
Bhagalpur News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बिहार और झारखंड से आए हजारों श्रद्धालु सुबह से ही उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र डुबकी लगाकर भगवान शिव के शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करते नजर आए। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपने परिवार और जीवन में सुख-शांति की कामना की। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में गंगा घाट, अजगैविनाथ मंदिर परिसर और पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी लगातार जारी है। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
हर-हर महादेव!




