Homeबिहारमौसम के कारण टला मुख्यमंत्री का भागलपुर दौरा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बाढ़...

मौसम के कारण टला मुख्यमंत्री का भागलपुर दौरा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा

भागलपुर: खराब मौसम के चलते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भागलपुर दौरा रद्द हो गया। मुख्यमंत्री बुधवार को भागलपुर आकर बाढ़ राहत कार्यों का सीधा निरीक्षण करने वाले थे, लेकिन मौसम की प्रतिकूलता के कारण वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यहां नहीं पहुंच पाए। इसके स्थान पर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर के समीक्षा भवन में आयोजित बाढ़ राहत समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार, जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, राहत कार्यों की प्रगति और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को समय पर राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार ने आश्वस्त किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी को भी आवश्यक सहायता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं, जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिले के सभी बाढ़ राहत शिविरों में सुबह और शाम दोनों समय पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य टीम और आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित आश्रय, स्वच्छ पानी और स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराई जाएं।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। मुख्यमंत्री ने जल्द ही मौसम सुधरने पर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने की भी बात कही।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular