Home Blog Page 309

नवगछिया में चाकू से जानलेवा हमला, युवक की हालत नाजुक

0

Crime News: नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह-बिंदटोली रोड पर देर रात एक सनसनीखेज वारदात में टोटो सवार युवक राजा झा पर बाइक सवार अपराधी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर पर कई वार के बाद वह बेहोश हो गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना का विवरण:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरह निवासी बलभद्र झा के पुत्र राजा झा सोमवार रात टोटो से नवगछिया बाजार से सामान लेकर वापस लौट रहे थे। जब उनका टोटो बिंदटोली मोड़ के पास पहुंचा, तभी एक बाइक सवार ने ओवरटेक कर उन्हें रुकवाया और अचानक चाकू से हमला कर दिया।

राजा झा के सिर और शरीर पर कई बार वार किए गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह मौके पर ही बेहोश हो गए। टोटो चालक किस्मत राज ने तत्काल उन्हें नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।

चश्मदीद का बयान:

टोटो चालक किस्मत राज ने बताया,

“हम नगरह से नवगछिया लौट रहे थे। जैसे ही बिंदटोली मोड़ के पास पहुंचे, मेरा टोटो अचानक खराब हो गया और लाइट भी बंद थी। तभी एक बाइक सवार युवक आया और बिना कुछ कहे राजा झा पर चाकू से हमला करने लगा। बीच-बचाव में मुझे भी हाथ में चोट लगी। फिर वह युवक फरार हो गया।”

गांव में तनाव, परिजन पहुंचे अस्पताल:

घटना की जानकारी मिलते ही राजा झा के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने आक्रोश जताया और हमलावर की गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी:

नवगछिया थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और बाइक सवार अपराधी की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता: 25 हजार के इनामी अपराधी ऋषभ चौधरी गिरफ्तार

0

Crime News: नवगछिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए टॉप-10 इनामी अपराधियों की सूची में शामिल और 25 हजार रुपये के इनामी ऋषभ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर कड़ा प्रहार माना जा रहा है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश ने बताया कि ऋषभ चौधरी को भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा गांव से गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था, जो लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

आपराधिक इतिहास:

ऋषभ चौधरी पर हत्या, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले जैसे संगीन अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। रंगदारी और फायरिंग का मामला:

11 नवंबर 2024 को वादी शैलेश चौधरी ने ऋषभ व उसके साथियों के खिलाफ खरीक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि ऋषभ कटेला गांव स्थित उनकी दुकान पर रंगदारी मांगने पहुंचा था और विरोध करने पर फायरिंग कर फरार हो गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रिंस कुमार पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस को राहत, जनता को उम्मीद:

पुलिस को राहत, जनता को उम्मीद:

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा कि ऋषभ की गिरफ्तारी से नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर संतोष देखा जा रहा है।

आगे की कार्रवाई:

पुलिस अब ऋषभ से पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और अपराध नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश में है। संभावना है कि उसकी निशानदेही पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

भागलपुर की बेटी काव्य पाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर रचा इतिहास, नेपाल में जीता गोल्ड मेडल

0

Bhagalpur News:  भागलपुर की नन्हीं डांसर काव्य पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश और जिला का नाम रोशन किया है। 12 जून को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 5th Mount Everest International Dance Championship में काव्य पाल ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

काव्य पाल भागलपुर के बरारी पश्चिम टोला की रहने वाली हैं और माउंट कार्मल स्कूल में कक्षा 2 की छात्रा हैं। मात्र 8 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों से रिदम डांस एकेडमी में कोरियोग्राफर आमिर सर के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

प्रतिभा की यात्रा: जिला से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

काव्य पाल की पहली प्रतियोगिता जिला स्तर पर हुई थी, जिसका आयोजन बिहार स्टेट डांस स्पोर्ट्स यूनिट, भागलपुर के जिला प्रभारी कुंदन सर के नेतृत्व में नवगछिया में हुआ था। वहां चयनित होने के बाद उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसका संचालन सूरज वर्मा (प्रभारी, बिहार स्टेट डांस स्पोर्ट्स यूनिट, जमुई) ने किया। इस प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित कराया।

