Homeएजुकेशनमुख्यमंत्री ने किया एमडीसी एवं बालिका छात्रावास का उद्घाटन, छात्राओं को मिलेगा...

मुख्यमंत्री ने किया एमडीसी एवं बालिका छात्रावास का उद्घाटन, छात्राओं को मिलेगा बेहतर आवास व प्रशिक्षण की सुविधा

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान, पटना परिसर में नवनिर्मित प्रबंधन विकास केंद्र (एम०डी०सी०) और बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट अनावरण और फीता काटकर दोनों भवनों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भवनों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि संस्थान का नया प्रबंधन विकास केंद्र प्रशिक्षण संबंधी जरूरतों को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करेगा। वहीं, बालिका छात्रावास के निर्माण से छात्राओं को रहने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके पठन-पाठन में सहूलियत होगी।

इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री  सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं संस्थान के निदेशक डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव  अनुपम कुमार और  कुमार रवि, बी०एस०ई०आई०डी०सी० की प्रबंध निदेशक श्रीमती इनायत खान, पटना के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० समेत कई वरीय अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

गौरतलब है कि ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान की स्थापना वर्ष 1973 में हुई थी। यहां वर्तमान में प्रबंधन एवं कम्प्यूटर के कुल 10 कोर्स संचालित हो रहे हैं, जिनमें 1600 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित हैं।

नव स्थापित प्रबंधन विकास केंद्र (एमडीसी) में 26 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें 52 व्यक्तियों के रहने की व्यवस्था है। साथ ही प्रशिक्षण हॉल और डायनिंग हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस भवन के निर्माण पर 4 करोड़ 99 लाख 97 हजार 400 रुपये की लागत आई है।

वहीं, छात्राओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संस्थान में वातानुकूलित बालिका छात्रावास का निर्माण एवं उन्नयन भी किया गया है। इसमें दो ब्लॉक शामिल हैं, जिनमें 40 कमरे और 8 हॉल हैं। इस छात्रावास में कुल 168 छात्राओं के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके निर्माण पर भी लगभग 4 करोड़ 99 लाख 97 हजार 400 रुपये की लागत आई है।

इस उद्घाटन के साथ ही संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधा सुनिश्चित हो सकी है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular