Patna News: बिहार में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के कड़े निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने पटना, हाजीपुर और दरभंगा जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में मिलावटी, एक्सपायर्ड और असुरक्षित खाद्य पदार्थ जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराए गए।
हाजीपुर: 72 किलो स्टार्च युक्त मिलावटी पनीर नष्ट
वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्टेशन रोड पर खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान:
- सुधीर किराना दुकान से 14 किलोग्राम स्टार्च मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया गया।
- श्री गणेश पनीर हाउस से 58 किलोग्राम मिलावटी पनीर बरामद कर तुरंत नष्ट कराया गया। दोनों स्थानों से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा (बेनीपुर): एक्सपायर्ड सुधा मिल्क और पनीर पर कार्रवाई
दरभंगा जिले के बेनीपुर (आशापुर चौक) स्थित सुधा मिल्क पार्लर में खाद्य संरक्षा अधिकारी द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच में:
- 21 लीटर एक्सपायर्ड सुधा दूध
- 18 किलोग्राम खराब हो चुका पनीर
पाया गया, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तुरंत मौके पर ही विनष्ट कराया गया और सैंपल लैब भेजे गए।
पटना (फतुहा): दूध में कैंसरकारी ‘फॉर्मेलिन’ की पुष्टि, 126 लीटर दूध बहाया
सबलपुर, फतुहा (टेढ़ी पुल) स्थित राजीव डेयरी में खाद्य संरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में दूध और पनीर की जांच की गई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दूध को सुरक्षित रखने के लिए उसमें खतरनाक केमिकल फॉर्मेलिन की मिलावट की गई थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 126 लीटर दूध को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
फतुहा में अलेक्सा फूड्स (Food Supplements) पर संयुक्त छापेमारी
फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements के ठिकाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
- परिसर से फूड सप्लीमेंट्स, कच्चा माल और मैन्युफैक्चरिंग उपकरण जब्त किए गए।
- कुल 06 विभिन्न नमूने (सैंपल) जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं।
- हालांकि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक औषधि नहीं मिली और संचालक ने खाद्य निर्माण अनुज्ञप्ति (License) होने का दावा किया है। दस्तावेजों की पूर्ण जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
पटना में ‘संतुष्टि स्वीट्स’ का औचक निरीक्षण
पटना शहर स्थित प्रसिद्ध संतुष्टि स्वीट्स और उसकी विनिर्माण इकाई (मैन्युफैक्चरिंग यूनिट) में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने साफ-सफाई और स्वच्छता (Hygiene) के मानकों का कड़ाई से पालन करने के सख्त निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सचिव का कड़ा संदेश: स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि ने स्पष्ट कहा, “जनता की थाली और सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। असुरक्षित, मिलावटी या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कानून का कड़ा चाबुक चलेगा। पूरे राज्य में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”