जनवरी 2025 में गुजरात में आयोजित नेशनल डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में काव्य पाल ने सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया था।

अब लक्ष्य: थाईलैंड की इंटरनेशनल चैंपियनशिप

काव्य पाल के पिता आशीष पाल ने बताया कि उनकी बेटी का चयन दिसंबर 2025 में थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है। यह पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।

स्वागत समारोह और आभार

नेपाल से विजयी होकर लौटने पर काव्य पाल का भव्य स्वागत रिदम डांस एकेडमी की पूरी टीम और कोरियोग्राफर आमिर सर ने किया। इस मौके पर काव्य पाल के माता-पिता ने आमिर सर, कुंदन सर और सूरज वर्मा सर के प्रति आभार जताया, जिनके मार्गदर्शन में काव्य की प्रतिभा को नई उड़ान मिली।

यह सफलता यह दर्शाती है कि अगर प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और समर्पण मिले, तो वह सीमाओं को पार कर अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमक सकती है। भागलपुर की बेटी काव्य पाल आज हर उस बच्चे के लिए प्रेरणा हैं, जो सपने देखता है और उन्हें सच करने का साहस रखता है।

अब वोटर लिस्ट में नाम खोजने के लिए करें 1950 पर कॉल — भारत निर्वाचन आयोग की सुविधा भागलपुर में भी उपलब्ध

0

Bhagalpur News: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मतदाताओं को सशक्त बनाने और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी व सुलभ बनाने की दिशा में एक अहम पहल की है। अब नागरिक वोटर लिस्ट में अपना नाम खोजने, मतदान केंद्र जानने, और EPIC कार्ड से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 का उपयोग कर सकते हैं।

1950 मतदाता हेल्पलाइन नंबर की मुख्य विशेषताएं

  • टोल-फ्री कॉलिंग सुविधा (केवल भारत में मान्य)
  • सप्ताह में छह दिन उपलब्ध: सोमवार से शनिवार
  • समय: सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
  • भाषा समर्थन: हिंदी, अंग्रेज़ी व क्षेत्रीय भाषाएँ

कॉल करने से पहले रखें ये जानकारी तैयार

  • EPIC नंबर (मतदाता पहचान पत्र क्रमांक),
  • या फिर पूरा नाम, पता व जन्मतिथि

1950 पर कॉल कर आप क्या जानकारी प्राप्त कर सकते हैं

  1. मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज है या नहीं
  2. EPIC नंबर की जानकारी (यदि कार्ड खो गया हो)
  3. फॉर्म 6, 7, 8 की स्थिति (आवेदन स्वीकार हुआ या नहीं)
  4. मतदान केंद्र का पता
  5. क्षेत्रीय BLO या ERO से संपर्क जानकारी
  6. ऑनलाइन आवेदन भरने में सहायता

यह सुविधा क्यों है जरूरी

वोटर हेल्पलाइन 1950 का उद्देश्य मतदाताओं को घर बैठे सही और समय पर जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे चुनाव में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। भागलपुर जिले के नागरिकों से आग्रह है कि वे समय रहते अपने मतदाता विवरण की पुष्टि करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भाग लें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1105 करोड़ की भूपतिपुर–पुनपुन एलिवेटेड पथ का किया लोकार्पण

0

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के अंतर्गत 1105 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भूपतिपुर से पुनपुन (NH-22) तक एलिवेटेड/एटग्रेड सड़क का शिलापट्ट अनावरण एवं लोकार्पण किया।

अब सिपारा से महुली सिर्फ 5 से 6 मिनट में

लोकार्पण समारोह भूपतिपुर में आयोजित किया गया था, जहाँ मुख्यमंत्री ने फीता काटकर परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस एलिवेटेड सड़क के चालू हो जाने से अब सिपारा से महुली की दूरी सिर्फ 5 से 6 मिनट में तय की जा सकेगी। पथ के रैंप से होकर यात्री तेज और निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान पुनपुन में लोगों से की मुलाकात

