Bhagalpur News: भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी सराय मोड़ के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसान मननदेव पंडित द्वारा एकत्रित किए गए मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार और तेज लपटें उठने लगीं।
आग की लपटें देख दौड़े ग्रामीण, मची भगदड़
चारे के ढेर से अचानक उठती ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास के किसानों और स्थानीय लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पीड़ित किसान मननदेव पंडित को दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और अपने स्तर से बाल्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग की भयावहता के आगे वे बेबस नजर आए।
1 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने स्थानीय निवासियों के सहयोग से करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक चारे का एक बड़ा हिस्सा जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं
आग किन कारणों से लगी, इसका स्पष्ट पता फिलहाल नहीं चल सका है। पीड़ित किसान मननदेव पंडित ने बताया कि इस अगलगी में उनके मवेशियों का चारा पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे उनके सामने पशुओं के पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


