Homeबिहारसुंदरपुर बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, एनटीपीसी उद्घाटन से पहले प्रशासन...

सुंदरपुर बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, एनटीपीसी उद्घाटन से पहले प्रशासन सख्त

भागलपुर/पीरपैंती: पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र के सुंदरपुर बाजार में सोमवार को नगर प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह कार्रवाई आगामी 15 सितंबर को एनटीपीसी के उद्घाटन को देखते हुए की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के आने की संभावना है। सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का सख्त कदम उठाया।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में उल्टा पुल से लेकर स्टेशन चौक तक अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य सड़क पर बने अस्थायी और स्थायी दोनों तरह के अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन ने बुलडोजर का इस्तेमाल करते हुए कई दुकानों के आगे बढ़े शेड और सड़क तक फैले निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद मुख्य सड़क पर जगह खाली हुई और लंबे समय से लगने वाली जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिली।

पूनम कुमारी ने बताया कि एनटीपीसी उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक जगहों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दी थी, जिसके बावजूद कई दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने में लापरवाही बरती। अंततः मजबूरी में प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

अभियान के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। वाहन चालकों ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात सुचारु हुआ है और बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इसी तरह लगातार कार्रवाई करेगा, ताकि स्थायी रूप से अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा मिल सके।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने आगे बताया कि प्रशासन का अगला अभियान शेरमारी चौक से लेकर अस्पताल मोड़ तक चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि बड़े कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह गंभीर है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular