पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप: गुप्त सूचना पर कार्रवाई, रामपुर खुर्द कॉलोनी से स्मैक, नकदी और वाहन जब्त
Crime News: भागलपुर पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर रामपुर खुर्द कॉलोनी से 49 ग्राम स्मैक, 11,000 रुपये नकदी और एक स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दिनांक 18/19 सितंबर 2026 की रात्रि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की रामपुर खुर्द कॉलोनी में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), भागलपुर के निर्देश, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-02) एवं मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी, खदेड़कर दबोचा
जब पुलिस टीम रामपुर खुर्द कॉलोनी पहुँची, तो पुलिस बल को देखकर कुछ लोग अचानक भागने लगे। सतर्क पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई और उनके घर पर खड़ी चार पहिया वाहन (स्कॉर्पियो) की तलाशी ली गई, तो वाहन से 49 ग्राम अवैध स्मैक, 11,000 रुपये नकद और 01 मोबाइल फोन बरामद हुआ।
बरामदगी का विवरण:
- स्मैक: 49 ग्राम
- नकदी: ₹11,000/-
- चार पहिया वाहन: 01 स्कॉर्पियो
- मोबाइल फोन: 01
गिरफ्तार अभियुक्त:
- विनोद साह (पिता- अर्जुन साह)
- रितिक कुमार (पिता- विनोद साह) (दोनों निवासी: रामपुर खुर्द, थाना- मधुसूदनपुर, जिला- भागलपुर)
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी:
- पु०अ०नि० सह-थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० सागर (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० सूरज कुमार (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० रामप्रसाद सिंह (मधुसूदनपुर थाना)
- पु०अ०नि० शिव कुमार राम (मधुसूदनपुर थाना)
- मधुसूदनपुर थाना के सशस्त्र बल
मामले में एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


