Home Blog Page 194

आचार संहिता 16 नवंबर तक रहेगी लागू, मतगणना के बाद भी प्रशासन सख्त निगरानी में

0

भागलपुर, 12 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान के बाद अब नजरें 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इस बीच जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आदर्श आचार संहिता 16 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। भागलपुर जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (संख्या-263) में यह जानकारी दी गई है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना के बाद भी विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आदर्श आचार संहिता की अवधि को 16 नवंबर तक बढ़ाया गया है। यानी, इस दौरान राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों पर वही सभी नियम और पाबंदियां लागू रहेंगी जो मतदान से पहले थीं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आचार संहिता के तहत जुलूस निकालना, विजय जश्न मनाना, लाउडस्पीकर का उपयोग, या किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और समर्थकों से अपील की है कि वे चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद कर दिया गया है ताकि मतगणना के बाद किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जिला प्रशासन का कहना है कि मतगणना के सुचारू संचालन और जनशांति बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

दिल्ली दहली: लाल किला के पास कार ब्लास्ट में 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल — राजधानी में हाई अलर्ट जारी

0

नई दिल्ली, 10 नवंबर 2025 — देश की राजधानी आज शाम एक बड़े धमाके से दहल उठी। ऐतिहासिक लाल किला के पास रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के नजदीक सोमवार शाम करीब 6:52 बजे एक चलती कार में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका अफरातफरी में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, ब्लास्ट के समय कार ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पास में खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं, आसपास की दुकानों और घरों के शीशे टूट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि “अचानक एक तेज धमाका हुआ और सबकुछ धुएं से भर गया।”

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

विस्फोट के बाद पूरे दिल्ली एनसीआर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एनएसजी, एनआईए और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि यह कार बम धमाका हो सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि “यह मानवता के खिलाफ कृत्य है, दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।” वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने हाई-लेवल मीटिंग बुलाई है और रात में ही घटनास्थल का दौरा करने ke साथ-साथ घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे ।

घटना के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस को कुछ CCTV फुटेज मिले हैं जिनमें एक संदिग्ध व्यक्ति विस्फोट से कुछ मिनट पहले कार के पास घूमता दिख रहा है।

इस ब्लास्ट ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। देशभर में इस घटना की निंदा हो रही है और लोग सोशल मीडिया पर #RedFortBlast के ज़रिए शांति और एकता की अपील कर रहे हैं।

दानापुर में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया गहरा शोक

0

पटना। राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत दियारा क्षेत्र के अकीलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मकान की छत गिर जाने से पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही सभी की जान चली गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत मर्माहत कर देने वाली घटना है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और इस दुःखद घड़ी में उन्हें धैर्य व शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति (संख्या–CM-522, दिनांक 10 नवंबर 2025) के अनुसार, यह हादसा दानापुर के अकीलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर 42 पड़ी गांव में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुराना मकान होने के कारण छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी।

राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर संभव मदद करेगी और इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

भागलपुर में बने 35 आदर्श मतदान केंद्र — हर बूथ पर बेहतर सुविधा और सशक्त मतदाता की तैयारी पूरी

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार मतदाताओं के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए जिले में 35 “आदर्श मतदान केंद्र” स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि मतदान एक उत्सव की तरह संपन्न हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि इन आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं — जैसे कि स्वच्छ पेयजल, रैंप, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्राथमिक उपचार सुविधा, व्हीलचेयर, हेल्प डेस्क, सेल्फी प्वाइंट, और सजावटी वातावरण। इन केंद्रों पर दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था की गई है ताकि मतदान सुगम और सम्मानजनक तरीके से हो सके।

इन आदर्श मतदान केंद्रों में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में 5, गोपालपुर में 5, पीरपैंती में 4, कहलगांव में 5, भागलपुर में 10, सुल्तानगंज में 3, और नाथनगर में 5 केंद्र शामिल हैं।
प्रमुख आदर्श केंद्रों में दुर्गाचरण प्राथमिक विद्यालय, आदमपुर, नगर निगम कार्यालय कोर्ट कंपाउंड, अधीक्षण अभियंता कार्यालय डीबीसी कॉलोनी, प्रखंड कार्यालय नाथनगर, और मध्य विद्यालय बलाहा, बिहपुर का नाम प्रमुख रूप से लिया जा सकता है।

इन आदर्श केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां मतदान कर्मी मतदाताओं का मुस्कुराकर स्वागत करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर मतदाता मतदान केंद्र पर “प्रेरित होकर मतदान करें और गर्व महसूस करें।”

