Homeभागलपुर सिटीभागलपुर में 18 व 21 जनवरी को होगी सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा, 21...

भागलपुर में 18 व 21 जनवरी को होगी सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा, 21 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होंगे 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी

भागलपुर। बिहार पुलिस अवर सेवा चयन आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पद की प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 18 जनवरी (रविवार) और 21 जनवरी (बुधवार) 2026 को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा केंद्र अधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि प्रथम पाली की परीक्षा 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। 18 जनवरी को कुल 8832 और 21 जनवरी को 8827 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

प्रशासन ने साफ किया है कि अभ्यर्थियों का प्रवेश समय सख्ती से निर्धारित रहेगा। प्रथम पाली के लिए सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। तय समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा और परीक्षा शुरू होने के बाद किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में शौचालय जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

कदाचार रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले में 22 स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, 12 गश्ती दल-सह-जोनल दंडाधिकारी और 6 उड़नदस्ता दल-सह-सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे तथा बायोमेट्रिक प्रणाली से अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और वीक्षक किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन नहीं रख सकेंगे। केवल विशेष परिस्थिति में केंद्राधीक्षक को कीपैड मोबाइल रखने की अनुमति होगी।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले केंद्र पर पहुंचें, नियमों का पालन करें और किसी भी तरह के अफवाह या अवैध गतिविधि से दूर रहें। प्रशासन का दावा है कि कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्था के बीच परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular