Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक अनूठी मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास ‘लोक सेवक आवास 1, अणे मार्ग’ से बिना किसी लाव-लश्कर और बिना गाड़ी के पैदल चलकर मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित अपने कार्यालय पहुंचे।
बिना तामझाम के निपटाया सरकारी कामकाज
अमूमन वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़कों पर दिखने वाला भारी सुरक्षा घेरा और गाड़ियों का काफिला आज नदारद था। मुख्यमंत्री एक आम नागरिक की तरह पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे और वहां पहुंचते ही निर्धारित सरकारी कार्यों के निपटारे में जुट गए। उनके इस सादगीपूर्ण कदम ने सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अचंभित कर दिया।
पीएम मोदी के आह्वान को बनाया अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘एनर्जी सिक्योर’ (ऊर्जा सुरक्षित) राष्ट्र बनाने के लिए पेट्रोल-डीजल की बचत का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री इस पहल का स्वयं पालन कर रहे हैं और उन्होंने मंत्रियों, पदाधिकारियों, कर्मियों और आम जनता से भी आग्रह किया है कि सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ जरूर मनाएं।
मुख्यमंत्री का संदेश: “पर्यावरण और जेब दोनों के लिए हितकारी”
मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया के माध्यम से राज्यवासियों से अपील की:
”प्रधानमंत्री जी का आग्रह दूरदर्शी है। अगर हम पेट्रोल-डीजल की खपत में संयम बरतेंगे, तो न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि हमारा पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। मैं राज्यवासियों से अपील करता हूँ कि इस मुहिम से जुड़ें।”


