Homeएजुकेशनसरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों से बेहतर बनाने का लक्ष्य

सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों से बेहतर बनाने का लक्ष्य

नाथनगर एसएस बालिका उच्च विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर कक्ष और आधुनिक प्रयोगशाला विकसित करने पर जोर

Bhagalpur News:  सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अब सिर्फ रंगाई-पुताई तक सीमित विकास नहीं होगा, बल्कि जरूरत के अनुसार स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी उद्देश्य को लेकर नाथनगर स्थित एसएस बालिका उच्च विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शैक्षणिक विकास, छात्राओं की नियमित उपस्थिति और बेहतर भविष्य की तैयारी को लेकर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआरडीए निदेशक (एनईपी) अमर कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, आधुनिक प्रयोगशाला और छात्राओं के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एसएस बालिका उच्च विद्यालय को भागलपुर जिले के बेहतर विद्यालयों में शामिल करना लक्ष्य है। इसके लिए केवल भवन और सुविधाओं का विकास ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ाई के माहौल, छात्राओं की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों को भी मजबूत करना जरूरी है।

अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नजर रखने की अपील

अमर कुमार मिश्रा ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षक अपनी जिम्मेदारी निभाएं और अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। दोनों के समन्वय से ही छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक का समय बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई की नींव मजबूत करने के साथ उन्हें आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी जोर

संगोष्ठी में बच्चों को शुरुआत से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया गया। इसके लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही गई। अधिकारियों का मानना है कि यदि विद्यार्थियों को स्कूल स्तर से ही सही मार्गदर्शन और अध्ययन का माहौल मिले, तो वे आगे चलकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य रोबिना अफरीन ने की। संगोष्ठी में शिक्षक, अभिभावक और छात्राएं मौजूद रहीं। मौके पर अमल कुमार, अजय मांझी, नवीश कुमार, राज किशोर कुमार, रूपम कुमारी, चंदा झा, मीणा कुमारी, प्रीति रानी, सुजाता कुमारी, मोनिका कुमारी, ज्योति कुमारी और पूनम कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे।

संगोष्ठी के माध्यम से सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
overcast clouds
28 ° C
28 °
28 °
59%
0.9m/s
98%
Fri
28 °
Sat
32 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
31 °

Most Popular