Home Blog Page 199

भागलपुर में महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन! केंद्रीय कार्यालय का भव्य उद्घाटन, अजीत शर्मा बोले– बिहार में हमारी सरकार बनेगी, युवाओं को अब पलायन नहीं करना पड़ेगा

0

Bhagalpur Election News: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आज भागलपुर के कचहरी चौक पर महागठबंधन का केंद्रीय कार्यालय उद्घाटन के साथ ही राजनीतिक तापमान चढ़ गया। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने विकास और बदलाव का बिगुल बजाते हुए कहा— “अब वक्त आ गया है कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। हमारी सरकार बनेगी, और हर युवा को अपने राज्य में ही अवसर मिलेगा।”

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष परवेज जमाल, कार्यकर्ता राकेश शर्मा, राजेश सिंह, प्रवीण कुमार, मिंटू कुरैशी, राजद नेता तिरुपति यादव, राजद महिला जिला अध्यक्ष सीमा जायसवाल समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और “महागठबंधन ज़िंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

अजीत शर्मा ने कहा कि भागलपुर में महागठबंधन की लड़ाई किसी व्यक्ति या दल से नहीं, बल्कि जनता के विकास और सम्मान की है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता महागठबंधन को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाकर विकास की नई इबारत लिखेगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश सरकार ने बिहार को ठहराव दिया है, अब जनता बदलाव चाहती है। “हम शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊर्जा भरेंगे, ताकि बिहार आत्मनिर्भर बन सके,” उन्होंने कहा।

उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने जीत का संकल्प दोहराया और एक सुर में कहा— “अबकी बार, जनता की सरकार!”

भागलपुर विधानसभा से सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के उम्मीदवार संजय कुमार यादव का जनसंपर्क अभियान तेज, जनता से मांगा समर्थन

0

Bhagalpur Election News: विधानसभा चुनाव में मतदान की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं, राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भागलपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या 156) से सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के उम्मीदवार संजय कुमार यादव ने जनसंपर्क अभियान को नई गति दे दी है। बुधवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ लालूचक, खंजरपुर, बरारी और नरगा सहित कई इलाकों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और अपने समर्थन में दूरबीन छाप पर वोट देने की अपील की।

संजय कुमार यादव ने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी इंडिया आम जनता की आवाज बनकर समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा — “आज भी समाज में असमानता, गरीबी और बेरोजगारी जैसी समस्याएं जड़ पकड़ चुकी हैं। इनका समाधान सिर्फ एक ईमानदार और जनमुखी सरकार ही कर सकती है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जाति, धर्म या समुदाय से ऊपर उठकर विकास और बदलाव के मुद्दों पर मतदान करें।

जनसंपर्क के दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। संजय यादव ने भरोसा दिलाया कि वे भागलपुर को रोजगार, शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श मॉडल बनाएंगे।

उन्होंने कहा — “भागलपुर को नई दिशा देने का वक्त आ गया है। अबकी बार जनता बदलाव के मूड में है और मैं इस भरोसे को जिम्मेदारी में बदलने का संकल्प लेकर मैदान में उतरा हूँ।”

संजय यादव ने यह भी कहा कि सोशलिस्ट पार्टी इंडिया की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान और गरीबों को न्याय दिलाना है। उन्होंने जनता से वादा किया कि अगर वे चुने जाते हैं, तो हर गली-मोहल्ले की आवाज विधानसभा तक पहुंचेगी।

भागलपुर में 29 अक्टूबर को होगा ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन, निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी

