Crime News: बिहार के भागलपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अपराधियों ने पप्पू को निशाना बनाकर गोली मारी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सिटी एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
सिटी एसपी ने बताया कि वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा विधायक रोहित पांडे भी पहुंचे मौके पर
भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या ने एक बार फिर भागलपुर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट: आलोक कुमार झा, संवाददाता, भागलपुर