डीएम ने कहा कि आदर्श मतदान केंद्र लोकतंत्र की भावना को और मजबूत करते हैं, क्योंकि ये न सिर्फ मतदान को सहज बनाते हैं बल्कि जनता में चुनावी जागरूकता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे 11 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करें और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिले के ये 35 आदर्श मतदान केंद्र “मॉडल बूथ फॉर मॉडल डेमोक्रेसी” के रूप में पूरे बिहार के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

भागलपुर में डीएम ने लिया नियंत्रण कक्ष का जायजा, 70% मतदान दल पहुंच चुके अपने केंद्रों पर — कल होगा मतदान

0

Bihar chunaw: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को समीक्षा भवन स्थित जिला नियंत्रण कक्ष का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों की तैनाती और उनके मूवमेंट की रीयल-टाइम जानकारी ली।

नियंत्रण कक्ष से प्राप्त फीडबैक के अनुसार, अब तक 70% मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं, जबकि शेष दल रास्ते में हैं। डीएम ने बताया कि मतदान दलों को ले जाने वाले सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे वाहनों की स्थिति और लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह मॉनिटरिंग आई-ट्रिपल-सी कंट्रोल रूम से की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

डॉ. चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिला प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीएपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है, साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा और निर्बाध मतदान के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मंगलवार को भागलपुर जिले में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और शत-प्रतिशत भागीदारी वाला मतदान संपन्न होगा।
जिला नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय है और सभी विधानसभा क्षेत्रों से मिल रहे अपडेट पर निगरानी रखी जा रही है।

राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता भागलपुर में संपन्न, पटना प्रमंडल ने मारी बाजी

0

Bhagalpur News: खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय (U-14, U-17 एवं U-19) तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल समापन सोमवार को हुआ। 8 से 10 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में पूरे राज्य से सैकड़ों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला उद्योग महाप्रबंधक सुश्री खुशबू कुमारी और उपनिदेशक शारीरिक शिक्षा जय नारायण कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

अंतिम दिन इंडियन राउंड प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। U-17 बालक वर्ग (30 मीटर) में पहला स्थान पटना प्रमंडल के पीयूष कुमार ने हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में संस्कृति राज (पटना प्रमंडल) ने 30 व 20 मीटर दोनों राउंड में स्वर्ण पदक जीता। कुल मिलाकर ओवरऑल विजेता पटना प्रमंडल, उपविजेता मगध प्रमंडल, और तृतीय स्थान भागलपुर प्रमंडल को मिला।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन में चयनकर्ता एवं तकनीकी अधिकारियों — चंदन कुमार, जयप्रकाश कुमार, सरोज कुमार सहित अन्य को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन में सहयोग देने वाले कई शिक्षकों और कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर बिहार टीम का गठन भी किया गया, जो 19 नवंबर से वाराणसी में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेगी।
जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर जल्द शुरू होगा, ताकि बिहार टीम राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सके।

भागलपुर बनेगा वेब पत्रकारिता का केंद्र,  WJAI का 7वां स्थापना दिवस समारोह और वेब मीडिया समागम 27-28 दिसंबर को भव्य आयोजन

0

Bihar News: वेब पत्रकारिता को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन अब भागलपुर में होने जा रहा है। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) अपना सातवां स्थापना दिवस समारोह सह वेब मीडिया समागम आगामी 27 और 28 दिसंबर 2025 को भागलपुर में भव्य रूप से आयोजित करेगा। देशभर के प्रतिष्ठित वेब पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि यह समागम वेब मीडिया जगत के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से वेब पत्रकार और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में वेब पत्रकारिता की चुनौतियों, अवसरों और भविष्य की दिशा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने कहा कि यह आयोजन केवल WJAI के सात वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह वेब मीडिया की विश्वसनीयता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर मंथन का मंच भी बनेगा। उन्होंने कहा, “आज की पत्रकारिता में तकनीक जितनी तेजी से बढ़ी है, उतनी ही जिम्मेदारी भी बढ़ी है। समाज में सकारात्मक पत्रकारिता को सशक्त बनाना ही इस सम्मेलन का उद्देश्य है।”

समारोह में मीडिया से जुड़ी वर्कशॉप, संवाद सत्र, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार, विस्तृत कार्यक्रम-शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।

भागलपुर में होने वाला यह दो दिवसीय आयोजन वेब पत्रकारिता को नया आयाम देने के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के भविष्य पर ठोस विमर्श का मंच साबित होगा।

