Patna News: बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने पटना जिले के मनेर और सारण जिले के दिघवारा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांव पहुंचकर जमीनी हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पानी में डूबी फसलों एवं गांवों की स्थिति को देखा। इसके बाद दोनों नेता ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। ग्रामीणों ने सड़क को ऊंचा करने, नई सड़क बनाने तथा बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग रखी। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र में इस बार काफी गंभीर बाढ़ आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 की तुलना में इस बार करीब एक फीट अधिक पानी देखने को मिला है। केले और मक्के सहित कई फसलें पानी में डूबकर खराब हुई हैं। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं और फसल, मकान तथा पशुओं को भी नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटी हुई है। राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के तौर पर 7 हजार रुपये की अंतरिम अनुदान राशि देना शुरू किया गया है। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद किसानों और अन्य प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार की ओर से बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भेजी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में केंद्र सरकार बिहार सरकार के साथ खड़ी है और राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं और एक अन्य केंद्रीय दल भी क्षति का विस्तृत आकलन करने के लिए आएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को अंतरिम सहायता के रूप में 7 हजार रुपये की राशि देना शुरू कर दिया है। क्षति का विस्तृत और सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों एवं अन्य प्रभावित लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बिहार पहुंची है और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। उन्होंने केंद्रीय टीम द्वारा किए जा रहे निरीक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मुंगेर और भागलपुर समेत अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी।
राहत व्यवस्था का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सुविधाएं, नावों का परिचालन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
बाढ़ में चार लोगों की जान बचाने वाले विशाल कुमार सम्मानित
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ के दौरान अपने गांव के चार लोगों की जान बचाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उसके साहस और मानवीय पहल की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान विधायक अवधेश सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


