Patna News: बिहार के शहरीकरण को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक आधुनिक शहरों को विकसित करने की दिशा में सम्राट सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को पटना के ‘संकल्प सभागार’ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच एक ऐतिहासिक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत राज्य में 12 शानदार ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए 1,00,000 करोड़ रुपये (एक लाख करोड़ रुपये) के दीर्घकालिक वित्तपोषण (Long-term Financing) को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री के समक्ष नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा हडको (HUDCO) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
3 लाख एकड़ से अधिक में बसेंगे नए शहर, 35% शहरीकरण का लक्ष्य
इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। इन 12 नए टाउनशिप को लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक के विशाल क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस महापरियोजना के माध्यम से बिहार सरकार राज्य में शहरीकरण के 35 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
किसानों को लैंड पुलिंग से बनाएंगे भागीदार, 30 दिनों में होगा मुआवजे का भुगतान
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस महापरियोजना में किसानों को ‘लैंड पुलिंग’ (Land Pooling) के माध्यम से भागीदार बनाया जाएगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज रखने के लिए सरकार ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। जो भी किसान मुआवजे के लिए आवेदन देंगे, उन्हें महज 30 दिनों के अंदर उनके मुआवजे का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
बिहार में कुल 7 लाख करोड़ का होगा भारी-भरकम इन्वेस्टमेंट
मुख्यमंत्री ने निवेश के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि बिहार सरकार इन 12 नए टाउनशिप को लेकर हडको के माध्यम से 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इसके अलावा, इस परियोजना के धरातल पर उतरने से देश और विदेश से लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निजी और संस्थागत निवेश (Institutional Investment) बिहार में आएगा। इस प्रकार, इस पूरी योजना से बिहार के आर्थिक विकास को एक अभूतपूर्व गति मिलेगी।
विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाओं से लैस होंगे स्मार्ट टाउनशिप
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप पूरी तरह से अत्याधुनिक आधारभूत संरचना से लैस होंगे। इन टाउनशिप में निम्नलिखित विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी:
- आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: चौड़ी और आधुनिक सड़कों का नेटवर्क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अत्याधुनिक सीवरेज सिस्टम।
- हरित क्षेत्र व पर्यावरण: बड़े पैमाने पर ग्रीन ज़ोन (हरित क्षेत्र) और पार्कों का निर्माण।
- बुनियादी आवश्यकताएं: 24 घंटे शुद्ध जलापूर्ति, विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं।
- वाणिज्यिक केंद्र: रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए व्यापारिक, सामाजिक और वाणिज्यिक अधोसंरचना का विकास, जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री समेत कई शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
इस ऐतिहासिक बैठक और एमओयू साइनिंग प्रोग्राम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह व संजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर० पुडकलट्टी, विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवड़े सहित हडको और नगर विकास विभाग के कई अन्य वरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।