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं भूपतिपुर से पुनपुन तक एलिवेटेड सड़क का निरीक्षण किया और पुनपुन पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से बातचीत भी की। लोगों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में विकास की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस क्षेत्र से मेरा पुराना जुड़ाव रहा है। मुझे जब भी मौका मिलता है, मैं यहां की समस्याओं को सुनता और समाधान करता हूं। हम हमेशा आपके साथ हैं।”

दक्षिण बिहार के जिलों को होगा लाभ

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान बताया कि इस सड़क के चालू हो जाने से गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, राजगीर जैसे दक्षिण बिहार के जिलों तक आवागमन आसान होगा। पटना की जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ राजधानी के दक्षिणी हिस्सों में रहने वाले लाखों लोगों को यातायात में बेहतर सुविधा और समय की बचत होगी।

सिपारा से मीठापुर फ्लाईओवर तक होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में सिपारा के पास रुककर अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ सिपारा पुल के ऊपर से होकर मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर से जुड़ेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस बचे हुए कार्य को आगामी दो माह में हर हाल में पूरा किया जाए।

उपस्थित रहे कई गणमान्य व्यक्ति

इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री – सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री  नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री  श्याम रजक, पूर्व सांसद  रामकृपाल यादव, सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पथ निर्माण से जुड़े वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

नवगछिया में नाबालिग से डेढ़ माह तक करवाई गई चोरी, विरोध करने पर बेरहमी से पीटा गया – वीडियो वायरल

0

Crime News:  खरीक थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग बच्चे से पिछले डेढ़ महीने से जबरन चोरी करवाई जा रही थी। डराने-धमकाने और पिटाई के जरिए उसे चोरी के लिए मजबूर किया गया। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

चोरी नहीं करने पर लकड़ी से की जाती थी पिटाई

पीड़ित बच्चे के परिवार के अनुसार, क्षेत्र के ही कुछ किशोरों ने उस मासूम को अपने कब्जे में ले रखा था और घरों में चोरी करवाते थे। चोरी की रकम पूरी न देने पर उसे मोटी लकड़ी से बेरहमी से पीटा जाता था। यह अमानवीय व्यवहार लगातार डेढ़ महीने तक चलता रहा।

45 हजार रुपये तक की चोरी का आरोप

परिवार ने बताया कि घटना का खुलासा तब हुआ जब 8 जून को घर से पैसे गायब होने पर पूछताछ की गई। तब जाकर बच्चे ने अपनी आपबीती सुनाई। अब तक कुल 45,000 रुपये की चोरी की बात सामने आ चुकी है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि खरीक थाना में शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब पीड़ित पक्ष ने नवगछिया एसपी कार्यालय का रुख किया तो उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि आवेदन के मजमून से छेड़छाड़ की गई और आरोपियों को नामजद नहीं किया गया।

एसपी ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

पीड़ित परिवार की प्रशासन से अपील

बच्चे की मां ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और नाबालिगों के शोषण पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

भागलपुर के आकाश इंस्टीट्यूट ने नीट यूजी 2025 में रचा इतिहास, शत-प्रतिशत सफलता के साथ 17 छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की उम्मीद

0

Bhagalpur News:  भागलपुर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान आकाश इंस्टीट्यूट ने नीट यूजी 2025 के परिणाम में एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए इतिहास रच दिया है। संस्थान ने इस वर्ष शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है, और लगभग 17 छात्रों के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने की प्रबल संभावना जताई गई है।

इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में रविवार को आकाश इंस्टीट्यूट परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सफल छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संस्थान द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों को माला पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच पर विद्यार्थियों के चेहरों पर जहां आत्मविश्वास था, वहीं अभिभावकों की आंखों में गर्व और संतोष की चमक देखने लायक थी।

छात्राओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परीक्षा कठिन थी, लेकिन आकाश इंस्टीट्यूट की अनुभवी फैकल्टी, नियमित टेस्ट सीरीज और सही मार्गदर्शन ने उन्हें सफलता की राह दिखाई।

