Bhagalpur News: भागलपुर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कचहरी चौक के समीप बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो ई-रिक्शा के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
अचानक ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ई-रिक्शा तिलकामांझी की तरफ से तेज गति में आ रहा था। कचहरी चौक के पास पहुंचते ही अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सीधे सामने से आ रहे दूसरे ई-रिक्शा में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और वे सड़क पर ही पलट गए।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान, घायलों को भेजा अस्पताल
हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों की तत्परता से ई-रिक्शा के नीचे दबे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां कुछ यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
चश्मदीदों का कहना है: “रफ्तार तेज थी और ब्रेक फेल होते ही चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दोनों गाड़ियां आपस में टकरा चुकी थीं।”
मौके पर पहुँची ट्रैफिक पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क के बीचो-बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों ई-रिक्शा को हटाकर अपने कब्जे में लिया और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दोनों ई-रिक्शा चालकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने शहर में ई-रिक्शा की बेलगाम रफ्तार और फिटनेस की जांच न होने पर भी आक्रोश जताया है।


