Bhagalpur News: भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर आए तकनीकी संकट और मरम्मत कार्य के बीच एक तरफ जहां पूरा जिला प्रशासन, पुलिस महकमा और आम जनता हलकान है, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। सेतु पर आवागमन ठप होने के बाद सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए तैनात की गईं होमगार्ड की महिला जवान ऑन-ड्यूटी रील्स बनाने में मशगूल हैं। गंगा नदी में नाव के सफर के दौरान महिला जवानों का रील बनाने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुल टूटा तो नाव बनी सहारा, लेकिन जवानों के लिए बन गई ‘रील शूटिंग स्पॉट’
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद से ही गंगा के इस पार से उस पार जाने के लिए जिला प्रशासन ने नाव सेवा को मुख्य सहारा बनाया है। आम लोगों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नावों पर पुलिस और होमगार्ड के जवानों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है।
लेकिन, वायरल वीडियो ने दिखा दिया कि कुछ जवानों के लिए यह गंभीर ड्यूटी महज एक ‘मनोरंजन का साधन’ बन कर रह गई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दी पहने दो महिला होमगार्ड जवान नाव पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बजाय फिल्मी गानों पर रील्स के लिए पोज दे रही हैं और ठुमके लगा रही हैं।
खुद के सोशल मीडिया अकाउंट पर किया अपलोड, यूजर्स बोले- ‘ड्यूटी का तो सम्मान कीजिए’
सूत्रों के मुताबिक, मर्यादा और अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए इन महिला जवानों ने इस वीडियो को सिर्फ बनाया ही नहीं, बल्कि बकायदा अपने पर्सनल सोशल मीडिया अकाउंट पर रील के रूप में शेयर भी कर दिया।
जैसे ही यह वीडियो स्थानीय ग्रुप्स और प्लेटफॉर्म्स पर पहुंचा, यह आग की तरह फैल गया। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब पूरा जिला जाम और आवागमन के संकट से जूझ रहा है, तब वर्दी पहनकर इस तरह की लापरवाही अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है।
प्रशासनिक अमले में हड़कंप, क्या होगी कार्रवाई?
एक तरफ जहां विक्रमशिला सेतु की मरम्मत को लेकर प्रशासन चौतरफा दबाव में है, वहीं इस वीडियो के सामने आने के बाद विभाग की किरकिरी हो रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि हमारा न्यूज पोर्टल नहीं करता है, लेकिन वीडियो में दिख रही वर्दी और पृष्ठभूमि भागलपुर के वर्तमान हालात को बयां कर रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल भागलपुर जिला प्रशासन और होमगार्ड विभाग के आला अधिकारियों पर उठता है कि क्या ऑन-ड्यूटी इस तरह का रील शौक पालने वाले जवानों पर कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, या इसे महज एक मजाक समझकर छोड़ दिया जाएगा?


