Home Blog Page 177

सबका सम्मान–जीवन आसान: गृह सचिव प्रणव कुमार ने की जनसुनवाई, फरियादियों को मिला त्वरित न्याय का भरोसा

0

पटना, 02 फरवरी: सात निश्चय–3 के तहत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत सोमवार को गृह विभाग द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार की अध्यक्षता में यह जनसुनवाई सुबह 11:00 बजे से 01:00 बजे तक चली, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।

जनसुनवाई के दौरान गृह सचिव ने एक-एक कर सभी मामलों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

इस मौके पर प्रणव कुमार ने कहा कि “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि गृह विभाग में इस योजना के तहत प्रत्येक सोमवार को 11:00 से 01:00 बजे तथा शुक्रवार को अपराह्न 03:00 से 05:00 बजे नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इन जनसुनवाइयों में विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव एवं विशेष सचिव स्वयं फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देते हैं।

बबरगंज थाना की कमान संभालते ही थानेदार दिव्या कुमारी ने बुलाई शांति समिति की बैठक, कानून-व्यवस्था पर दिया जोर

0

Bhagalpur News: बबरगंज थाना में थानेदार रविशंकर के तबादले के बाद नवपदस्थापित थानेदार दिव्या कुमारी ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और आपसी समन्वय को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।

इस बैठक में शांति समिति से जुड़े सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और क्षेत्र के जिम्मेदार लोग शामिल हुए। बैठक के दौरान थानेदार दिव्या कुमारी ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि आम जनता की भी संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस जनता के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगी।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों से थाना क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, संवेदनशील स्थानों, सामाजिक गतिविधियों और आपसी विवाद की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। इसके साथ ही आसपास के संवेदनशील इलाकों को लेकर सदस्यों से फीडबैक प्राप्त किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

थानेदार दिव्या कुमारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें, जिससे पुलिस समय पर कार्रवाई कर सके और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

नवपदस्थापित थानेदार ने भरोसा दिलाया कि बबरगंज थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और सामाजिक सौहार्द कायम रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

केंद्रीय बजट प्रगतिशील और भविष्योन्मुखी, विकसित भारत के लक्ष्य को देगा गति: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

0

पटना, 01 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सकारात्मक, स्वागतयोग्य और भविष्योन्मुखी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पेश किया गया है और इसके माध्यम से देश के विकास की गति को और तेज करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में देश में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गई है। इनमें वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा। इससे राज्य में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बजट में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा भी की गई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जलमार्ग के विस्तार से बिहार के कई शहरों को लाभ मिलेगा, राज्य के उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक एवं व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्रीय बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन का ऐलान किया गया है। इससे बिहार सहित पूरे देश में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की घोषणा की गई है। इससे बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना के विकास और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरों के विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही बजट में देश के प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक बेहतर और विकासोन्मुख बजट पेश करने के लिए धन्यवाद दिया।

आम बजट 2026 पेश: बिहार को विकास की कई सौगातें, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर खास फोकस

0

नई दिल्ली/पटना। देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में आम बजट 2026–27 पेश किया। यह उनका लगातार नौवां बजट है। बजट में विकास, रोजगार, कृषि और आधारभूत संरचना को प्राथमिकता दी गई है। वहीं बिहार के लिए भी यह बजट कई मायनों में अहम साबित हो सकता है।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

बजट में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए Bharat-VISTAAR नामक AI आधारित प्लेटफॉर्म की घोषणा की है, जिससे किसानों को मौसम, मिट्टी, फसल और सरकारी योजनाओं की जानकारी उनकी भाषा में मिल सकेगी। इसका सीधा लाभ बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य को मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा पशुपालन, मत्स्य पालन और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने की योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इंफ्रास्ट्रक्चर से खुलेगा रोजगार का रास्ता

बजट में बुनियादी ढांचे पर बड़े निवेश का ऐलान किया गया है। खास तौर पर पटना में जहाज मरम्मत (शिप रिपेयर) सुविधा स्थापित किए जाने की घोषणा को बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे गंगा जलमार्ग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इसके साथ ही नए रेल कॉरिडोर, सड़क परियोजनाओं और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों से बिहार में व्यापार और आवागमन को गति मिलने की उम्मीद है।

