Bhagalpur News: भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर दुलदुलिया मोड़ के समीप कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शैलेश कुमार पीरपैंती में निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में तारा चांद कंपनी के साथ मैकेनिक के रूप में कार्यरत था। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार में फंसे थे घायल, स्थानीय युवाओं ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पीरपैंती बाजार के कुछ युवाओं ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे।
पुलिस और स्थानीय युवाओं ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में शैलेश कुमार भी कार के अंदर फंस गया था। काफी प्रयास के बाद उसे भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पांच घायलों को मायागंज अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान गोविंद कुमार, प्रमोद चौहान, राजकिशोर, राकेश झा और माधव के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी पांच घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, मृतक शैलेश कुमार के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पावर प्लांट से क्वार्टर लौट रहे थे सभी
घायल माधव के अनुसार, सभी लोग पावर प्लांट से काम खत्म करने के बाद अपने क्वार्टर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुलदुलिया मोड़ के पास अचानक कार हादसे का शिकार हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें भी नहीं है।
हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार अनियंत्रित होने की वजह क्या थी।
पुलिस ने सड़क से हटाई क्षतिग्रस्त कार
पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कर दिया गया है, जिससे मुख्य सड़क पर आवागमन को सुचारु रखा जा सके।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। हादसे में एक युवक की मौत से उसके परिजनों और सहकर्मियों में मातम का माहौल है।


