Homeबिहारभागलपुर सिटीराघोपुर में गंगा का रौद्र रूप, मंदिरों के बाद रेलवे लाइन पर...

राघोपुर में गंगा का रौद्र रूप, मंदिरों के बाद रेलवे लाइन पर संकट; कटाव का मंत्री ने लिया जायजा

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के नवगछिया के राघोपुर में गंगा नदी का रौद्र रूप लगातार देखने को मिल रहा है। भीषण कटाव के कारण इलाके में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। कटाव की चपेट में आने से जहां तटबंध को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर भी गंगा में समा चुके हैं। अब कटाव का खतरा रेलवे लाइन के आसपास भी मंडराने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

बिगड़ते हालात के बीच बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ई० कुमार शैलेंद्र बुधवार को राघोपुर पहुंचे और कटाव प्रभावित इलाके का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं से गंगा के कटाव की मौजूदा स्थिति और अब तक किए गए बचाव कार्यों की जानकारी ली।

मंत्री ने अभियंताओं को दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों और अभियंताओं को कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी लगातार अपना रास्ता बना रही है और ऐसी स्थिति में सभी को मिलकर संघर्ष करना होगा।

मंत्री के मुताबिक, कटाव को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक बचाव कार्य कराया जा रहा है।

कटाव प्रभावित लोगों के लिए बनेगा जर्मन हैंगर टेंट

गंगा के कटाव के कारण प्रभावित परिवारों के पलायन को देखते हुए उनके रहने और भोजन की व्यवस्था को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर तैयारी की जा रही है। मंत्री ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए जर्मन हैंगर टेंट लगाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए कई एजेंसियों से बातचीत की गई है, ताकि विस्थापित और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही उनके भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

रेलवे लाइन की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

राघोपुर में लगातार हो रहे कटाव के बीच रेलवे लाइन की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा बन गई है। गंगा की धारा जिस तेजी से जमीन को काट रही है, उससे रेलवे लाइन को लेकर भी खतरे की आशंका जताई जा रही है।

रेलवे लाइन को कटाव से बचाने के सवाल पर मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि मां दुर्गा और बजरंगबली ने आहुति दे दी है, अब हम लोग सर्वाइव करेंगे और इसे स्टेबल भी करेंगे। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि संवेदनशील क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

लगातार बढ़ते कटाव से ग्रामीणों में दहशत

राघोपुर में गंगा के कटाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तटबंध और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचने के बाद अब रेलवे लाइन की सुरक्षा को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई है। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।

लगातार कटाव के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों की चुनौती अब प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ महत्वपूर्ण संरचनाओं को गंगा की तेज धारा से बचाने की है। आने वाले दिनों में गंगा के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
scattered clouds
24.8 ° C
24.8 °
24.8 °
71%
1m/s
47%
Fri
32 °
Sat
32 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
31 °

Most Popular