राज्यों को मिलेगा वित्तीय सहयोग

केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए वित्त आयोग अनुदान और पूंजीगत सहायता बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे बिहार सरकार को विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय उद्योग और MSME को बढ़ावा

बजट में टेक्सटाइल, हस्तशिल्प और MSME सेक्टर के लिए विशेष प्रोत्साहन की बात कही गई है। इसका लाभ बिहार के लघु उद्योगों और पारंपरिक कारीगरों को मिल सकता है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कुल मिलाकर बिहार के लिए क्या मायने

हालांकि बजट भाषण में बिहार का नाम बार-बार नहीं लिया गया, लेकिन कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, जलमार्ग, रेल और राज्य सहायता से जुड़ी घोषणाएं बिहार के विकास के लिए अहम मानी जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले समय में इन योजनाओं का ज़मीनी असर दिखेगा।

कुल मिलाकर आम बजट 2026 को विकासोन्मुख और भविष्य की जरूरतों पर केंद्रित बताया जा रहा है, जिससे बिहार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद हैं l

माघी पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अजगैविनाथ की उत्तरवाहिनी गंगा में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी

0

सुल्तानगंज (भागलपुर)। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम पूरी तरह शिवमय हो गया। हर हर महादेव और जय मईया पार्वती के गगनभेदी जयकारों से अजगैविनाथ नगरी गूंज उठी। बिहार और झारखंड से आए हजारों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दान–पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघी पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु का वास गंगा जल में होता है। इस दिन गंगा स्नान और दान करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ अहले सुबह से ही उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

इस अवसर पर मिथिलांचल से आए हजारों कांवरिए भी अजगैविनाथ धाम पहुंचे। कांवरियों ने गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल लिया और हर हर महादेव के जयकारों के साथ पैदल एवं वाहनों से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रशासन के निर्देश पर गंगा घाटों पर बेरिकेडिंग की गई, एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती की गई। वहीं थानाध्यक्ष मृत्युंजय के नेतृत्व में गंगा घाट से लेकर पूरे शहर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस मौके पर अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने माघी पूर्णिमा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने बताया कि आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के मद्देनज़र अजगैविनाथ मंदिर में रंग-रोगन और भव्य सजावट की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

माघी पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर अजगैविनाथ धाम में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने एक बार फिर सुल्तानगंज को आस्था की राजधानी बना दिया।

भागलपुर पुलिस ने ढूंढ निकालीं दोनों बेटियां, उम्मीद आखिर जीत गई।”

0

Bhagalpur News: भागलपुर से एक राहत भरी और दिल को सुकून देने वाली खबर सामने आई है। पिछले 24 दिनों से लापता दो स्कूली छात्राएँ सोनाक्षी और जिया को भागलपुर पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार 8 जनवरी को दोनों छात्राएँ घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 9 जनवरी को बबरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया। इस टीम की जिम्मेदारी सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई।

आठ सदस्यीय एसआईटी ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, रेलवे टिकट और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचनाओं को जोड़कर पुलिस टीम धीरे-धीरे लोकेशन तक पहुंची। इस ऑपरेशन में दिल्ली और मुंबई पुलिस का भी सहयोग लिया गया, जबकि डीआईयू टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली और मुंबई के डोंगरी सीएचसी इलाके के पास दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजन भावुक हो उठे। छात्रा के पिता थाना पहुंचे, जहां से उन्हें एसएसपी कार्यालय ले जाया गया। परिजनों ने पुलिस टीम को धन्यवाद देते हुए इसे नई जिंदगी मिलने जैसा बताया।

प्रेस वार्ता में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शिकायत मिलते ही हर संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी गई थी। मिसिंग फोटो जारी कर सर्च अभियान तेज किया गया था। उन्होंने कहा कि 24 दिन बाद बच्चियों का सुरक्षित मिलना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हो चुकी है।

इस संवेदनशील मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाए जाने से भी जांच को गति मिली। अब पूरे इलाके में राहत और खुशी का माहौल है।

भागलपुर में बच्चों के लिए निःशुल्क हृदय जाँच शिविर 22 फरवरी को, मेदान्ता पटना के विशेषज्ञ करेंगे जांच

0

Bhagalpur News: शहर में बच्चों के हृदय रोग की समय पर पहचान और इलाज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निःशुल्क बाल हृदय रोग जाँच शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को भागलपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी गई। यह विशेष शिविर रविवार, 22 फरवरी को आईएमए हॉल, भागलपुर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

