Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से 9 मार्च से 10 मार्च तक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं।
अभियान के दौरान कुल 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें विभिन्न कांडों में संलिप्त 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा लूट कांड में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी भी पुलिस ने की है।
शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि 6 लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। वहीं पुराने मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 36 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं। बरामदगी में एक मार्केट राइफल, 19 जिंदा कारतूस, 8 खोखा, 10 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो गैस चूल्हा, दो सिलेंडर और 9400 रुपये नकद शामिल हैं।
इसके साथ ही पुलिस ने मादक पदार्थ और अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस दौरान 0.75 लीटर विदेशी शराब और 27 लीटर देशी शराब बरामद की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 1110 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियम तोड़ने वालों से 1 लाख 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
भागलपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


