Homeबिहारविकास मित्रों के लिए ऐतिहासिक पहल : एसबीआई और पीएनबी के साथ...

विकास मित्रों के लिए ऐतिहासिक पहल : एसबीआई और पीएनबी के साथ समझौता, कॉरपोरेट पैकेज से 9817 विकास मित्र होंगे लाभान्वित

पटना, 15 सितंबर: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार ने आज विकास मित्रों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। पटना स्थित अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय के सभागार में आयोजित भव्य समारोह में बिहार महादलित विकास मिशन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) एवं पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से राज्य के कुल 9817 विकास मित्रों को कॉरपोरेट पैकेज का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री  जनक राम ने की। इस अवसर पर सचिव, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, मिशन निदेशक, बैंक प्रतिनिधि, जिला कल्याण पदाधिकारी, क्षेत्रीय उपनिदेशक, जिला समन्वयक और बड़ी संख्या में विकास मित्र मौजूद रहे।

दोनों बैंकों के प्रतिनिधियों ने विशेष कॉरपोरेट पैकेज का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस पैकेज में बैंक खाते के साथ बीमा, स्वास्थ्य लाभ, सामूहिक जीवन बीमा, आकस्मिक दुर्घटना बीमा, मृत्यु उपरांत बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएँ शामिल हैं। उपस्थित अतिथियों ने इसे विकास मित्रों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

माननीय मंत्री  जनक राम ने इस अवसर को विकास मित्रों के लिए “सुनहरा अवसर” बताते हुए मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के विकास के लिए कार्य कर रही है। विकास मित्र इन समुदायों तक सरकारी योजनाओं को पहुँचाने में अहम कड़ी हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक सुरक्षा और अतिरिक्त सुविधाएँ देने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह से कार्य करेंगे। मंत्री ने उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं श्री विजय कुमार सिन्हा का भी धन्यवाद किया।

समारोह में आगे की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए सचिव ने निर्देश दिया कि 27 सितंबर से सभी प्रखंडों में कैंप आयोजित कर विकास मित्रों के खातों को इस पैकेज से जोड़ा जाएगा। अंत में मिशन निदेशक ने सभी अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और मीडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि यह पहल अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के सशक्तिकरण को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular