Bhagalpur News: जगदीशपुर थाना परिसर में शनिवार को आगामी होली पर्व को लेकर शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष रामचंदर सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के मुखिया, सरपंच, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान क्षेत्र में शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि होली के अवसर पर डीजे साउंड के उपयोग पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी, ताकि तेज आवाज और अशांति की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग नहीं लगाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जबरदस्ती, हुड़दंग या विवाद की स्थिति पैदा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भोजपुरी अश्लील गानों के बजाने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। थाना अध्यक्ष ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का पर्व है, इसे मर्यादा और आपसी सम्मान के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में पुलिस की विशेष गश्त और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जगदीशपुर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रोक और जबरन रंग लगाने पर सख्ती
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण होली के लिए प्रशासन सतर्क, अश्लील गानों और हुड़दंग पर रहेगी नजर
RELATED ARTICLES

