Homeभागलपुर सिटीनीट पास छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, एम्स में नामांकन न...

नीट पास छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, एम्स में नामांकन न होने से था अवसाद में

Bhagalpur News: शहर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां नीट (NEET) परीक्षा पास करने वाले 18 वर्षीय छात्र ने गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंश उर्फ तनिष्क कुमार, पिता अमित रंजन (रेलकर्मी, पोस्टिंग जमालपुर) के रूप में हुई है। यह घटना सिकंदरपुर अहमद अली लेन की है।

घर में अकेला था अंश, लौटने पर दिखा भयावह दृश्य

घटना रविवार दोपहर की है जब अंश के माता और चाचा सब्जी लेने बाजार गए हुए थे। घर में अकेले मौजूद अंश ने कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी लगा ली। जब परिजन लौटे और दरवाजा बंद पाया, तो उन्होंने कई बार आवाज दी। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जिसके बाद अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए – अंश फंदे से झूल रहा था।

परिजन उसे तत्काल मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को घर लाने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी मोजाहिदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मेधावी था छात्र, नहीं मिल पाया मनचाहा संस्थान

पड़ोसियों और परिजनों ने बताया कि अंश पढ़ाई में बेहद होनहार था और उसने नीट की परीक्षा सफलतापूर्वक पास की थी। हालांकि, रैंक अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाने के कारण उसका एडमिशन एम्स या अन्य शीर्ष मेडिकल संस्थानों में नहीं हो पाया, जिससे वह गहरे अवसाद में चला गया था।

अकेलापन और मानसिक दबाव बना आत्महत्या की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक अंश बीते कुछ समय से बेहद चुपचाप और अलग-थलग रहने लगा था। वह न तो किसी से बात करता था, न ही पहले जैसी सक्रियता दिखाता था। परिवार के अनुसार, वह अपने लक्ष्य को लेकर बेहद गंभीर था और एम्स में एडमिशन न मिलना उसे अंदर से तोड़ गया था।

पुलिस जांच में जुटी, परिजन सदमे में

घटना की सूचना मिलते ही मोजाहिदपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने मौके की जांच की है और पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, अंश की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular