फेसबुक-इन्स्टाग्राम पर अवैध कट्टे के साथ फोटो वायरल होने के बाद ललमटिया पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हथियार भी जब्त।
Crime News: सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने या रील्स/फोटो बनाने वालों के खिलाफ भागलपुर पुलिस सख्त रुख अपना रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में पुलिस सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रख रही है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक फोटो का तुरंत संज्ञान लेते हुए ललमटिया थाना पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है।
वायरल फोटो से शुरू हुआ अनुसंधान
दिनांक 19.09.2026 को भागलपुर पुलिस को सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध आग्नेयास्त्र (देशी कट्टा) के साथ फोटो तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भागलपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-2 के पर्यवेक्षण तथा ललमटिया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान, घर पर छापेमारी
विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय साक्ष्यों (Human Intelligence) के आधार पर वायरल फोटो में दिख रहे युवक की पहचान हिमांशु कुमार उर्फ छोटू के रूप में की। पहचान स्पष्ट होते ही पुलिस टीम ने उसके घर पर विधिवत छापेमारी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
निशानदेही पर देशी कट्टा बरामद
पूछताछ के दौरान हिमांशु कुमार उर्फ छोटू ने हथियार के संबंध में राज उगला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अजीत कुमार के पास से 01 अवैध देशी कट्टा बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने हथियार को जप्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- हिमांशु कुमार उर्फ छोटू (पिता – रंजन कुमार मंडल)
- अजीत कुमार (पिता – सुभाष ठाकुर) (दोनों निवासी – नसरतखानी नेताजी कॉलोनी, थाना – ललमटिया, जिला – भागलपुर)
बरामदगी:
- अवैध देशी कट्टा: 01
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी:
- पु०अ०नि० सह-थानाध्यक्ष विपिन कुमार (ललमटिया थाना)
- पु०अ०नि० भूषण कुमार सिंह (ललमटिया थाना)
- पु०अ०नि० हरिनारायण मांझी (ललमटिया थाना)
- सशस्त्र बल (ललमटिया थाना)
भागलपुर पुलिस की अपील
भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर कानून-विरुद्ध, आपत्तिजनक या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की तकनीकी टीम लगातार सोशल मीडिया पर निगरानी रख रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