0

Bhagalpur News: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 अक्टूबर 2025 को जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम (EVM) का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रातः 11 बजे समीक्षा भवन सभागार, भागलपुर में संपन्न होगी।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली की अधिसूचना संख्या ECI/PN/316/2025 (दिनांक 06 अक्टूबर 2025) के अनुरूप बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवम्बर 2025 को होगा। इस चरण में भागलपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्र — 152-बिहपुर, 153-गोपालपुर, 154-पीरपैंती (अ.जा.), 155-कहलगांव, 156-भागलपुर, 157-सुल्तानगंज और 158-नाथनगर — शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, इन सभी क्षेत्रों के लिए पहला रेंडमाइजेशन 13 अक्टूबर 2025 को सफलतापूर्वक पूरा किया गया था। अब अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना के पत्रांक 4631 (दिनांक 17 अक्टूबर 2025) के निर्देश पर द्वितीय रेंडमाइजेशन आयोजित किया जा रहा है।

इस दौरान निर्वाचन से संबंधित वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी (EVM कोषांग), उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीआईओ, एनआईसी भागलपुर तथा आईटी मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य होगी। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयपूर्व पूरी करें, ताकि यह प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि ईवीएम रेंडमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया वीडियो रिकॉर्डिंग और आयोग के निर्धारित मानकों के तहत की जाएगी।

छठ महापर्व पर बरारी पुल घाट पर उमड़ी श्रद्धा की लहर, आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने सूर्य देव को दिया अर्घ्य

0

Bhagalpur News: लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर आज पूरा भागलपुर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह में डूबा रहा। शहर के प्रसिद्ध बरारी पुल घाट पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ के बीच प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय एवं जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और उदीयमान सूर्य से प्रदेश की समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

अर्घ्य अर्पण के बाद आयुक्त और जिलाधिकारी ने घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ जैसे पवित्र पर्व पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें। आयुक्त श्री राय ने कहा कि “छठ पर्व बिहार की संस्कृति, श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम है। यह हमारी परंपरा की पहचान है।”

वहीं जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि “छठ महापर्व कर्मयोग और भक्तियोग का सजीव प्रतीक है। प्रशासन ने पूरी तत्परता के साथ यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।”

नगर निगम, पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं। घाटों पर रोशनी, सुरक्षा घेराबंदी, चिकित्सा सुविधा और स्वच्छता की व्यवस्था देखने लायक थी। जिला प्रशासन की ओर से सभी घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, लाइटिंग और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की गई।

छठ की मंगल बेला में जब सूर्य की लालिमा गंगा तट को नहलाने लगी, तो पूरे माहौल में भक्ति, आस्था और अद्भुत ऊर्जा का संचार हो गया। बरारी घाट पर “छठ मईया” के जयघोष के साथ वातावरण पावन भावनाओं से गूंज उठा।

बबरगंज में हत्या कांड का खुलासा: चार घंटे में तीन आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने दिखाई फुर्ती

0

Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस ने बबरगंज थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का खुलासा करते हुए महज चार घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ह्रदयकांत के निर्देशन में की गई, जिससे पुलिस की तत्परता और दक्षता एक बार फिर सामने आई है।

घटना 26 अक्टूबर की है, जब बबरगंज थाना क्षेत्र के रवि चौधरी (30 वर्ष) की हत्या कर दी गई। रवि चौधरी अपने दोस्तों के साथ मनिष सरकार चौक स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। वहीं से वे अपने मित्र शुभम सोनार के घर गए, जहां कथित विवाद के बाद हमला हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक के साथ उसके तीन दोस्तों — शुभम सोनार, सुजीत कुमार उर्फ मन्ना, और शिवम कुमार — ने मिलकर बर्बर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की मदद से घायल को तत्काल जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी सिटी –2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूत्रों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 घंटे के भीतर तीनों आरोपितों — शुभम सोनार (23 वर्ष), सुजीत कुमार उर्फ मन्ना (20 वर्ष) और शिवम कुमार (18 वर्ष) — को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या, साजिश और मारपीट के गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपित शुभम सोनार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 और 2022 में भी बबरगंज थाने में हत्या और हथियार अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है और फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में बबरगंज थाना प्रभारी रवींद्र कुमार, हबीबपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार, तथा विशेष दस्ता के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

भागलपुर विधानसभा में रोहित पांडेय की भव्य पदयात्रा, जनता से संवाद कर विकास व सुशासन का लिया संकल्प

