Crime News: सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ भागलपुर पुलिस सख्त मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में पुलिस की सोशल मीडिया सेल विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर लगातार बारीक नजर रख रही है। इसी क्रम में फेसबुक/इंस्टाग्राम पर अवैध आग्नेयास्त्र (हथियार) के साथ वायरल हुई एक फोटो/वीडियो का त्वरित संज्ञान लेते हुए मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो से मिला सुराग
दिनांक 19.09.2026 को पुलिस को सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ कुछ युवकों का फोटो व वीडियो वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भागलपुर के निर्देश, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-2 के पर्यवेक्षण में मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान से हुई पहचान, भतौड़िया में छापेमारी
विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों (Human Intelligence) के आधार पर वायरल फोटो/वीडियो में दिख रहे दो युवकों की पहचान की। पहचान के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भतौड़िया गांव में उनके घरों पर छापेमारी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
वायरल फोटो/वीडियो में दिख रहे 3 अन्य व्यक्तियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- सुधांशु कुमार (पिता – युगल किशोर)
- मंजित कुमार (पिता – फूटी यादव) (दोनों निवासी – भतौड़िया, थाना – मधुसूदनपुर, जिला – भागलपुर)
आगे का अनुसंधान जारी
मामले में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और वायरल फोटो/वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस अनुसंधान जारी रखे हुए है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस अधिकारी:
- पु०अ०नि० सह-थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० सागर (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० रवैशंकर तुलित (मधुसूदनपुर थाना)
- परि०पु०अ०नि० सूरज कुमार (मधुसूदनपुर थाना)
- सशस्त्र बल (मधुसूदनपुर थाना)
भागलपुर पुलिस का कड़ा संदेश
भागलपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर असलाह लहराने या कानून के विरुद्ध सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


