Homeभागलपुर सिटीनवगछिया में मकई खेत से बरामद हुआ युवती का शव, इलाके में...

नवगछिया में मकई खेत से बरामद हुआ युवती का शव, इलाके में सनसनी

Bhagalpur News: नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुवा ढाला के पास सोमवार सुबह एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आरती कुमारी (19 वर्ष), पिता किशोरी मंडल, निवासी ग्राम चापर दियारा, पोस्ट चापर, थाना रंगरा के रूप में हुई है।

फॉर्म भरने के लिए निकली थी, लौटी नहीं घर

जानकारी के अनुसार, आरती कुमारी 30 मई को दोपहर करीब 1 बजे फॉर्म भरने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक घर वापस न आने पर परिजनों ने चिंतित होकर उसी रात रंगरा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

मकई के खेत से मिली दुर्गंध, हुआ खुलासा

5 जून की सुबह जब मजदूर खेत में फसल काटने पहुंचे तो उन्हें मकई के खेत से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखा तो झाड़ियों के बीच एक युवती का शव सड़ा-गला अवस्था में पड़ा था। मजदूरों के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

शव के पास मिली साइकिल और दस्तावेज

घटनास्थल से आरती की साइकिल, आधार कार्ड और कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इससे उसकी पहचान की पुष्टि हो सकी। शव की हालत देखकर परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए हैं। नवगछिया अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतका के परिजनों ने रंगरा थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद आरती की जान बचाई जा सकती थी।

बाइट्स:

आलोक कुमार (मृतिका का भाई) – “हमने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर पुलिस समय पर हरकत में आती तो आज हमारी बहन जिंदा होती।”

ममता देवी (मृतिका की मां) – “मेरी बेटी बहुत सीधी थी। न जाने किसने उसके साथ ये दरिंदगी की। हमें न्याय चाहिए।”

चंदन कुमार (मृतिका का छोटा भाई) – “दीदी घर से फॉर्म भरने निकली थी। अब सिर्फ उसकी यादें रह गई हैं। दोषियों को कड़ी सज़ा मिले।”

पुलिस का बयान प्रतीक्षित

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular