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊर्जा और गति प्रदान करने वाला साबित हुआ।

जनता के बीच कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा, दक्षिणी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान से बढ़ाई चुनावी गर्मी

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी और मौजूदा विधायक अजीत शर्मा ने आज शहर के दक्षिणी इलाकों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने शिवपुरी कॉलोनी, कैलाशपुरी कॉलोनी, वारसलीगंज, महमदाबाद, मानिकपुर और कुतुबगंज जैसे प्रमुख क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और आगामी चुनाव में समर्थन मांगा।

श्री शर्मा पैदल मार्च करते हुए लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे थे। उनके साथ कांग्रेस और महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने “अजीत शर्मा जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, सोनिया गांधी जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरे माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया।

जनसंपर्क के दौरान लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी स्थानीय समस्याएं साझा कीं। श्री शर्मा ने जनता को आश्वस्त किया कि वे भागलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा,

“जनता का जो स्नेह और समर्थन मिल रहा है, वही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। भागलपुर की जनता ने हमेशा मुझे आशीर्वाद दिया है और मैं इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”

इस अवसर पर राकेश शर्मा, राजेश सिंह, मुन्ना झा, सोइन अंसारी, चिक्कू सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के दौरान युवाओं और महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

भागलपुर में अजीत शर्मा के इस जोशीले अभियान ने कांग्रेस खेमे में नई ऊर्जा भर दी है और महागठबंधन के लिए चुनावी माहौल को और मजबूती दी है।

अजीत शर्मा का जनसंपर्क अभियान तेज, भागलपुर की जनता से मांगा विकास के नाम पर समर्थन

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान के तहत भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी एवं मौजूदा विधायक अजीत शर्मा ने आज वार्ड संख्या 42 और 39 के विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से आगामी 11 नवम्बर 2025 को EVM के बटन संख्या 01 पर हाथ के निशान पर मतदान करने की अपील की।

श्री शर्मा ने वार्ड संख्या 42 के महेशपुर पासी टोला, राम मंडल लेन, काली स्थान, कबीर आश्रम, शर्मा टोला, नारायण नगर शिक्षक कॉलोनी, महादलित टोला, बौंसी रोड स्वराज ट्रैक्टर शो रूम के पास, अलीगंज चौक, त्रिलोकीधाम नया ठाकुरबाड़ी सहित अनेक क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। वहीं वार्ड संख्या 39 के मोजाहिदपुर मस्जिद, पाकिजा चौक, पश्चिम टोला, शहबाजनगर, मौलानाचक, गनीचक (अलीनगर) आदि इलाकों में भी मतदाताओं से संवाद स्थापित किया।

इस मौके पर समर्थकों की भारी भीड़ और जनता का उत्साह देखने लायक था। लोगों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ अपने विधायक का स्वागत किया। भीड़ से उत्साहित अजीत शर्मा ने कहा,

“मैं पिछले 11 वर्षों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ भागलपुर की सेवा कर रहा हूँ। सड़कों, नालों और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहा हूँ। आप सभी का आशीर्वाद मिला तो भागलपुर को और विकसित तथा समस्या-मुक्त शहर बनाऊँगा।”

जनसंपर्क अभियान के दौरान शंभू यादव, आदित्य कुमार साह, गौतम शर्मा, उत्तम पासवान, अमृत स्वर्णकार, गौरी साह, डब्लू पांडेय, शशि पंडित, मिन्टू कुरैशी, मो० वसीम, मो० शाहबुद्दीन समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

भागलपुर में एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडेय के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन, जनसमर्थन से गूंजा आकाशवाणी चौक

0

Bihar Election 2025: भागलपुर विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी  रोहित पांडेय के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का शनिवार को आकाशवाणी चौक पर भव्य उद्घाटन हुआ। उद्घाटन समारोह में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। पूरा परिसर “फिर एक बार मोदी सरकार” और “भागलपुर में खिलेगा कमल” के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री  संजय सेठ ने किया। इस अवसर पर भागलपुर सांसद अजय मंडल, पूर्व विधायक अनंत ओझा, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष शाह, जदयू जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, अशोक जी, संगठन महामंत्री (झारखंड) कर्मवीर जी, भाजपा जिला प्रभारी राजेश जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय वर्मन और महापौर वसुंधरा लाल समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि भागलपुर की जनता इस बार विकास और सुशासन के लिए एकजुट है। उन्होंने भरोसा जताया कि 11 नवंबर को होने वाले मतदान में जनता भारी बहुमत से एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाएगी और भागलपुर में फिर से कमल खिलाएगी।

कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के जोश ने एनडीए की मजबूत पकड़ का संकेत दिया।

