पुलिस गिरफ्त से निकलते ही नदी में लगाई छलांग, तलाश में जुटी टीम; देसी कट्टा और कारतूस बरामद
Bhagalpur News: भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में हथियार के साथ गिरफ्तार एक आरोपी के पुलिस की पकड़ से निकलकर चांदन नदी की तेज धार में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश में पुलिस ने नदी किनारे काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोतहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव को पुलिस ने एक देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम आरोपी को लेकर चांदन नदी के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान संतोष यादव अचानक पुलिस की पकड़ से निकल गया और देखते ही देखते नदी की तेज धार में छलांग लगा दी।
आरोपी के नदी में कूदते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक पुलिसकर्मी ने भी उसे पकड़ने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन वह किसी तरह नदी से बाहर निकल आया। इसके बाद पुलिस टीम ने नदी के आसपास काफी देर तक आरोपी की तलाश की, लेकिन संतोष यादव का कोई पता नहीं चल पाया।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पुलिस टीम सादे लिबास में थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस संतोष यादव की तलाश में जुटी हुई है। नदी में उसकी तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद देसी कट्टा और कारतूस को जब्त कर लिया है। घटना के बाद पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है कि आखिर आरोपी पुलिस की पकड़ से कैसे निकल गया।