संस्थान के वरिष्ठ शिक्षक नौशाद सर ने कहा,

“नीट रिजल्ट हमारे लिए सिर्फ एक परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि हमारी गुणवत्ता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस बार 17 से अधिक छात्र ऐसे हैं जिन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिलने की पूरी संभावना है।“

महिलाओं की आवाज़ से बदलेगा बिहार: भागलपुर में ‘महिला संवाद’ बना सशक्तिकरण का नया मॉडल

0

Bhagalpur News: बिहार सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी आकांक्षाओं को नीति-निर्माण में शामिल करने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ अब सामाजिक बदलाव का माध्यम बन चुका है। भागलपुर जिले में भी इस कार्यक्रम ने महिलाओं को अपनी बात कहने और भविष्य निर्माण में हिस्सेदारी का नया मंच दिया है।

अब तक भागलपुर जिले में 1725 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3 लाख 76 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। साथ ही, 30,303 पुरुष प्रतिभागियों ने भी इन कार्यक्रमों में शिरकत की है। प्रत्येक दिन औसतन 30 ग्राम संगठनों में संवाद का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें प्रतिदिन लगभग 7,000 महिलाएं शामिल हो रही हैं। अब तक 33 हजार से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जा चुकी हैं, जिन्हें संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

महिलाओं की मुखर भागीदारी

गोराडीह प्रखंड के नदियामा पंचायत में सोनालिका ग्राम संगठन की सदस्य रूबी देवी ने कहा, “हमें अपनी बातें सरकार तक पहुंचाने का अच्छा अवसर मिला है। यह हमारे लिए गौरव की बात है कि राज्य विकास के लिए हमारे मंतव्यों को अहमियत दी जा रही है।”
वहीं सबौर प्रखंड की सितारा जीविका महिला ग्राम संगठन की सदस्य कौशल्या देवी ने कहा, “सरकार की योजनाओं से हमें आगे बढ़ने में मदद मिली है। बेटियों की शिक्षा और महिलाओं की तरक्की के लिए चल रही योजनाएं बेहद प्रभावशाली हैं।”

स्थानीय मांगों को मिली प्राथमिकता

शहकुंड प्रखंड के दरियापुर पंचायत में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना और नल-जल योजना की मरम्मत की मांग को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि गर्मियों में जल स्रोतों के सूख जाने पर नल-जल योजना जीवन रेखा बनकर सामने आई है, लेकिन नियमित आपूर्ति के लिए इसकी देखरेख जरूरी है।

सरकारी दृष्टिकोण

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री सुनिर्मल गरेन ने बताया कि इन संवादों के माध्यम से सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं और आवश्यकताओं की वास्तविक जानकारी मिल रही है, जिससे योजनाओं को जनसरोकार के मुताबिक ढाला जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि इन कार्यक्रमों में प्राप्त 33 हजार से अधिक आकांक्षाओं को विभागवार वर्गीकृत कर निष्पादन की दिशा में अग्रसर किया जा रहा है।

नारी शक्ति से बदलेगा बिहार

यह संवाद कार्यक्रम केवल संवाद नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने का ज़रिया बन रहा है। महिलाएं अब सिर्फ लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्माण में भागीदार बन रही हैं। राज्य सरकार का यह प्रयास न केवल महिला सशक्तिकरण, बल्कि लोक भागीदारी आधारित विकास मॉडल को साकार कर रहा है।

फोरलेन निर्माण पर बिहारीपुर के ग्रामीणों का धरना जारी, सर्विस रोड की मांग को लेकर प्रशासन पर दबाव

0

Bhagalpur News: मिर्जाचौकी से मुंगेर तक बन रही फोरलेन सड़क परियोजना अपने अंतिम चरण में है। लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इस विकास कार्य के बीच नाथनगर प्रखंड के मधुसूदनपुर क्षेत्र अंतर्गत बिहारीपुर गांव के ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और जिला प्रशासन के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर दी है।
ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है — “हमें सर्विस रोड चाहिए।”