शिविर का आयोजन जय प्रभा मेदान्ता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना, इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) भागलपुर, जीवन जागृति सोसायटी, रोटरी भागलपुर और आरबीएसके के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में मेदान्ता पटना के विशेषज्ञ डॉक्टर बच्चों के हृदय रोग की निःशुल्क जांच करेंगे।

जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने बताया कि कई बच्चे जन्मजात या अन्य हृदय रोग से पीड़ित होते हैं, लेकिन समय पर जांच और उपचार नहीं मिलने से स्थिति गंभीर हो जाती है। शिविर का उद्देश्य ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें सही चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना है।

IAP के कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि यदि बच्चों में बार-बार सर्दी-खांसी, सांस लेने में दिक्कत, होंठों का नीला पड़ना, जल्दी थकान, वजन न बढ़ना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच करानी चाहिए।

डॉ. अनमोल आनंद ने कहा कि पहले से हृदय रोग से पीड़ित बच्चे अपने सभी मेडिकल दस्तावेज, इको रिपोर्ट, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र साथ लाएं। पंजीकरण के लिए 75497 38184 और 93861 15784 पर संपर्क किया जा सकता है।

भूगर्भ जल संरक्षण पर पटना में कार्यशाला, मंत्री संतोष कुमार सुमन ने रिचार्ज की अहमियत पर जोर दिया

0

Bihar News: जल ही जीवन है, लेकिन आज देश और बिहार के कई हिस्सों में जल संकट गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। इसी संदर्भ में लघु जल संसाधन विभाग की ओर से पटना स्थित तारामंडल सभागार में भूगर्भ जलस्तर के कृत्रिम पुनर्भरण और सतत भूजल प्रबंधन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर विभाग के मंत्री  संतोष कुमार सुमन ने कहा कि केवल जल का उपयोग नहीं, बल्कि उसे रिचार्ज करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार जल संकट को गंभीरता से देख रही है। वर्ष 2019-20 में शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान ने राज्य में जल संरक्षण और भूगर्भ जलस्तर रिचार्ज की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सूखाड़ क्षेत्रों में युद्धस्तरीय कार्यवाही की जानकारी दी और इंजीनियरों तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को वास्तविक उपयोगिता और भूजल संरक्षण की दृष्टि से लागू किया जाए।

कार्यशाला में लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने कहा कि बिहार कृषि प्रधान राज्य है और तीन फसल प्रणाली में सिंचाई पर अत्यधिक निर्भरता है। उन्होंने भूगर्भ जल की कम खपत वाली तकनीकों और फसलों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। दरभंगा और अन्य जिलों में लिफ्ट इरिगेशन की सफलताओं का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यशाला में एक्विफर पहचान, भूजल सम्भाव्यता आकलन, कृत्रिम पुनर्भरण तकनीक, जल संरक्षण उपाय, डेटा आधारित योजना निर्माण और सतत भूजल प्रबंधन पर विशेषज्ञों ने विस्तृत चर्चा की। सेंट्रल वॉटर बोर्ड के पूर्व सदस्य डॉ. दीपांकर साहा ने बताया कि अधिकांश राज्यों में दोहन के अनुपात में रिचार्ज नहीं हो रहा है, जिससे कई क्षेत्र क्रिटिकल श्रेणी में आ चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वैश्विक भूजल निष्कर्षण में भारत चीन और अमेरिका से आगे है और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

कार्यशाला में सीनियर अभियंता सुनील कुमार, क्षेत्रीय निदेशक राजीव रंजन शुक्ला, अपर सचिव संगीता कुमारी, एनआईटी पटना व आईआईटी पटना के प्रोफेसर और शोधकर्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने बिहार और अन्य राज्यों में भूगर्भ जल स्तर की वर्तमान स्थिति और रिचार्ज परियोजनाओं की सफलता का आंकलिक प्रस्तुतीकरण किया।

इस कार्यशाला ने यह स्पष्ट कर दिया कि भूगर्भ जल संरक्षण और कृत्रिम रिचार्ज बिहार के लिए केवल एक पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि भविष्य में कृषि, जल सुरक्षा और जीवनयापन की दिशा में निर्णायक कदम है। मंत्री संतोष कुमार सुमन ने सभी प्रतिभागियों को सतत भूजल प्रबंधन के कार्यों को तेजी से लागू करने और जनता को जागरूक करने का निर्देश दिया।