इस अवसर पर रोहित पांडेय ने कहा—

“यह कार्यालय सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि भागलपुर के विकास और सुशासन का केंद्र है। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करेंगे।”

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक स्वर में एनडीए सरकार के गठन और भागलपुर में कमल खिलाने का संकल्प लिया।

मोकामा चुनाव पर कार्रवाई: चुनाव आयोग ने तीन अधिकारियों का किया तबादला, एक एसडीपीओ सस्पेंड, अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश

0

Bihar Election News: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा विधानसभा क्षेत्र में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। आयोग ने 1 नवंबर 2025 को आदेश जारी करते हुए बारह (Barh) अनुमंडल से जुड़े तीन अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है।

जारी पत्र के अनुसार, एसडीओ (बाढ़)-cum-रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार (BAS) की जगह आईएएस अधिकारी आशीष कुमार (BH:2022) को पदस्थापित किया गया है। वहीं एसडीपीओ बाढ़-1 राकेश कुमार के स्थान पर आरआर अधिकारी आनंद कुमार सिंह (65-2022) को तैनात किया गया है। इसके साथ ही एसडीपीओ बाढ़-2 अभिषेक सिंह को उनके पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके स्थान पर आरआर अधिकारी आयुष श्रीवास्तव (65-2022) को पदस्थापित किया गया है।

आयोग ने इन तीनों अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी किए हैं और बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शीघ्र रिपोर्ट मांगी है। आदेश में यह भी उल्लेख है कि एसपी (रूरल) पटना, विक्रम सिहाग का भी तबादला किया जा सकता है और उनके स्थान पर नए अधिकारी की पैनल रिपोर्ट जल्द भेजी जाए।

चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि इस आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट 2 नवंबर दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
यह कदम आयोग की निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया के प्रति सख्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नाथनगर में एनडीए प्रत्याशी मिथुन कुमार का जनसंपर्क अभियान जोर पर

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए प्रत्याशी मिथुन कुमार ने शनिवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत सबौर सहित कई पंचायतों और गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता से संवाद किया, आशीर्वाद मांगा और एनडीए सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया।

ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने मिथुन कुमार का जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और “फिर एक बार, एनडीए सरकार” के नारे गूंजते रहे। लोगों ने कहा कि मिथुन कुमार एक जमीनी और सहज नेता हैं, जो जनता की समस्याओं को नजदीक से समझते हैं और उनके समाधान के लिए हर वक्त तत्पर रहते हैं।

वर्तमान में जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में कार्यरत मिथुन कुमार ने कहा, “नाथनगर की जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। इस बार जनता के आशीर्वाद से एनडीए की जीत निश्चित है। विधायक बनने के बाद मैं क्षेत्र के हर वर्ग — किसान, युवा, महिला और व्यापारी — की जरूरतों को प्राथमिकता दूंगा।”

उन्होंने कहा कि नाथनगर के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर ठोस योजना तैयार की गई है। एनडीए सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है, और अब नाथनगर को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनका लक्ष्य है।

मिथुन कुमार के जनसंपर्क अभियान ने एनडीए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। स्थानीय लोगों में उनके प्रति बढ़ते समर्थन से नाथनगर का चुनावी माहौल अब धीरे-धीरे एनडीए के पक्ष में मजबूत होता दिख रहा है।

डीएम और एसएसपी ने पीरपैंती के कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

0

Bihar Election News: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में भागलपुर प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने शनिवार को पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा कर जमीनी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की भौतिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बिजली, पेयजल और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से मध्य विद्यालय रिफातपुर के मतदान केंद्र संख्या 392 और 393 का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मतदान तिथि से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा गश्ती दलों की संख्या बढ़ाई जाए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त  प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव  अशोक कुमार मंडल, और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता मो. सरफराज नवाज सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि वे समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें और मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, रौशनी और सुगम पहुंच की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट,  डीएम ने भागलपुर हवाई अड्डा मैदान का किया निरीक्षण

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर भागलपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की दिशा में की जा रही तैयारियों के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 6 नवंबर को संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा तेज कर दी है।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को भागलपुर हवाई अड्डा मैदान, जो वीवीआईपी चुनावी कार्यक्रम का प्रस्तावित स्थल है, का विस्तृत मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, जनसुविधाओं और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं उच्चतम मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री एवं एग्जिट रूट, पार्किंग क्षेत्र, भीड़ नियंत्रण और मीडिया के लिए निर्धारित स्थानों की तैयारी समय रहते पूरी कर ली जाए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त  प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर  विकास कुमार, और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू रहें, ताकि कार्यक्रम बिना किसी अवरोध के संपन्न हो सके।

भागलपुर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में चुनावी गतिविधियों के साथ-साथ वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी समान रूप से फोकस रखा जा रहा है।