भागलपुर में सामाजिक समरसता की दिखी अनूठी तस्वीर, बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
Bhagalpur News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर भागलपुर में सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनशीलता की एक खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। जब जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव छठ की खुशियां बांटने शहर के वार्ड संख्या-21 स्थित महादलित मेहतर टोली, जोगसर पहुंचे। अधिकारियों ने न सिर्फ छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं, बल्कि बच्चों के साथ दीप जलाकर त्योहार की खुशियां भी साझा कीं।
इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से छठ पूजा की सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, बस्ती के बच्चों को अभ्यास पुस्तिका, पेंसिल बॉक्स, पठन-पाठन सामग्री, टॉफी, मिठाइयां और पटाखे दिए गए। बच्चों ने भी अधिकारियों के साथ दीप जलाए और आतिशबाजी कर पूरे उत्साह के साथ छठ पर्व मनाया। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर बच्चों की शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकन और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बस्ती के सर्वांगीण विकास और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा कि छठ का पावन पर्व लोगों के दिलों में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर में जब तक खुशियों का दीप नहीं जलेगा, तब तक छठ का पर्व अधूरा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन का संकल्प है कि जाति, धर्म, गरीबी या किसी भी तरह के अभाव के कारण कोई बच्चा शिक्षा और खुशियों से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने लोगों से सामाजिक भेदभाव मिटाकर आपसी प्रेम और एकजुटता के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की। साथ ही पर्व के दौरान सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की बात कही।


