सन्हौला की रिंकू देवी से हुई साइबर ठगी के मामले में भागलपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बबरगंज के बागबाड़ी से दबोचा गया मुख्य आरोपी नितिश कुमार।
Bhagalpur News: भागलपुर साइबर थाना पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक विधवा महिला के बैंक खाते से 1 लाख 54 हजार रुपये उड़ाने वाले शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र की रहने वाली रिंकू देवी (पति- स्व. गंगा साह) ने साइबर थाना भागलपुर में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों ने उन्हें ठगी का शिकार बनाकर उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 1,54,000 (एक लाख चौवन हजार) रुपये की अवैध निकासी कर ली है।
महिला की शिकायत के आधार पर भागलपुर साइबर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत कांड सं0-49/26 दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), भागलपुर के निर्देशानुसार, नगर पुलिस अधीक्षक (SP City) की निगरानी और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) साइबर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने पीड़िता द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों, संबंधित बैंक खातों और वेबसाइट्स का गहन तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) शुरू किया।
बबरगंज के बागबाड़ी से हुआ गिरफ्तार
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि इस ठगी कांड में शामिल शातिर अपराधी बबरगंज थाना क्षेत्र के बागबाड़ी महेशपुर इलाके में सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।
- गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान: नितिश कुमार (पिता- स्व. ललन सिंह), साकिन- बागबाड़ी महेशपुर, थाना- बबरगंज, जिला- भागलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की छापेमारी कर रही है।
पूर्व में भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस कांड में शामिल एक अन्य अपराधी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
- पु.अ.नि. रितु कुमारी (अनुसंधानकर्ता), साइबर थाना भागलपुर
- पु.अ.नि. सन्नी कुमार, साइबर थाना भागलपुर
- सि./1767 कृष्ण मोहन सिंह, साइबर थाना भागलपुर
- सि./2076 मो. सोहेल, साइबर थाना भागलपुर
तकनीकी टीम (Technical Team):
- सि./230 धर्मेन्द्र कुमार, साइबर थाना भागलपुर
- सि./157 अमरेश कुमार राज, साइबर थाना भागलपुर


