Patna News: बिहार सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण’ के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित बीआईटी मेसरा, पटना परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली ₹11,464 करोड़ की लागत वाली 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार बिहार की जनता की सरकार है, हम आपके सेवक हैं। जनता के भरोसे और सहयोग से विकसित एवं समृद्ध बिहार का सपना अवश्य साकार होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पहले 100 दिन पूरी तरह जनसेवा, सुशासन और विकास को समर्पित रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनसे राज्य के समग्र विकास को नई गति मिली है।
211 नए डिग्री कॉलेज और 551 मॉडल स्कूल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक ही दिन में 211 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई, जबकि 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही एआई आधारित स्मार्ट गवर्नेंस और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हर जिले में उद्योग, 5 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार के प्रत्येक जिले में कम से कम एक बड़ा उद्योग स्थापित किया जाएगा। सरकार ने 20 नवंबर तक राज्य में ₹5 लाख करोड़ का निवेश लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए देश-विदेश के निवेशकों से लगातार संवाद किया जा रहा है।
राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क, गया में स्टील हब
औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई देने के लिए वैशाली के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनाया जाएगा, जहां ₹20 हजार से ₹30 हजार करोड़ तक का निवेश आने की संभावना है और करीब एक लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
इसके अलावा गया के आईएमसी परिसर में लगभग 3000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब विकसित किया जाएगा, जो बिहार के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा।
अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलें
सरकार ने कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना का लक्ष्य तय किया है। साथ ही टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य क्षेत्रों में बड़े निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा।
सड़क, मेडिकल और एयरपोर्ट परियोजनाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले तीन वर्षों में बिहार में करीब 200 किलोमीटर मरीन ड्राइव विकसित किया जाएगा। सड़क, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार पीपीपी मॉडल के तहत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोनपुर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, सुल्तानगंज में नया एयरपोर्ट, तथा दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। विक्रमशिला विश्वविद्यालय के विकास के लिए 220 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी गई है।
सहयोग शिविर से 90 प्रतिशत आवेदनों का निपटारा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी 534 प्रखंडों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।
माइक्रोसॉफ्ट समेत कई महत्वपूर्ण समझौते
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग और माइक्रोसॉफ्ट के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। वहीं डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग का एचपीसीएल और आईओसीएल के साथ भी समझौता हुआ। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार देश का सबसे युवा और संभावनाओं से भरपूर राज्य है। सरकार ‘आशा, सपना और जनकल्याण’ के मंत्र के साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता के सहयोग और विश्वास से आने वाले वर्षों में बिहार निवेश, रोजगार, नवाचार और औद्योगिक विकास का अग्रणी राज्य बनेगा।


