Bhagalpur News: भागलपुर शहर में बढ़ती छीना-झपटी की घटनाओं के बीच लोहियापुल पर एक बड़ी वारदात मां की सतर्कता और लोगों की तत्परता से टल गई। यहां एक बच्चे के गले से चांदी का चकता (लॉकेट) छीनने की कोशिश की गई, लेकिन पीड़िता की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों तथा ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। बाद में उसे कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीड़िता मनीसा कुमारी, जो नाथनगर के भीमकित्ता इलाके की निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ खरीदारी करने शहर आई थीं। बाजार से लौटते समय जब वे लोहियापुल से गुजर रही थीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने अचानक उनके बेटे के गले में पहना चांदी का चकता खींचने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से बच्चा घबरा गया और रोने लगा।
मनीसा कुमारी ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना का एहसास हुआ, उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। इसी बीच स्टेशन चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने भी तेजी दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ और पुलिस की सक्रियता के कारण वह सफल नहीं हो सका।
मौके से ही ट्रैफिक पुलिस ने कोतवाली थाना को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पीड़िता ने कहा कि अगर समय रहते वह आवाज नहीं लगातीं, तो उनके बच्चे के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों का आभार जताया, जिनकी मदद से आरोपी को पकड़ा जा सका। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेला था या किसी गिरोह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
लोहियापुल पर बच्चे के गले से चेन छीनने की कोशिश नाकाम, मां की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
भागलपुर के व्यस्त लोहियापुल पर दिनदहाड़े छीना-झपटी की कोशिश; मां की चीख सुनते ही जुटी भीड़ और ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी को दबोचा, कोतवाली थाना पुलिस को सौंपा
RELATED ARTICLES