भागलपुर में कल दूसरे चरण का मतदान, प्रशासन अलर्ट — 22 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे सियासी भविष्य

0

Bihar chunaw: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भागलपुर जिला पूरी तरह तैयार है। मंगलवार, 11 नवंबर को जिले की सात विधानसभा सीटों पर मतदान होना है, जहां 22 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 82 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में दो डिस्पैच केंद्र बनाए गए हैं, जहां से मतदान कर्मी मतदान सामग्री लेकर अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाएं।

प्रशासन ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की है ताकि कोई भी नागरिक मतदान से वंचित न रह जाए। वहीं, सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पारा मिलिट्री फोर्स के साथ-साथ अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रहे।

भागलपुर की सातों विधानसभा सीटों — भागलपुर, नाथनगर, कहलगांव, सुल्तानगंज, गोपालपुर, पीरपैंती और बिहपुर — पर मतदाता मंगलवार को लोकतंत्र की दिशा तय करेंगे।

मतदान को बढ़ावा देने की अनोखी पहल: भागलपुर में ‘VOTENOW’ कोड से फ्री राइड, बूथ तक पहुंचाएगी Rapido!

0

Bihar Election News: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। मतदाताओं को बूथ तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भागलपुर में एक शानदार पहल की गई है। रैपिडो (Rapido) ने घोषणा की है कि मतदान के दिन शहर के मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने के लिए मुफ्त राइड सुविधा दी जाएगी। इसके तहत मतदाता सिर्फ “VOTENOW” कूपन कोड का इस्तेमाल कर 30 रुपये तक की राइड बिल्कुल मुफ्त ले सकेंगे।


लोकतंत्र के इस महापर्व पर लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से Rapido ने भागलपुर और कटिहार दोनों जिलों में यह सेवा शुरू की है। कंपनी ने बताया कि मतदाता बाइक टैक्सी राइड का लाभ केवल मतदान वाले दिन यानी 11 नवंबर को ही ले पाएंगे। Rapido के सह-संस्थापक पवन गुंडुपल्ली ने कहा कि “हर एक वोट लोकतंत्र को मजबूत करता है। हम चाहते हैं कि कोई भी मतदाता बूथ तक जाने में किसी असुविधा का सामना न करे।”

भागलपुर के सिटी एग्जीक्यूटिव सौरव कुंवर ने भी अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व पर सभी मतदाताओं को अपने बूथ पर जाकर मतदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि Rapido की यह पहल खासतौर पर युवाओं और बुजुर्गों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी, ताकि कोई भी व्यक्ति केवल आने-जाने की दिक्कत के कारण मतदान से वंचित न रह जाए।

इस सेवा का लाभ लेने के लिए मतदाताओं को अपने मोबाइल में Rapido ऐप खोलकर “VOTENOW” कोड डालना होगा, जिससे 30 रुपये तक की राइड का किराया स्वतः माफ हो जाएगा। कंपनी का यह कदम न केवल सुविधाजनक है बल्कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरक प्रयास भी माना जा रहा है।

भागलपुर में एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडे का जनसंवाद और जनसंपर्क अभियान — बोले, “जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत”

0

Bihar chunaw: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान से पहले एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडे ने शुक्रवार को भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया। सुबह सैंडिस कंपाउंड में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित जनता, सामाजिक संगठनों और युवाओं से मुलाकात की। इस अवसर पर माँ आनंदी संस्था के सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान रोहित पांडे ने कहा कि भागलपुर के विकास की गंगा को और तीव्र गति देना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। जनता ने भी एनडीए सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर संतोष जताया और आगामी चुनाव में कमल के निशान पर मतदान कर विकास की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया।

सैंडिस कंपाउंड में संवाद कार्यक्रम के बाद रोहित पांडे ने अपने समर्थकों के साथ शिलाटर, गढ़कछारी, कुम्हारटोली, सी टी लेन, मसकन, लालूचक, नरगा और रामदुलारपुर सहित कई इलाकों में मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क किया। लोगों से मुलाकात कर उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और एनडीए के पक्ष में समर्थन मांगा।

इस जनसंपर्क अभियान में अमृत लाल, संजय मालाकार, रणजीत गुप्ता, अरुण साह, निरंजन सिन्हा, राकेश आनंद, सुधीर साह, भरत लाल, पृथ्वीराज, नवल, रामदेव साह और प्रेम बहादुर समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में चुनावी जोश और उत्साह देखने को मिला।