राष्ट्रीय रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर NSS का आयोजन, प्राचार्य ने रक्तदाताओं की सराहना कर कहा—स्वैच्छिक रक्तदान समाज सेवा का बड़ा कार्य
Bhagalpur News: राष्ट्रीय रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को मारवाड़ी महाविद्यालय, भागलपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और स्वयंसेवकों सहित कुल 17 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा, कॉमर्स विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आशुतोष दत्ता, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, सदर अस्पताल भागलपुर से आए मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज कुमार, डॉ. कृष्ण चंद्र प्रसाद सिंह तथा वी केयर के डॉ. मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
रक्तदान को बताया समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य
उद्घाटन के बाद प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती है और यह समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए सभी के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भी किया रक्तदान
शिविर की खास बात यह रही कि महाविद्यालय के दोनों कार्यक्रम पदाधिकारियों ने स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान किया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार और डॉ. रवि शंकर प्रसाद ने स्वैच्छिक रक्तदान कर अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा कॉमर्स विभाग के शिक्षक डॉ. सुनील कुमार साह, शिक्षक-कर्मचारी ऋतिक झा, इमरान अंजुम तथा स्वयंसेवकों अभिषेक, संतोष सिंघानिया, कृष्णा, अमन, सन्नी, सूर्या, मुराद अनवर और जाहिर सहित कुल 17 लोगों ने रक्तदान किया।
NSS स्वयंसेवकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में NSS स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिवसागर, प्रिंस (दर्शनशास्त्र), प्रिंस (गणित), कृष्णा, अमन और अभिषेक सहित अन्य स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।
राष्ट्रीय रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस शिविर ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों और युवाओं के बीच रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा जरूरतमंदों की मदद में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।