बिहार का लाल रविचंद शर्मा ने शार्क टैंक में दिखाया कमाल, स्टार्टअप को मिला 50 लाख का ऑफर

0

Bihar News: बिहार अब सिर्फ सिविल सर्विसेज और पारंपरिक उपलब्धियों के लिए ही नहीं, बल्कि नवाचार और स्टार्टअप क्षेत्र में भी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में सारण जिले के छपरा निवासी युवा उद्यमी रविचंद शर्मा ने अपनी कंपनी आरसीएक्स लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बिहार का परचम लहराया। रविचंद ने लोकप्रिय टीवी शो ‘शार्क टैंक’ में अपने इनोवेटिव लाइटिंग प्रोडक्ट और डिजिटल डिस्प्ले वर्क्स के लिए सभी निवेशकों को प्रभावित किया और स्टार्टअप को 50 लाख रुपये का आकर्षक निवेश ऑफर हासिल किया।

रविचंद शर्मा की कहानी प्रेरणादायक है। उनके पिता एक इलेक्ट्रिशियन थे और बचपन से ही लाइटिंग और जगमगाते प्रोजेक्ट्स ने रवि को अपनी ओर आकर्षित किया। स्कूल के दिनों में उनके लाइटिंग प्रोजेक्ट को चंडीगढ़ और कोलकाता में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पढ़ाई के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्टार्टअप और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठाया और अपने स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना देखा।

रवि ने बताया कि 2022 में उद्यमी योजना से ऋण मिलने के बाद उन्होंने अपने स्टार्टअप को पूरी ताकत से विकसित किया। अब उनका स्टार्टअप मुंबई से दुबई तक नई बिल्डिंग्स और टावरों को बुर्ज खलीफा जैसी लाइटिंग तकनीक के माध्यम से सस्ते और प्रभावशाली तरीके से रौशन कर रहा है।

शार्क टैंक में रविचंद के प्रोडक्ट की सभी मेंटर्स ने जमकर सराहना की और स्टार्टअप के उज्ज्वल भविष्य के लिए कीमती सलाहें दी। खासतौर पर बोट के फाउंडर अमन गुप्ता ने रविचंद शर्मा, रवि कुमार और प्रिंस कुमार को 50 लाख रुपये का निवेश ऑफर दिया। इस सफलता ने साबित कर दिया कि बिहार का स्टार्टअप इकोसिस्टम अब सिर्फ राज्य तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी उद्यमी और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना ने बिहार के युवाओं को स्टार्टअप की दुनिया में नई उड़ान दी है। आरसीएक्स की सफलता से यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार अब सिविल सर्विसेज का केंद्र नहीं, बल्कि इनोवेशन और स्टार्टअप हब बनता जा रहा है। स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि राज्य की छवि भी वैश्विक स्तर पर चमक रही है।

यह सफलता बिहार के युवा उद्यमियों और नवाचार की दिशा में एक नई मिसाल कायम करती है।

भागलपुर: कांग्रेस कैंप कार्यालय में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई

0

Bhagalpur News: भागलपुर के कांग्रेस कैंप कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद दिवस का आयोजन श्रद्धा एवं सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कार्यालय में किया गया, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने गांधीजी के आदर्शों और उनके जीवन दर्शन को याद किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान विचारधारा के प्रतीक थे।

अजीत शर्मा ने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी और मानवता के सिद्धांतों पर आधारित गांधीजी का जीवन आज भी संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह भी बताया कि गांधीजी ने बिना किसी हथियार के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व कर यह साबित किया कि नैतिक शक्ति किसी भी हिंसक प्रयास से कहीं अधिक प्रभावशाली होती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि गांधीजी के आदर्शों को अपनाकर समाज में शांति और सद्भाव फैलाना चाहिए।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके संघर्षों पर अपने विचार साझा किए। युवा कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के आदर्शों को आधुनिक समाज में लागू करने के तरीकों पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन गांधीजी के आदर्शों और उनके संदेश को जीवन में उतारने की प्रतिज्ञा के साथ किया गया।

भागलपुर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को यादगार बनाता है, बल्कि लोगों में सत्य, अहिंसा और नैतिकता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी देता है।