गोनूधाम पूजा से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, पीछे से कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर; पुलिस ने चालक को पकड़कर वाहन किया जब्त
Bhagalpur News: जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सन्हौला मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और एक अन्य महिला घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों बाइक से पूजा कर वापस अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव निवासी राकेश पोद्दार की पत्नी वंदना देवी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में उनके पुत्र गुरुदेव पोद्दार और सुदामा देवी घायल हुए हैं।
पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार तीनों लोग रजौन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने बाइक में धक्का मार दिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में वंदना देवी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा। मौके से कुछ दूरी पर पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस बलों ने पीछा कर कंटेनर को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
अस्पताल पहुंचते ही मचा कोहराम
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने वंदना देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज कराया गया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि वंदना देवी अपने बेटे और गांव की एक अन्य महिला के साथ गोनूधाम पूजा के लिए गई थीं। पूजा के बाद घर लौटने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार, कंटेनर जब्त
सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।
हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


