Homeभागलपुर सिटीअब प्रखंड और अंचल कार्यालयों की सफाई का जिम्मा जीविका दीदियों के...

अब प्रखंड और अंचल कार्यालयों की सफाई का जिम्मा जीविका दीदियों के हाथ, 80 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सभी 16 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों की साफ-सफाई का दायित्व अब जीविका दीदियाँ निभाएंगी। इस निर्णय से न केवल सरकारी कार्यालयों की स्वच्छता सुनिश्चित होगी, बल्कि 80 से अधिक जीविका दीदियों को स्थानीय स्तर पर स्थायी रोजगार का अवसर भी मिलेगा। यह निर्णय महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा उठाई गई मांगों के बाद लिया गया है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और ठोस कदम साबित हुआ है।

ग्रामीण महिलाएं अब बना रही हैं अपनी पहचान
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री सुनिर्मल गरेन ने जानकारी दी कि वर्तमान में भागलपुर जिले की 97 जीविका दीदियाँ सदर अस्पताल, नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल अस्पतालों सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति आवासीय विद्यालयों में साफ-सफाई कार्य से जुड़ी हैं। उनके कार्य से इन परिसरों में स्वच्छता की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है।

अब यह पहल और आगे बढ़ाते हुए जिले के सभी 16 प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी साफ-सफाई का जिम्मा जीविका दीदियों को सौंपा जाएगा, जिससे कम से कम 80 नई महिलाओं को नियमित आय का साधन प्राप्त होगा। इसके साथ ही संकुल स्तरीय संघों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

महिला संवाद से बन रही नीतियाँ
आज जिले के 30 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके साथ ही अब तक कुल 1010 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इन कार्यक्रमों में 2 लाख 16 हजार से अधिक महिलाएं भाग ले चुकी हैं। महिला संवाद के माध्यम से महिलाएं अपने गांव, परिवार और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात कर रही हैं और योजनाओं के लाभ साझा कर अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं।

महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली है, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular