‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, बुलेट और मोबाइल भी बरामद; नशे के नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस
Bhagalpur News: भागलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत लोदीपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 52 ग्राम स्मैक और 8 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सिंटू कुमार मंडल के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को लोदीपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विष्णुपुर जिच्छो इलाके में एक युवक द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया और कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा। इसके बाद पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 52 ग्राम स्मैक और 8 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद सामान को जब्त करते हुए युवक को हिरासत में लिया गया और उसके खिलाफ लोदीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नशे के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जा रही थी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
लोदीपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच में जुटी है।