0

Bihar Election: भागलपुर विधानसभा के ईश्वर नगर मंडल में एनडीए के समर्पित एवं ऊर्जावान प्रत्याशी रोहित पांडेय ने आज विभिन्न क्षेत्रों — मुंदीचक, भीखनपुर एक नंबर गुमटी, दो नंबर गुमटी, बारह नंबर गुमटी, भट्टा रोड, लालू चक आदि में भव्य पदयात्रा एवं जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएँ सुनी और उनके समाधान के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की।

पदयात्रा के दौरान श्री पांडेय ने बिहार में एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जनता के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर वे भागलपुर में पुनः कमल खिलाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा —

“भागलपुर की जनता ने सदैव राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन में विश्वास किया है। मैं इस जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने का कार्य करूंगा, ताकि भागलपुर प्रदेश और देश के विकास का सशक्त केंद्र बन सके।”

इस अवसर पर जिला पूर्व अध्यक्ष अभय बर्मन, जिला उपाध्यक्ष अंजना प्रकाश, ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष अमित ट्विंकल, मंडल महामंत्री हेमंत शर्मा, अनंत चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष गीता शर्मा, कंचन पांडेय, आकाश मिश्रा, विश्वजीत मिश्रा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अमन मंडल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सोनू साह, मंडल महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रीति पांडेय सहित एनडीए के अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर एनडीए के पक्ष में समर्थन की अपील की, जिससे जनसमर्थन में उत्साहजनक वृद्धि देखने को मिली। जनता ने रोहित पांडेय की विकास और सुशासन की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें आगामी चुनाव में पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।

भागलपुर विधानसभा सीट से 12 प्रत्याशी मैदान में, कांग्रेस के अजीत शर्मा, बीजेपी के रोहित पांडे और जन सुराज के अभय कांत झा के बीच होगा मुख्य मुकाबला

0

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या 156) से 12 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक सूची में विभिन्न दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

इस सीट से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक अजीत शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के रोहित पांडे, और जन सुराज पार्टी के अभय कांत झा के बीच मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी से रेखा दास, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से योगेन्द्र प्रसाद यादव, और सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) से रवि कुमार सिंह ने भी ताल ठोकी है।

इसके अलावा छह निर्दलीय प्रत्याशी — चंद्र किशोर साह, धनंजय कुमार पांडेय, निशा भारती, सुबोध मंडल, संजय कुमार यादव, और एस. जे. वेदांत — भी चुनावी मैदान में हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं, और अब प्रचार अभियान पूरे जोर पर है। भागलपुर की यह सीट एक बार फिर हाई-प्रोफाइल मुकाबले का केंद्र बनने जा रही है।

बिहार में विकास की गंगा बह रही है, खौफ और डरावना के दिन हुए इतिहास: अश्विनी चौबे

0

भागलपुर, 23 अक्टूबर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बिहार एनडीए के नेतृत्व में विकास, सुशासन और स्थिरता के पथ पर लगातार अग्रसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महागठबंधन अब असहाय और बिखरा हुआ दिख रहा है और एनडीए की जीत को रोकने में सक्षम नहीं है।

श्री चौबे ने याद दिलाया कि 2005 से पहले बिहार में महागठबंधन का शासन भय, खौफ, भ्रष्टाचार और अराजकता से भरा था, जिसे जनता ने ‘जंगलराज’ के नाम से याद किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार, सुशील कुमार मोदी, उनके सहित एनडीए के कई नेताओं ने उस दौर से बिहार को निकालकर विकास और सुशासन की दिशा दी।

उन्होंने वर्ष 2005 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा मुजफ्फरपुर कांड का उल्लेख करते हुए भागलपुर में की गई सभा को याद किया, जिसने एनडीए की लहर पैदा की और लालू शासन को उखाड़ फेंका।

श्री चौबे ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के प्रयासों से बिहार ने विकास में अद्भुत प्रगति की है। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए भ्रष्टाचार और दुराचार से कभी समझौता नहीं करता और जनता इसी सिद्धांत पर बार-बार जनादेश देती रही है।

