Bhagalpur News: भागलपुर जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र में 10 सितंबर को हुए उत्तम कुमार यादव हत्याकांड में पुलिस और STF की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर घटना को अंजाम देने वाले दो पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
10 सितंबर 2026 को दौलतपुर (ईशीपुर बाराहाट) निवासी उत्तम कुमार यादव (पिता- राजकुमार यादव) ईशीपुर से कहलगांव जाने वाले मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पचरुखी मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर ईशीपुर बाराहाट थाने में कांड संख्या-131/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
अवैध संबंध बना हत्या का कारण, 3-4 दिनों से हो रही थी रेकी
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि साहेबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी सरोज भारती की पत्नी के साथ मृतक उत्तम कुमार यादव का अवैध संबंध था। इसी रंजिश में सरोज भारती ने उत्तम यादव की हत्या की साजिश रची। सरोज भारती और गिरफ्तार दोनों आरोपी पिछले 3-4 दिनों से बाइक से लगातार उत्तम की रेकी कर रहे थे। घटना के दिन उत्तम को पचरुखी मोड़ की तरफ जाते देख सरोज भारती बाइक से उतर गया ताकि उसकी पहचान न हो सके, और बाकी दोनों शूटरों ने सुनसान जगह देखकर उत्तम को गोली मार दी।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
- प्रदुमन यादव (पिता- शाहबल्ली यादव) – निवासी: मिर्जापुर बधार, थाना- मनिहारी, जिला- कटिहार।
- मो० लालू (पिता- स्व० मो० शमशेर) – निवासी: नया टोला, थाना- अमदाबाद, जिला- कटिहार।
बरामदगी:
- 01 मोटरसाइकिल
- 01 मोबाइल फोन
- ₹1,500 नगद
मुख्य आरोपी सरोज भारती की तलाश जारी
हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता सरोज भारती (पिता- स्व० रामगृह यादव, निवासी- शोमनपुर डेरा, मुफस्सिल, साहेबगंज) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी प्रदुमन यादव का पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार प्रदुमन यादव एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं:
- मुफस्सिल थाना (साहेबगंज) – कांड सं०-227/19 (धारा 302/34 भा०द०वि० एवं आर्म्स एक्ट – हत्या का मामला)
- मनिहारी थाना (कटिहार) – कांड सं०-269/23 (डकैती की योजना एवं आर्म्स एक्ट)
- मनिहारी थाना (कटिहार) – कांड सं०-210/23 (मारपीट, रंगदारी एवं अन्य धाराएं)
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी
वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-02 के नेतृत्व में इस विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में ईशीपुर बाराहाट थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पु०अ०नि० विपिन प्रसाद यादव, पु०अ०नि० शकील अंसारी, सिपाही रतन कुमार, कौशल कुमार सिंह, मुकेश कुमार, सुजीत कुमार और भागलपुर STF की टीम शामिल थी।


