Homeबिहारसमस्तीपुर को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 827 करोड़...

समस्तीपुर को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 827 करोड़ की 188 योजनाओं का किया उद्घाटन

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज समस्तीपुर जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 827 करोड़ रुपये की लागत से कुल 188 विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर से हुई, जहां विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में बने एमेनिटी भवन का उद्घाटन किया और जलपानगृह सह व्यायामशाला सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर स्थित स्मार्ट क्लासरूम, प्रोजेक्ट लैब, नेटवर्क लैब और भाषा प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना आज की आवश्यकता है। भाषा प्रयोगशाला में छात्रों द्वारा फ्रेंच और अंग्रेजी में किए गए स्वागत से मुख्यमंत्री काफी प्रभावित दिखे।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से समस्तीपुर जिले के लिए

  • 470 करोड़ रुपये की 71 योजनाओं का शिलान्यास,
  • 273 करोड़ रुपये की 74 योजनाओं का उद्घाटन,
  • 84 करोड़ रुपये की 43 योजनाओं का कार्यारंभ किया।

कार्यक्रम स्थल पर लगे स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल और विभिन्न विभागों के स्टॉल का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर 23,472 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को 437 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने वृद्धजन पेंशन योजना, सामाजिक पुनर्वास योजना, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान और निःशक्त जन विवाह प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत की। लाभार्थियों ने पेंशन राशि में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हकीमाबाद प्रखंड में निर्माणाधीन आरसीसी पुल-सह बाईपास सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें समस्तीपुर-दरभंगा पथ, मुक्तापुर रेलवे ओवरब्रिज, विभिन्न बाईपास सड़कों, उच्चस्तरीय पुलों, गाद उड़ाही और सड़क चौड़ीकरण योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
moderate rain
35.9 ° C
35.9 °
35.9 °
41 %
5.8kmh
97 %
Mon
36 °
Tue
41 °
Wed
42 °
Thu
41 °
Fri
39 °

Most Popular