Bhagalpur News: समाहरणालय, भागलपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मार्च के प्रथम सप्ताह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत में प्रस्तावित जन संवाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैजानी पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, उच्च विद्यालय परिसर तथा विद्यालय के समीप स्थित तालाब पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जन संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।
जिलाधिकारी ने बैजानी सड़क के समीप कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का भी जायजा लिया और सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित कई जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का मानना है कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान आयोजित जन संवाद कार्यक्रम से क्षेत्र की विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
समृद्धि यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
मार्च के पहले सप्ताह में प्रस्तावित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर भागलपुर के बैजानी पंचायत में तेज हुई तैयारियां, सड़क से लेकर पंचायत भवन और स्कूल परिसर तक कार्यों की समीक्षा
RELATED ARTICLES

