सहेलियों के साथ नहाने गई थी आठवीं कक्षा की छात्रा ममता कुमारी, तेज धार में बहने के बाद सात घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन; अंधेरा होने पर अभियान रोका गया
Bhagalpur News: जितिया पर्व की तैयारियों के बीच भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अमडंडा थाना क्षेत्र के बोडा पाठक डीह पंचायत के रानी बनिया गांव के पास गेरुआ नदी में नहाने के दौरान 13 वर्षीय छात्रा तेज पानी की धार में बह गई। करीब सात घंटे तक स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोकना पड़ा।
लापता छात्रा की पहचान सुरमनीयां गांव निवासी वकील सिंह की 13 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता आठवीं कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाने के दौरान तेज धार की चपेट में आईं कई लड़कियां
जानकारी के अनुसार, जितिया पर्व की तैयारी के बीच ममता अपनी सहेलियों के साथ गेरुआ नदी में नहाने गई थी। नदी किनारे कई लड़कियां नहा रही थीं। इसी दौरान तीन-चार लड़कियां अचानक पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं।
घाट पर मौजूद लोगों और युवकों ने तत्परता दिखाते हुए तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ममता को बचाने में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस, गोताखोर और आपदा मित्रों ने चलाया अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अमडंडा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद सन्हौला अंचलाधिकारी की पहल पर एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने भी करीब दो घंटे तक नदी में बच्ची की तलाश की। स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर करीब सात घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
अंधेरा होने पर रोका गया तलाशी अभियान
तेज पानी के बहाव और अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आने लगीं। इसके बाद अभियान को रोक दिया गया। घटनास्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि स्थानीय गश्ती दल भी लगातार निगरानी कर रहा है।
सन्हौला अंचल अधिकारी रजनीश चंद्र राय ने बताया कि काफी खोजबीन के बावजूद ममता कुमारी का पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ टीम को तलाशी अभियान में परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम दोबारा नदी में बच्ची की तलाश शुरू करेगी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में जितिया पर्व की तैयारियों को लेकर खुशियां थीं, वहां अब बेटी के इंतजार में परिवार का हर सदस्य गमगीन है।