अंत में श्री चौबे ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता फिर एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देगी और श्री नीतीश कुमार ही एनडीए के मुखिया रहेंगे।

भागलपुर में मां काली शोभायात्रा के दौरान स्काउट-गाइड ने लगाया जल सेवा व प्राथमिक सहायता शिविर, 30 वर्षों से निभा रहे सेवा परंपरा

0

भागलपुर। 23 अक्टूबर: मां काली की भव्य शोभायात्रा के अवसर पर भारत स्काउट और गाइड भागलपुर जिला संस्था की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्काउट गाइड भवन के उत्तर की ओर सड़क किनारे जल सेवा एवं प्राथमिक सहायता एक दिवसीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा परंपरा संस्था द्वारा लगातार 30 वर्षों से निभाई जा रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य जिला आयुक्त मनोज कुमार सिंह, जिला सचिव प्रवीण कुमार झा, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) विपिन कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कुमार राय, जिला आयुक्त (स्काउट) मनीष कुमार सिंह, जिला आयुक्त (रोवर) मनीष कुमार और सीनियर स्काउटर सदानंद मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जहां एक ओर स्काउट-गाइड के सदस्य श्रद्धालुओं को जल और प्राथमिक सहायता प्रदान कर रहे थे, वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। “पहले मतदान, फिर जलपान” के नारे के साथ लगाए गए बैनर और सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और मतदान प्रतिशत बढ़ाने का संकल्प लिया।

यह सेवा शिविर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक निर्बाध रूप से जारी रहा । शिविर के सफल संचालन में सीनियर रोवर रवि भारती, रोवर स्काउट लीडर अभिषेक आनंद, रोवर सागर कुमार यादव, रेंजर सिमरन, रौशन खातून, गाइड सिमरन, तथा क्राइस्ट चर्च बालिका उच्च विद्यालय और सर्युदेबी मोहनलाल इंटर स्कूल मीरजानहाट के स्काउट-गाइड दलों ने सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम की जानकारी जिला सचिव प्रवीण कुमार झा और जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) विपिन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दी, जिन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड सदस्यों की यह सेवा भावना समाज में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।

भागलपुर विधानसभा: अर्जित शाश्वत चौबे करेंगे नामांकन, बोले- जनता के आशीर्वाद से होगा विकास का विजय उत्सव

0

Bhagalpur News: भागलपुर विधानसभा सीट पर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के युवा और कद्दावर नेता अर्जित शाश्वत चौबे ने ऐलान किया है कि वे 18 अक्टूबर, शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। चौबे ने कहा कि वे जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच लौट रहे हैं।

अर्जित शाश्वत चौबे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “भागलपुर मेरा परिवार है। जनता के सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहना मेरा धर्म है। अबकी बार जनता का आशीर्वाद हमें विजय दिलाएगा और मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को और मजबूत करूंगा।”

उन्होंने बताया कि ‘नामांकन एवं आशीर्वाद यात्रा’ का शुभारंभ प्रातः 9 बजे सी.एम.एस. हाई स्कूल, आदमपुर मैदान से होगा। चौबे ने इसे जनता के विश्वास, शक्ति और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया।

चौबे ने कहा कि यह यात्रा भागलपुर के उज्जवल भविष्य की दिशा में नई शुरुआत होगी, जहां विकास, सेवा और जनकल्याण सर्वोपरि होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में हर वर्ग के लोगों के साथ काम किया है—बाढ़ पीड़ित, किसान और बेरोजगार युवा। जनता ने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है और अब यह स्नेह विकास के रूप में लौटेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस बार भागलपुर विधानसभा का मुकाबला दिलचस्प और प्रतिस्पर्धात्मक रहने वाला है। नामांकन यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम विवरण:
दिनांक: 18 अक्टूबर 2025
समय: प्रातः 09:00 बजे
स्थान: सी.एम.एस. हाई स्कूल मैदान