सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग की त्वरित कार्रवाई; पटना डीएम की देखरेख में उड़ा चॉपर, सारण के बाढ़ पीड़ितों तक पहुँचेगी तत्काल मदद
Patna News: बिहार में बाढ़ की विभीषिका से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुँचाने के लिए राज्य सरकार पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद आपदा प्रबंधन विभाग ने हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुँचाने (Air-dropping) का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सारण (छपरा) जिले के अत्यंत प्रभावित पानापुर प्रखंड में सूखे राशन के पैकेट गिराने के लिए पटना स्थित स्टेट हैंगर से वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी।
पटना डीएम ने खुद संभाला मोर्चा, अधिकारियों की मौजूदगी में उड़ा हेलीकॉप्टर
राहत सामग्री के सुरक्षित और सटीक वितरण के लिए पटना के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार खुद स्टेट हैंगर पर मौजूद रहे। उन्होंने एयरड्रॉप से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं, राशन पैकेट्स की लोडिंग और उड़ान की तैयारियों का स्वयं निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया।
मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल के दिशा-निर्देशों के तहत विभाग के संयुक्त सचिव श्री अविनाश कुमार तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर डटे रहे और पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।
मांग बढ़ते ही गोरखपुर से तुरंत मंगवाया गया दूसरा हेलीकॉप्टर
सारण जिले में बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, सारण द्वारा गुरुवार को अतिरिक्त राशन पैकेट्स की तत्काल मांग की गई। स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने त्वरित कदम उठाया और गोरखपुर से एक और हेलीकॉप्टर मंगवाया गया। इस अतिरिक्त चॉपर के माध्यम से भी जरूरतमंद परिवारों के लिए आवश्यक खाद्य पैकेट्स एयरड्रॉप किए जा रहे हैं।
आपदा पीड़ितों की मदद के लिए संकल्पित है सरकार
आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में हर बाढ़ पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित क्षेत्रों में सूखा राशन, पीने का पानी, ओ०आर०एस० और जीवन रक्षक सामग्रियों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सरकार बाढ़ प्रभावितों तक त्वरित राहत पहुँचाने के लिए पूरी तत्परता और युद्धस्तर पर काम कर रही है।