13 जून से जारी है शांतिपूर्ण धरना

बिहारीपुर के ग्रामीण 13 जून से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हैं। उन्होंने साफ़ चेतावनी दी है कि जब तक सर्विस रोड की स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने फोरलेन निर्माण के लिए अपनी कीमती जमीनें दी हैं, लेकिन अब उन्हें उस सड़क से जुड़ने का कोई माध्यम ही नहीं मिल रहा है।

बाढ़ क्षेत्र में सर्विस रोड की अनिवार्यता

बिहारीपुर क्षेत्र बाढ़-प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन तो बन गया, लेकिन यदि सर्विस रोड नहीं बनी तो आपातकालीन स्थिति में संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। इससे न सिर्फ जन-जीवन प्रभावित होगा बल्कि जान-माल का भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाएगा।

ग्रामीणों ने जताया रोष, प्रशासन से जल्द समाधान की मांग

धरने में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बार-बार निर्माण एजेंसी और प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन उनकी बातों को अब तक अनसुना किया जा रहा है। वे चाहते हैं कि उन्हें केवल एक सुविधाजनक और सुरक्षित पहुंच मार्ग मिले, ताकि वे भी इस फोरलेन परियोजना के लाभार्थी बन सकें, न कि विकास के शिकार।

सिर्फ विकास नहीं, सुरक्षा भी ज़रूरी

ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन यह विकास उनकी सुरक्षा और जीवनशैली को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और फोरलेन निर्माण एजेंसियों से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है ताकि एक स्थायी समाधान निकल सके और इलाके के लोग भी आत्मविश्वास के साथ इस परियोजना को स्वीकार कर सकें।

भागलपुर में थिरकन डांस स्टूडियो का कथक समर कैंप संपन्न, बच्चों ने सीखी शास्त्रीय नृत्य की बारीकियां

0

थिरकन डांस एंड फिटनेस स्टूडियो द्वारा आयोजित पांच दिवसीय कथक प्रमोशन समर कैंप का समापन सोमवार को उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा के साथ हुआ। इस शिविर में भागलपुर शहर सहित आसपास के कई बच्चों ने भाग लिया और लखनऊ घराने की पारंपरिक कथक शैली की तकनीकें सीखी।

नृत्य प्रशिक्षक निभाष मोदी से मिला पारंपरिक प्रशिक्षण

प्रसिद्ध कथक प्रशिक्षक निभाष मोदी ने इस प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को तीन ताल, एक ताल, झप ताल, धमाल ताल और रूपक ताल जैसी महत्वपूर्ण तालों के अभ्यास कराए। साथ ही भाव, ले, लय और तबले के साथ जुगलबंदी की शास्त्रीय परंपरा से भी बच्चों को परिचित कराया।

प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने नृत्य की आत्मा को समझने, शारीरिक संतुलन, भाव-प्रदर्शन और तालमेल पर विशेष बल दिया। बच्चों ने कथक की गहराई को न केवल सीखा, बल्कि उसे अनुभव भी किया।

संस्कृति से जोड़ने की सार्थक पहल

इस समर कैंप का उद्देश्य केवल नृत्य सिखाना नहीं था, बल्कि बच्चों को भारतीय शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा से जोड़ना भी था। आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण में बच्चों ने गहरी रुचि ली और अनुशासन के साथ हर सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शिविर के समापन समारोह में सभी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षक और आयोजकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी रचनात्मकता के मार्ग पर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

टीम के सदस्यों की अहम भूमिका

कार्यक्रम में थिरकन स्टूडियो की निदेशिका अनीता, सह-प्रशिक्षक अनवर और बॉबी (मिस्टर रोबो) ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इन्होंने न केवल प्रशिक्षण को सुदृढ़ बनाया, बल्कि बच्चों का उत्साह भी बनाए रखा।

आगे भी होंगे ऐसे आयोजन

थिरकन डांस एंड फिटनेस स्टूडियो की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा और कला से गहराई से जोड़ा जा सके।